23/06/2026
अंबाला नगर निगम की वेबसाइट 12 दिनों से ठप,
जनता परेशान; पारुल नागपाल ने की टैक्स छूट की तारीख बढ़ाने की मांग
ACM News India
Parul Nagpal
अंबाला, 23 जून 2026: अंबाला नगर निगम की वेबसाइट पिछले 12 दिनों से ठप होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर प्रशासनिक लापरवाही पर गहरा रोष जताते हुए पारुल नागपाल ने प्रशासन से तुरंत दखल देने की मांग की है।
पारुल नागपाल ने एक बयान जारी कर कहा कि सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स पर मिलने वाली विशेष छूट (Rebate) की अंतिम तिथि 30 जून है। शहर के जागरूक नागरिक समय पर टैक्स भरकर इस छूट का लाभ उठाना चाहते हैं, लेकिन निगम की तकनीकी नाकामी के चलते पिछले 12 दिनों से पोर्टल पूरी तरह बंद है। डिजिटल इंडिया के दौर में तकनीकी खराबी को ठीक करने में इतना लंबा समय लगना प्रशासनिक ढिलाई को दर्शाता है।
उन्होंने प्रशासन से दो मुख्य मांगें की हैं: पहली, वेबसाइट की तकनीकी खामी को अगले 24 घंटे के भीतर ठीक किया जाए। दूसरी, वेबसाइट बंद रहने के कारण जनता के जो 12 दिन बर्बाद हुए हैं, उसकी भरपाई के लिए टैक्स छूट की आखिरी तारीख को कम से कम 15 दिनों के लिए आगे बढ़ाया जाए। पारुल नागपाल ने चेतावनी दी कि यदि जनता को आर्थिक नुकसान हुआ, तो वे निवासियों के साथ मिलकर प्रदर्शन करेंगे.