25/12/2025
‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने अपने विचार, व्यक्तित्व और आचरण के माध्यम से भारतीय राजनीति में सुशासन, मर्यादा और राष्ट्रनिष्ठा की एक शाश्वत परंपरा स्थापित की। सहजता, सहृदयता और संवेदनशीलता से परिपूर्ण उनका नेतृत्व आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
देश के जनप्रिय प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत को आत्मविश्वास, स्थिरता और वैश्विक सम्मान की नई ऊँचाइयाँ प्रदान कीं। संवाद और सहमति पर आधारित उनकी राजनीति ‘राजनेता’ से ‘राष्ट्रनेता’ तक की उनकी यशस्वी यात्रा को परिभाषित करती है। उनके विचारों में दूरदृष्टि, नेतृत्व में सेवा-भाव और निर्णयों में अद्वितीय राजनीतिक कुशलता स्पष्ट दिखाई देती है।
माँ भारती के मस्तक को ऊँचा करने और राष्ट्र की उन्नति हेतु उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के प्रति उनकी अगाध आस्था सदैव वंदनीय रहेगी।
जन्मशताब्दी वर्ष एवं सुशासन दिवस के पावन अवसर पर कवि-हृदय अटल जी को कोटि-कोटि नमन। उनका विराट जीवन हमें राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।