05/09/2026
उज्जैन-गरोठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में गुणवत्ता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
हाल के दिनों में उज्जैन गरोठ राष्ट्रीय राजमार्ग, पैकेज-1 के निर्माणाधीन क्षेत्र में बार-बार सड़क धंसने एवं निर्माण कार्यों में गंभीर खामी से संबंधित दावे किए जा रहे हैं, जो तथ्यात्मक रूप से भ्रामक हैं। निर्माणाधीन परियोजना का नियमित तकनीकी आकलन किया जा रहा है, जो सुपरविजन एवं क्वालिटी कंट्रोल की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।
उज्जैन-गरोठ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-752D) के पैकेज-1 के संबंध में स्पष्ट किया जाता है कि ROB एवं अन्य हिस्से में निर्माण कार्य अभी जारी है। गत कुछ दिनों में नियमित निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर RE Wall के कुछ ब्लॉक्स में डिस्प्लेसमेंट देखा गया। इन स्थानों पर संबंधित हिस्से का एहतियातन नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा है। यह कार्य संबंधित कॉन्ट्रैक्टर द्वारा अपने खर्च पर कराया जा रहा है तथा NHAI द्वारा कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की निगरानी की जा रही है।
यह स्पष्ट किया जाता है कि सड़क धंसने, दीवार गिरने अथवा ढहने की कोई घटना नहीं हुई है। चूंकि ROB अभी निर्माणाधीन है और संबंधित हिस्से में यातायात शुरू ही नहीं हुआ है, इसलिए आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्माण पूर्ण होने से पहले ही कराया जा रहा है।
22 अगस्त 2026 को IIT दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर एवं डीन द्वारा स्थल का तकनीकी निरीक्षण किया गया। विशेषज्ञों की अनुशंसा के आधार पर अन्य सुधार कार्य भी किए जा रहे है।
NHAI आमजन एवं सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उज्जैन-गरोठ पैकेज-1 के निर्माणाधीन क्षेत्र का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूर्ण करने की निर्धारित समयसीमा रखी गई है और इसी के अनुरूप परियोजना को पूर्ण कर आमजन के लिए खोले जाने का लक्ष्य रखा गया है। निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य प्रगति पर है और इसमें किसी प्रकार की देरी की संभावना नहीं है।
NHAI द्वारा दोहराया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता, संरचनात्मक मजबूती एवं सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी है।
National Highways Authority of India - NHAI