06/08/2026
*एयरगन फायरिंग प्रकरण में तीन किशोर नाबालिगों से पूछताछ, कल जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष किया जाएगा पेश : एसपी सिद्धांत जैन*
हिसार, 06 अगस्त। थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र में एयरगन से फायरिंग के मामले में हिसार पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धांत जैन, आईपीएस ने बताया कि मामले में संलिप्त तीन किशोर नाबालिगों को उनके परिजनों की अभिरक्षा में पूछताछ कर जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायत एवं साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान तीनों किशोरों से किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप उनके परिजनों की उपस्थिति एवं अभिरक्षा में पूछताछ की गई है। मामले के सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की गहनता से जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि नियमानुसार तीनों किशोर नाबालिगों को कल जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां बोर्ड के निर्देशानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसपी श्री सिद्धांत जैन ने कहा कि हिसार पुलिस कानून के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून हाथ में लेने अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।