30/08/2026
13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा, भावुक संदेश में कहा- ‘यात्रा को विराम दे रही हूं’
देवरिया। उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित आईएएस अधिकारी और देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने की घोषणा की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपनी करीब 13 वर्षों की प्रशासनिक यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देने की बात कही।
दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने लंदन में नौकरी की, लेकिन देश की सेवा करने की इच्छा से भारत लौटकर सिविल सेवा में आने का निर्णय लिया।
प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने संत कबीरनगर, मिर्जापुर और देवरिया समेत विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। देवरिया की जिलाधिकारी के रूप में उनका कार्यकाल जुलाई 2024 से मई 2026 तक रहा। इसके बाद उन्हें उत्तर प्रदेश राजस्व विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी।
अपने भावुक संदेश में दिव्या मित्तल ने देवरिया और मिर्जापुर में मिले अनुभवों को अपनी प्रशासनिक यात्रा की महत्वपूर्ण सीख बताया। उन्होंने कहा कि देवरिया ने उन्हें सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, बल्कि कर्तव्य है, जबकि मिर्जापुर ने उन्हें यह विश्वास दिलाया कि असंभव कोई तथ्य नहीं, बल्कि केवल एक राय है।
मिर्जापुर के लहुरिया दह गांव में पेयजल पहुंचाने का उनका प्रयास उनकी चर्चित उपलब्धियों में शामिल रहा। वर्षों से पानी के संकट से जूझ रहे इस गांव में पाइपलाइन के जरिए पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों की खुशी ने दिव्या मित्तल को भी भावुक कर दिया था।
उन्होंने प्रशासनिक सेवा के दौरान आम लोगों से मिले अनुभवों को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों से मिला प्यार, सम्मान और विश्वास उनके जीवन की अमूल्य विरासत है।
अपने संदेश के अंत में उन्होंने देश की मिट्टी और आम लोगों से जुड़े उन अनुभवों को याद किया, जिन्हें वह पद से अलग होने के बाद भी अपने साथ लेकर चलेंगी।
“आपकी अपनी, दिव्या मित्तल” लिखकर उन्होंने अपने भावुक संदेश का समापन किया।