27/09/2012
भीलवाड़ा। नगर विकास न्यास अपने पेराफेरी क्षेत्र में आए गांवों की भूमि का बैंक बनाएगा। इसी बैंक के आधार पर गांवों के विकास व नियोजन की नींव रखी जाएगी। भीलवाड़ा शहर के मास्टर प्लान के संशोधित प्रारूप को मंजूरी नहीं मिली है, लेकिन न्यास ने पेराफेरी में आए 49 गांवों की बिलानाम जमीन नापने की तैयारी कर ली है। मास्टर प्लान का संशोधित प्रारूप एक वर्ष से मंजूरी के लिए राज्य सरकार के पास अटका हुआ है। हाल ही प्रारूप को लेकर राजधानी जयपुर में दावों व आपत्तियों पर चर्चा हुई, लेकिन अब भी इसकी राह में कई अवरोध हैं।
अधिसूचना से बढ़ा दायरा
राजस्थान नगर सुधार अघिनियम 1959 की धारा 3 की उपधारा-1 के अनुसरण में राज्य सरकार की ओर से 31 मार्च 2005 को भीलवाड़ा नगर सहित 38 राजस्व ग्रामों को शामिल करते हुए भीलवाड़ा के अघिसूचित नगरीय क्षेत्र का मास्टर प्लान का प्रारूप खींचा गया। अघिसूचित राजस्व ग्रामों के उप विभाजन आदि कारणों से सरकार की ओर से पूर्व में जारी अधिसूचना को संशोघित कर 15 मार्च 2010 को नई अधिसूचना जारी की गई। इसके आधार पर मास्टर प्लान में भीलवाड़ा नगरीय क्षेत्र समेत गांवों की संख्या 49 हो गई है।
सर्वे की तैयारी
न्यास के उपनगर नियोजक राजेश वर्मा के अनुसार गांवों की भूमि व स्थिति का सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। भूमि बैंक बनने से नियोजन की नींव मजबूत हो सकेगी, वहीं गांवों में सड़क, स्कूल, चिकित्सालय, बिजली व्यवस्था, पेयजल, सामुदायिक भवन तथा सरकारी भवनों को लेकर मोटा खाका खींचा जा सकेगा।
इन गांवों के बनेंगे भूमि बैंक
भीलवाड़ा तहसील
भीलवाड़ा, पालड़ी, गोविन्दपुरा, तेलीखेड़ा, सांगानेर, कंुवाड़ा, सुवाणा, नई ईरास, हलेड़, हरणी कलां, ओडों का खेड़ा, हरणी खुर्द, सबलपुरा, माधोपुर, गठीला का खेड़ा, मण्डपिया, आटूण, बोरड़ा, पुर, बीलिया, मलाण, किशानवतों की खेड़ी, मोखमपुरा, पांसल, जीपिया, मालोला, जोधड़ास, धूलखेड़ा, भदालीखेड़ा, बीलिया कलां, नारायणपुरा, स्वरूपगंज, गुवारड़ी, काणोली, आरजिया।
माण्डल तहसील
माण्डल, मालीखेड़ा (राजपुरा), संतोकपुरा, कीर खेड़ा, स्टेशन नगर, माली खेड़ा, सुरास व गुढ़ा।
बनेड़ा तहसील
रायसिंहपुरा, एकलिंगपुरा, रघुनाथपुरा, चमनपुरा, छतरी खेड़ा, रनिकपुरा।
मास्टर प्लान में अटके
बेहतर नगर नियोजन के लिए राज्य सरकार जिले की जहाजपुर व आसीन्द नगर पालिका क्षेत्रों का भी मास्टर प्लान तैयारी कर ली है। दोनों पालिका क्षेत्रों के मास्टर प्लान के प्रारूप पर आपत्तियां मांगी गई हैं। माण्डलगढ़, गुलाबपुरा व शाहपुरा पालिका क्षेत्र का मास्टर प्लान पूर्व में मंजूर हो चुका है। जिला नगर नियोजक पवन डागा ने बताया कि पालिकाओं के नगरीय क्षेत्र को लेकर मास्टर प्लान का अंतिम प्रारूप जल्द जारी हो जाएगा।