Viral Post Lala

Viral Post Lala VIRAL POST लाला
(1)

28/08/2026

*झिंझरी पुलिस की बड़ी सफलता: हाईवे पर डीजल चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 225 लीटर डीजल सहित चोरी में प्रयुक्त सामग्री बरामद*

पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक सुश्री शिवा पाठक एवं थाना प्रभारी माधवनगर शैलेन्द्र सिंह यादव के पर्यावेक्षण में चौकी झिंझरी पुलिस ने एनएच-30 हाईवे पर ट्रक से डीजल चोरी की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

*घटना का विवरण* - दिनांक 26.08.2026 को फरियादी चालक सुरेश कुमार खरोल ने थाना माधवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 25-26.08.2026 की दरमियानी रात वह अपना ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 32 GD 5722 जायसवाल ढाबा, पिपरौंध के सामने खड़ा कर ट्रक में सो गया था। सुबह करीब 05 बजे उठने पर ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा हुआ मिला तथा अज्ञात चोरों द्वारा डीजल चोरी किया जाना पाया गया। फरियादी ने रात के समय ट्रक के आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, जिसका नंबर MP 21 से शुरू होना बताया, को घूमते हुए भी देखा था। रिपोर्ट पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकी झिंझरी पुलिस ने तत्काल मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तथा सायबर सेल कटनी से तकनीकी सहयोग प्राप्त किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन निवासी ग्राम पिपरौंध, थाना माधवनगर, जिला कटनी के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ी मिली।
गोदाम की तलाशी लेने पर पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:09 डिब्बों में लगभग 225 लीटर डीजल ,डीजल निकालने का पाइप मय इंस्ट्रुमेंट, डीजल भरने एवं निकालने की 02 बड़ी चुंगी, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर जप्त की।

पूछताछ में आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन ने डीजल चोरी की घटना में अपना अपराध स्वीकार किया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

*अन्य घटनाओं के खुलासे की संभावना* - पुलिस जांच में आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी के अपराधों में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पूछताछ से डीजल चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है। प्रकरण में विवेचना जारी है।

*सराहनीय भूमिका* - उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय एवं सायबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
SP KATNI

*त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा*कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान*कटनी, ...
24/08/2026

*त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा

*कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग का सघन अभियान

*कटनी, माधवनगर, बरही और ढीमरखेड़ा में मिठाई, खोया, दूध एवं अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए

कटनी - रक्षाबंधन पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा कटनी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई, खोया, दूध, घी, पनीर सहित त्योहारी सीजन में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री के प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण कर नमूने संग्रहित किए जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय गुप्ता ने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*मिठाई और दुग्ध उत्पादों पर विशेष नजर*

अभियान के दौरान सिद्धि विनायक स्वीट्स, बरही से मगज लड्डू एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। वहीं साक्षी स्वीट्स, माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद एवं खोया तथा बॉम्बे स्वीट्स, माधवनगर से काजू कतली, कलाकंद एवं खोया के नमूने संग्रहित किए गए।

कटनी स्थित खोवा मंडी के महावीर खोवा भंडार एवं मुन्ना खोवा भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां से खोया, मिल्क केक, घी, कलाकंद एवं पनीर के नमूने लिए गए। इसी प्रकार गुप्ता खोया भंडार, सिल्वर टॉकीज, कटनी से घी, खोया एवं पनीर तथा महावीर दूध भंडार से घी, कुंदा पेड़ा एवं नारियल बर्फी के नमूने संकलित किए गए।

*ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचा जांच अभियान*

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित न रहते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। बरही के सिद्धिविनायक होटल से मगज लड्डू एवं मिल्क केक तथा ढीमरखेड़ा क्षेत्र से रसगुल्ला एवं सोनपापड़ी के नमूने संग्रहित किए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है।

*दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता के निर्देश*

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री के निर्माण में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

*जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई*

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी साहू ने बताया किखाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संकलित नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाएगा। यदि किसी नमूने में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य त्योहारी अवसर पर नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

#न्यूज़







#कटनी

*बैलटघाट में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल**कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस जांच में जुटी*कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के...
24/08/2026

*बैलटघाट में चाकूबाजी, युवक गंभीर घायल*
*कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस जांच में जुटी*
कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के बैलटघाट इलाके में शनिवार को चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित सिंह राठौड़ का किसी बात को लेकर सचिन निषाद से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान सचिन निषाद ने रोहित पर चाकू से वार कर दिया। चाकू युवक की जांघ में लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल रोहित को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। घायल युवक के मुताबिक, आरोपी सचिन निषाद पूर्व में भी उससे विवाद करता रहा है और पैसों की मांग करता था।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों की जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

