14/03/2026
भागलपुर: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ का कारवां अब रेशम नगरी भागलपुर पहुँचने वाला है। चौथे चरण की शुरुआत के तहत 18 मार्च को मुख्यमंत्री के भागलपुर आने की प्रबल संभावना है। हालांकि आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन जिला प्रशासन ने अपनी ओर से तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जगदीशपुर प्रखंड के बैजानी को मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल के रूप में चुना गया है। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र कुमार सिंह सहित आला अधिकारियों की टीम ने बैजानी पहुँचकर स्थलीय निरीक्षण किया। DM ने कार्यक्रम स्थल, सुरक्षा घेरा और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार, चौथे चरण में भागलपुर प्रमंडल के साथ-साथ मुंगेर प्रमंडल के शेष जिलों — मुंगेर, लखीसराय और जमुई — को भी कवर किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन जिले के लिए गौरव की बात है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ 'अलर्ट मोड' में रहकर कार्य पूरा करें।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह और एसडीएम विकास कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक पुष्टि होते ही मुख्यमंत्री के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की जानकारी साझा की जाएगी।