15/08/2026
जिला पंचायत अशोकनगर में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
अशोकनगर। देश की आजादी के 80 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज जिला पंचायत कार्यालय परिसर, अशोकनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पूरे परिसर को तिरंगों, बैनरों एवं फूलों से सजाया गया था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मान. श्री राव अजय प्रताप सिंह यादव जी ने प्रातः 7:30 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् गान का सामूहिक गायन किया गया। इस दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने एक स्वर में "भारत माता की जय" और "वंदे मातरम्" के नारे लगाकर देशभक्ति का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं माँ सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया गया।
अध्यक्ष महोदय ने अपने उद्बोधन में उपस्थित समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें सहज में प्राप्त नहीं हुई है। इसके पीछे हमारे वीर शहीदों का त्याग, तपस्या और बलिदान है।
अध्यक्ष महोदय ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश "विकसित भारत @2047" के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। "आत्मनिर्भर भारत", "डिजिटल इंडिया" और "हर घर तिरंगा" जैसे अभियानों से पूरे देश में देशभक्ति और विकास की नई लहर चली है।
इसी क्रम में प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री जी के "विकसित मध्यप्रदेश" के विजन के अनुरूप जिला पंचायत ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए संकल्पबद्ध है। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारा ध्येय है। उन्होंने "हर घर तिरंगा" अभियान की सफलता पर भी प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान वर्षभर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। अध्यक्ष महोदय ने कहा कि ऐसे सम्मान से अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है और शासन की योजनाएं आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचती हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री लड्डू राम कोरी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्री उमेश रघुवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राजेश जैन (IAS), जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि श्री सत्येंद्र कलावत, जिला पंचायत सदस्य श्रीमति शीला जाटव, भाजपा जिला मंत्री श्री सलिल त्रिपाठी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमति लखन यादव, श्री ब्रजमोहन रघुवंशी, श्री रामवीर धनोरिया, श्री आदर्श जैन अटारी, श्री सुमित मिश्रा, श्री राज यादव, श्री अनिल यादव सहित सम्पूर्ण जिला पंचायत परिवार मौजूद रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में सभी ने मिठाई वितरण कर स्वतंत्रता दिवस का पर्व मनाया।
जय हिंद! वंदे मातरम्! भारत माता की जय!
#स्वतंत्रतादिवस #जिलापंचायतअशोकनगर