21/06/2026
श्री नेवाजी बाबा धाम पर सुख-शांति के लिए हवन एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन
२०० वर्ष पुराने दिव्य धाम पर उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, मन्नतें पूरी होने की है अटूट आस्था
प्रतापगढ़ (मिसिद्दीपुर)। ग्रामसभा में सुख, समृद्धि और वैश्विक शांति की कामना को लेकर मिसिद्दीपुर स्थित सुप्रसिद्ध एवं अत्यंत प्राचीन श्री नेवाजी बाबा धाम पर एक भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। क्षेत्र के प्रतिष्ठित उद्योगपति श्री विनय दया शंकर शर्मा द्वारा आयोजित इस पावन कार्यक्रम में विधि-विधान से हवन-पूजन एवं विशाल ब्राह्मण भोज संपन्न हुआ।
धार्मिक अनुष्ठान को श्री नेवाजी बाबा के मुख्य सेवक श्री श्याम शंकर शर्मा (भूकंडे) द्वारा पूरे वैदिक रीति-रिवाज और मंत्रोचार के साथ संपन्न कराया गया। मुख्य सेवक ने पूर्णाहुति देकर बाबा से समस्त क्षेत्रवासियों के कल्याण की प्रार्थना की।क्षेत्रीय जनमानस के लिए श्री नेवाजी बाबा धाम मात्र एक मंदिर नहीं, बल्कि साक्षात ईश्वरीय चेतना का केंद्र है। २०० वर्ष से भी अधिक पुराने इस ऐतिहासिक और दिव्य स्थान के प्रति लोगों में अगाध श्रद्धा है। मान्यता है कि जो भी भक्त सच्चे मन से बाबा के दरबार में हाजिरी लगाता है, उसकी हर अधूरी मन्नत और मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। धाम की अलौकिक ऊर्जा और चमत्कारिक इतिहास के कारण यहाँ दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए खिंचे चले आते हैं।इस पावन अवसर पर मुख्य आयोजक उद्योगपति श्री विनय दया शंकर शर्मा के साथ ब्रजेश (पिंटू) शर्मा, अभय शर्मा, सुजीत शर्मा, प्रकाश पाण्डेय, दीपक पाण्डेय (अधिवक्ता), घनश्याम शर्मा, मुन्ना शुक्ला, शुधांशुल रॉकी दूबे, विनोद पाण्डेय,संगम लाल पाण्डेय और मुन्नू मिश्रा जी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके साथ ही समस्त ब्राह्मण परिवार, स्थानीय क्षेत्रवासी और बाबा के सैकड़ों अनन्य भक्तों ने हवन कुंड में आहुति डालकर पुण्य लाभ कमाया। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे (ब्राह्मण भोज) का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर बाबा का आशीर्वाद लिया। पूरा परिसर "जय श्री नेवाजी बाबा" के जयकारों से गुंजायमान रहा।