07/09/2026
#बालोतरा: थाना समदड़ी द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही।
190 ग्राम अवैध अफीम दूध, 490 ग्राम विनिर्मित अफीम एवं 2.450 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद।
तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी बदाराम गिरफ्तार।
पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री राजेश कुमार काॅवत आईपीएस ने बताया कि नशाखोरी पर प्रभावी नियंत्रण एवं उन्मूलन हेतु पुलिस मुख्यालय की मंशा अनुसार जिले में मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जारी दिशा-निर्देशानुसार श्री हरफूलसिंह आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोतरा एवं श्री गिरधरसिंह आरपीएस, वृताधिकारी सिवाना के निकट सुपरविजन में श्री नरपतदान निपु. थानाधिकारी समदड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरहद देवड़ा में प्रभावी नाकाबंदी कर 190 ग्राम अवैध अफीम दूध, 490 ग्राम विनिर्मित अफीम, 2.450 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त एवं तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी तस्कर बदाराम को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस कार्यवाहीः- ज्ञात रहे कि दिनांक 06.09.2026 को थानाधिकारी समदड़ी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बदाराम पुत्र अमराराम, जाति देवासी, निवासी फुलण, पुलिस थाना समदड़ी, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करता है तथा वह अपनी मोटरसाइकिल पर अवैध मादक पदार्थ लेकर अपने घर से आ रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया तथा थानाधिकारी मय पुलिस जाब्ता द्वारा सरहद देवड़ा पहुंचकर नाकाबंदी प्रारंभ की गई। नाकाबंदी के दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आता हुआ दिखाई दिया, जिसकी मोटरसाइकिल की टंकी पर एक सफेद कट्टा रखा हुआ था। पुलिस वाहन एवं नाकाबंदी देखकर वह घबरा गया तथा मौके से भागने का प्रयास करने लगा। इस पर पुलिस जाब्ता द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसे रोककर नाम-पता पूछा गया। उसने अपना नाम बदाराम पुत्र अमराराम, जाति देवासी, उम्र 38 वर्ष, निवासी फुलण, पुलिस थाना समदड़ी होना बताया। आरोपी के कब्जे में रखे कट्टे के संबंध में पूछताछ कर नियमानुसार विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 190 ग्राम अवैध अफीम दूध, 490 ग्राम विनिर्मित अफीम, 2.450 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर नियमानुसार जब्त की गई। आरोपी बदाराम को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना समदड़ी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर बरामद मादक पदार्थों के स्रोत, खरीद-फरोख्त, आपूर्ति श्रृंखला तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के संबंध में गहन अनुसंधान एवं पूछताछ जारी है।
गिरफ्तार आरोपीः-
01. बदाराम पुत्र अमराराम, जाति देवासी, उम्र 38 साल, निवासी फुलण, पुलिस थाना समदड़ी, जिला बालोतरा।
पुलिस टीमः-
01. श्री नरपतदान नि.पु. थानाधिकारी समदड़ी,
02. श्री रामकेश कानि. 264 थाना समदड़ी,
03. श्री धमेन्द्र कुमार कानि. 400 थाना समदड़ी,
04. श्री विक्रम सिंह कानि. 334 थाना समदड़ी,
05. श्री सुरेन्द्र कुमार कानि. 349 थाना समदड़ी,
06. श्री विशनारम कानि. 104 थाना समदड़ी,
07. श्री छोटेलाल कानि. 196 थाना समदड़ी,
08. श्री रामश्री चा.कानि. 397 थाना समदड़ी।
Rajasthan Police