SP KATNI


*हिरवारा में अवैध मदिरा के ठिकाने पर आबकारी विभाग की कार्रवाई**रिहायशी मकान में दबिश देकर 31.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त, 19 ...
22/08/2026

*हिरवारा में अवैध मदिरा के ठिकाने पर आबकारी विभाग की कार्रवाई*
*रिहायशी मकान में दबिश देकर 31.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त, 19 हजार 500 रुपये की अवैध शराब बरामद*
कटनी / जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी अमले ने ग्राम हिरवारा में दबिश देकर अवैध रूप से संग्रहित 31.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त की है। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 19 हजार 500 रुपये है।
अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिले में आबकारी विभाग द्वारा लगातार गश्त और संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में आबकारी वृत्त कटनी क्रमांक-03 अंतर्गत ग्राम हिरवारा में कार्रवाई की गई। आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मंशाराम उइके के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने राहुल गुप्ता आत्मज जगदीश प्रसाद गुप्ता, उम्र 36 वर्ष, निवासी हिरवारा, थाना एन.के.जे. के रिहायशी मकान पर दबिश दी।
*अलग-अलग ब्रांड की मदिरा मिली*
दबिश के दौरान टीम को मौके से 86 पाव देशी मदिरा, 39 पाव विदेशी मदिरा गोवा व्हिस्की, 8 बोतल विदेशी मदिरा गोवा जिन तथा 6 केन विदेशी मदिरा माउंट बियर मिली। कुल 31.5 बल्क लीटर मदिरा को विधिवत जब्त कर लिया गया।
मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
*अवैध कारोबारियों पर लगातार नजर*
जिले में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। विभागीय अमले द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सघन गश्त की जा रही है। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन अथवा विक्रय की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रवीण रतन बरकड़े, आबकारी उपनिरीक्षक आंचल प्रजापति, सीमा देवी कोल सहित आबकारी विभाग का अन्य अमला शामिल रहा।
Collector Office Katni

*शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आया युवक, शव कुएं में छिपाया**कुठला पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल*...
22/08/2026

*शिकार के लिए बिछाए करंट की चपेट में आया युवक, शव कुएं में छिपाया*
*कुठला पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल*
कटनी। जंगली जानवरों के शिकार के लिए जंगल में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत के मामले में कुठला पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घटना को छिपाने के लिए युवक के शव को जंगल में स्थित एक पुराने सूखे कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की तार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की रात ग्राम करहैया निवासी साहिल वासुदेव (18) की करंट लगने से मौत हो गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मृत्यु बिजली का करंट लगने से होने की पुष्टि हुई।
मर्ग जांच के दौरान साक्षियों से पूछताछ तथा संदेही प्रकाश कोल के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर घटना का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि 17 अगस्त की शाम प्रकाश कोल, रोशन कोल, रूपेश बर्मन और साजन बर्मन ने जंगली जानवरों के शिकार की योजना बनाई थी। इसके बाद वे बडेरी भटिया जंगल पहुंचे, जहां रोशन कोल ने लोहे की तार को लकड़ी की खूंटियों के सहारे जमीन से करीब एक फीट ऊपर लगाया और उसे जंगल के पास से गुजर रहे बिजली के तार से जोड़ दिया।
रात करीब दो बजे आरोपी शिकार देखने जंगल पहुंचे तो वहां साहिल वासुदेव करंट की चपेट में मृत अवस्था में मिला। घटना सामने आने के बाद आरोपियों ने मामले को छिपाने के उद्देश्य से शव को उठाकर जंगल में स्थित पुराने सूखे कुएं में डाल दिया। घटना में प्रयुक्त लोहे की तार को शिव मंदिर के पीछे झाड़ियों में छिपा दिया गया था, जिसे पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर बरामद कर लिया।
मामले में थाना कुठला में अपराध क्रमांक 743/26, धारा 105, 238(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस ने मामले में राजकुमार उर्फ कुंचु उर्फ किश्शु कोल (27), रोशन कोल (25), रूपेश बर्मन (27), साजन बर्मन (22) और प्रकाश कोल (32), सभी निवासी कन्हवारा थाना कुठला, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल यादव, प्रधान आरक्षक ताहिर खान, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक मनोज सिंह, विजय प्रजापति, बुद्धू कुमार, अभय यादव सहित पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
SP KATNI

Address

Bahuriband
483501

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Viral Post Lala posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Viral Post Lala:

Shortcuts

Share