10/04/2026
प्रेस विज्ञप्ति अररिया
दिनांक:- 10.04.2026
दिनांक 9 अप्रैल, से 23 अप्रैल, 2026 तक पोषण पखवाड़ा में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने हेतु जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में उदघाटन /बैठक का आयोजन किया गया सर्वप्रथम ज़िला प्रोग्राम पदाधिकारी ने पौधा दे कर ज़िला पदाधिकारी का स्वागत किया और ज़िला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने दीप प्रज्वलित कर 8वा पोषण पखवाड़ा (09 से 23 अप्रैल)कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोत्तम विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन (Early Child Stimulation) के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है। इस अवधि में निर्धारित गतिविधि कैलेंडर एवं अवधारणा नोट के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार भी विशेष गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। सभी गतिविधियों की प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित की जा रही है तथा जिला एवं परियोजना स्तर से इसकी सतत निगरानी की जा रही है।
वर्ष 2026 के पोषण पखवाड़ा के तहत पाँच प्रमुख थीम निर्धारित किए गए हैं, जिनके अनुरूप कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। 09 से 15 अप्रैल तक मातृ एवं शिशु पोषण तथा 0-3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों में पोषण एवं देखभाल व्यवहार सुदृढ़ हो तथा बच्चों के संज्ञानात्मक एवं भाषा विकास को बढ़ावा मिले। वहीं 16 से 23 अप्रैल तक 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा के माध्यम से स्कूल रेडीनेस एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा तथा बच्चों में स्क्रीन टाइम में कमी लाकर स्वस्थ जीवन शैली को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पूरे पखवाड़े के दौरान मजबूत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया है कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें, ताकि कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।