30/06/2026
जल गंगा संवर्धन समापन कार्यक्रम दिनांक 30/06/2026
जल गंगा संवर्धन अभियान मध्य प्रदेश शासन की एक ऐसी योजना है जिसमें जल संरक्षण जल संरचनाओं का निर्माण एवं संधारण भूमि प्रबंधन वृक्षारोपण पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण एवं पुनर्निर्माण आदि को शामिल किया गया है। इस योजना के तहत जिले में 9 बावड़ी का चयन कर उनके संरक्षण एवं समुदाय संचालित गतिविधियों से पुनर्निर्माण, उनकी आवश्यकता एवं उपयोग पर जोर दिया जा रहा है साथ ही जिले के लगभग 60 अमृतसरोवर और 32 अन्य तालाब का संरक्षण कर मछली पालन हेतु आजीविका मिशन के समूह से संबद्ध किया गया है। जिले की कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गजेंद्र सिंह के प्रयासों से जन भागीदारी द्वारा लगभग 79200 ट्रेंच बनाए गए हैं। जल संरक्षण में यह जिले की एक मुख्य उपलब्धि रही है क्योंकि यह कार्य संयोजित एवं बेहतर ढंग से वर्षा के पूर्व ही संभव था। शासन द्वारा निर्धारित 30 जून को कार्यक्रम का समापन जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत रानी पिपरिया के खेर माई मंदिर के नजदीक रिक्त कराई गई 6 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजन किया गया। आयोजन में मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व राज्य मंत्री माननीय जालम सिंह जी पटैल द्वारा इस बात पर जोर दिया गया कि प्रकृति प्रदत्त संसाधनों का दोहन तेज गति से होने के कारण से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं संधारण की आवश्यकता एवं जन-जागरुकता के संबंध में बात रखी गई।
जिले में जल संरक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली संस्थाओं जनपद एवं जिले के कर्मचारी के साथ-साथ शिवाजी क्लब के संचालक प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी इस तरह कुल 55 प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति ज्योति/नीलेश काकोड़िया, श्री कंछेदी पटैल उपाध्यक्ष जनपद पंचायत नरसिंहपुर, ग्राम पंचायत रानी पिपरिया स्थानीय सरपंच/सचिव/ ग्राम रोजगार सहायक एवं जिले के विभाग प्रमुख अधिकारी/कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों ने उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज की। साथ ही आम, नींबू, जामुन, बरगद, बेर, आंवला आदि के 6 एकड़ जमीन में प्रतीकात्मक रुप से लगभग 100 पौधे लगाये गये।