03/08/2026
*'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान' के अंतर्गत जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन*
सीवान, 03 अगस्त 2026
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat), सीवान द्वारा 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान' के अंतर्गत सोमवार को अंबेडकर भवन, समाहरणालय, सीवान में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त, सीवान तथा विशिष्ट अतिथि जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सीवान एवं अधीक्षक, उत्पाद विभाग, सीवान रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में युवाओं की अग्रणी भूमिका पर बल देते हुए सभी से स्वयं नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान म्यूजिक एवं रैप, वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, चित्रकला (पेंटिंग), नृत्य, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, रील मेकिंग एवं लघु फिल्म सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नशा मुक्ति का प्रभावशाली संदेश प्रस्तुत किया।
जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 200 से अधिक युवा-युवतियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला शिक्षा पदाधिकारी, सीवान की ओर से उनकी टीम ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई एवं आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि मेरा युवा भारत युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जन-जागरूकता अभियानों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत अभियान' के माध्यम से युवाओं को नशे के विरुद्ध जन-जागरण का वाहक बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
चित्रकला प्रतियोगिता में गुरिया कुमारी प्रथम, दिव्यांशु शर्मा द्वितीय तथा विवेक कुमार तृतीय स्थान पर रहे। स्लोगन राइटिंग में प्रथम स्थान दामिनी कुमारी के नाम रहा। डिबेट कम इलॉक्यूशन में प्रथम स्थान सागर राज को प्राप्त हुआ। ग्रुप प्रतियोगिताओं के रिजल्ट सभी प्रतिभागियों के पात्रता सुनिश्चित हो जाने के पश्चात् जिला युवा अधिकारी के कार्यालय से जारी कर दिए जाएंगे ।
कार्यक्रम की सफलता में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों सुगम कुमार पांडेय, दीपा कुमारी, शैलेश कुमार, रिद्धि कुमारी, अंकित कुमार, प्रशांत, जुली, विपिन, रॉबिन, अनु, तनुजा, मुकेश, निशा, शुभम, सुंगुन तथा प्रीति सहित अन्य युवा समाजसेवियों एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।
प्रभारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी सिवान।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar