18/07/2026
NEET-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले मेवात सहित देशभर के सभी विद्यार्थियों को MCI LAKSHYA परिवार और आज़ाद मेहराब की ओर से दिली मुबारकबाद।
सबसे पहले हम उन सभी होनहार बच्चों को बधाई देते हैं जिन्होंने अपने शानदार परिणामों से अपने माता पिता, शिक्षकों और पूरे मेवात का नाम रोशन किया है। आपकी सफलता इस बात का सबूत है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर मंज़िल हासिल की जा सकती है।
लेकिन आज हम खास तौर पर उन बच्चों से भी मुख़ातिब होना चाहते हैं जिन्हें इस बार मनचाहा परिणाम नहीं मिल सका।
प्यारे बच्चों, हिम्मत मत हारिए।
एक परीक्षा और कुछ नंबर आपकी पूरी ज़िंदगी का फैसला नहीं करते। यह ज़रूरी नहीं कि कम अंक आपकी सलाहियत (क्षमता) टेलेंट और जज़्बे को बयान करें। कई बार परिस्थितियाँ, मानसिक दबाव या किस्मत भी इंसान के साथ नहीं होती। लेकिन आपकी मेहनत, आपका संघर्ष और आपके सपने कभी बेकार नहीं जाते।
हो सकता है कि अल्लाह तआला ने आपके लिए इससे भी बेहतर रास्ता और बेहतर मुकाम तय कर रखा हो। इसलिए खुद पर भरोसा रखिए, दोबारा मेहनत कीजिए और नए हौसले के साथ आगे बढ़िए। याद रखिए, कामयाबी अक्सर उन्हीं लोगों के कदम चूमती है जो हार के बाद भी कोशिश करना नहीं छोड़ते।
Mission Mewat Education का मकसद सिर्फ बच्चों को परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि उन्हें एक मजबूत, शिक्षित, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार इंसान बनाना है। हमारा यकीन है कि मेवात का हर बच्चा अगर शिक्षा से जुड़ेगा, तो वह अपने परिवार, समाज और देश का भविष्य बदल सकता है।
हम माता पिता से भी गुज़ारिश करते हैं कि बच्चों की तुलना दूसरों से न करें। उनका हौसला बढ़ाइए, उन्हें समझिए और हर हाल में उनका साथ दीजिए। कई बार एक बच्चे को डांट नहीं, बल्कि भरोसे और मोहब्बत की सबसे ज़्यादा ज़रूरत होती है।
आइए, मिलकर ऐसा मेवात बनाएं जहाँ कोई बच्चा सिर्फ नाकामयाबी के डर से अपने सपने छोड़ने पर मजबूर न हो।
शिक्षा हमारी ताकत है, और मेवात का हर बच्चा हमारी जिम्मेदारी।
आज़ाद मेहराब ✍️
MCI LAKSHYA
Mission Mewat Education।