18/10/2025
*“स्वस्थ परिवार, समृद्ध राष्ट्र — ब्यावर में अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह का हुआ समापन एवं सम्मान समारोह संपन्न”*
ब्यावर, 17 अक्टूबर 2025, अष्टम राष्ट्रीय पोषण माह के अवसर पर आज जिला स्तरीय समापन एवं सम्मान समारोह का आयोजन माननीय जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना की मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय गहलोत तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक श्रीमती नीरू सांखला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ब्यावर जिले की विभिन्न परियोजनाओं में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), पोषण माह एवं एफ.आर.एस. (FRS) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले मानदेय कार्यकर्ताओं, महिला पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
*जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना* ने अपने उद्बोधन में कहा कि “पोषण के क्षेत्र में कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और आंगनवाड़ी बहनें समाज की सच्ची रीढ़ हैं। उनका उद्देश्य केवल योजनाओं को लागू करना नहीं, बल्कि हर घर में पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता की भावना को सशक्त बनाना है।” उन्होंने आगे कहा कि “17 सितम्बर से 16 अक्टूबर तक चले इस पोषण माह के दौरान जो जन-जागरण उत्पन्न हुआ है, उसे पूरे वर्ष बनाए रखना आवश्यक है। सभी अधिकारी परियोजना स्तर पर नियमित समीक्षा करें ताकि कोई भी लाभार्थी योजना से वंचित न रहे।”
इस अवसर पर कुल 23 कार्मिकों, जिनमें 06 महिला पर्यवेक्षक, सहायिकाएं एवं कार्यकर्ता शामिल थे , को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में अतिथियों द्वारा पारंपरिक ‘गोद भराई’ एवं ‘अन्न प्राशन संस्कार’ भी संपन्न कराए गए। कार्यक्रम के अंत में पोषण व्यंजन प्रदर्शनी का आयोजन हुआ, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपलब्ध कराए जाने वाले पोषाहार से तैयार व्यंजनों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। अतिथियों ने व्यंजनों की गुणवत्ता एवं रचनात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय गहलोत ने अपने संबोधन में कुपोषण के कारणों और उसके निवारण हेतु आवश्यक जन-जागरूकता, संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अंत में उपनिदेशक श्रीमती नीरू सांखला ने महिला एवं बाल विकास विभाग, ब्यावर की ओर से माननीय जिला कलेक्टर, सीएमएचओ, मीडिया प्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।