19/05/2026
अफवाहों पर न दें ध्यान, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पूर्णतः सुरक्षित है एचपीवी वैक्सीन: डॉ रंजीत ठाकुर
कुल्लू, 19 मई : मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कुल्लू डॉ रणजीत ठाकुर ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही भ्रामक अफवाहों पर परिजन बिल्कुल ध्यान न दें। मंगलवार को कुल्लू में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीएमओ कुल्लू डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और यह भविष्य में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से बचाएगी। उन्होंने परिजनों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें और किसी भी तरह के बहकावे में न आएं।डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि जिले में इस टीकाकरण अभियान के तहत अब तक बेहतरीन काम हुआ है। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी से 18 मई तक जिले में 1,630 किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। यह विशेष अभियान 24 मई तक जारी रहेगा, जिसके तहत कुल 3,979 किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।जो किशोरियां इस अभियान के बाद 14 साल की होंगी, उन्हें स्वास्थ्य विभाग के 'नियमित टीकाकरण दिवस' के दौरान यह टीका लगाया जाएगा।
बॉक्स
नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से लें जानकारी:
सीएमओ ने कहा कि अगर किसी भी अभिभावक के मन में टीके को लेकर कोई शंका या सवाल है, तो वे सोशल मीडिया की अफवाहों के बजाय सीधे स्वास्थ्य विशेषज्ञों से संपर्क करें। परिजन एचपीवी टीके से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या परामर्श के लिए अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर डॉक्टरों से मिल सकते हैं। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उषा ठाकुर और जन शिक्षा एवं संप्रेक्षण अधिकारी निर्मला महंत सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बॉक्स
यह टीका हमारी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की गारंटी है। अफवाहें सिर्फ भ्रम फैलाती हैं, जबकि विज्ञान जीवन बचाता है।...डॉ. रणजीत सिंह ठाकुर, सीएमओ