06/09/2026
देहरादून से पहाड़ जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब तक हरिद्वार और ऋषिकेश से संचालित होने वाली गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन (GMOU) की बसें पहली बार देहरादून से भी सीधे पर्वतीय रूटों पर चलने जा रही हैं। नए परमिट मिलने के बाद 11 सितंबर 2026 से पहले चरण में रोजाना 11 बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी है।
इन बसों का संचालन चांदनी चौक स्थित भुड्डी गांव से किया जाएगा। बसें हिमगिरी एक्सप्रेस के नाम से संचालित होंगी और शिमला बाईपास, ISBT तथा रिस्पना पुल होते हुए ऋषिकेश जाएंगी। इसके बाद अलग-अलग पर्वतीय मार्गों पर यात्रियों को पहुंचाएंगी।
पहले चरण में GMOU की बसें जोशीमठ, गोपेश्वर, ऊखीमठ, नागनाथ पोखरी, तिरपालीसैंण, बीरोंखाल और धुमाकोट जैसे पर्वतीय रूटों पर संचालित की जाएंगी। GMOU प्रबंधन ने इन सेवाओं के लिए समय-सारणी भी तैयार कर ली है और भुड्डी गांव में शाखा कार्यालय भी खोला गया है।
खास बात यह है कि बस सेवा शुरू होने की तारीख पहले 1 सितंबर, फिर 4 सितंबर तय की गई थी, लेकिन परमिट से जुड़े दस्तावेज में परिवहन विभाग के अधिकारियों के हस्ताक्षर की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण संचालन टल गया। अब नई तारीख 11 सितंबर तय की गई है।
GMOU के अनुसार, शुरुआती चरण में 11 दैनिक सेवाएं चलेंगी। यदि इन रूटों पर यात्रियों की मांग बढ़ती है तो दूसरे चरण में बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
इस फैसले से खासतौर पर उन यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जिन्हें देहरादून से सीधे गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में जाना पड़ता है और अभी उन्हें ऋषिकेश या हरिद्वार जाकर बस पकड़नी पड़ती थी।
हालांकि, कुछ क्षेत्रों से नए रूट में अपने इलाके को शामिल करने की मांग भी उठने लगी है। रिखणीखाल क्षेत्र के लोगों ने देहरादून से रिखणीखाल वाया रथुवाढाब-गाड़ियों पुल सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग उठाई है।
👉 यानी 11 सितंबर से देहरादून से पहाड़ों की ओर सफर करने वाले यात्रियों के लिए परिवहन का एक नया विकल्प मिलने जा रहा है।