DC Bilaspur

DC Bilaspur Official page of Deputy Commissioner, District Bilaspur (H.P)
(2)

31/07/2026

प्रदेश में पहली बार: 1 सितंबर से शुरू होगा 'मिशन दृष्टि बिलासपुर'

****8 वर्ष से कम आयु के बच्चों में दृष्टि दोष की समय रहते होगी पहचान, स्थायी दृष्टि हानि रोकना है उद्देश्य : उपायुक्त राहुल कुमार

बिलासपुर, 30 जुलाई।

हिमाचल प्रदेश में पहली बार जिला प्रशासन बिलासपुर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 'मिशन दृष्टि बिलासपुर' नामक जिला स्तरीय व्यापक दृष्टि जांच अभियान शुरू करने जा रहा है। इस अभिनव पहल का उद्देश्य बच्चों सहित समाज के विभिन्न वर्गों में दृष्टि संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उनका उपचार सुनिश्चित करना है।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि यह अभियान अस्पताल आधारित उपचार प्रणाली से आगे बढ़कर रोकथाम आधारित सामुदायिक स्वास्थ्य मॉडल पर आधारित है। इसका मुख्य लक्ष्य विशेषकर कम आयु के बच्चों में दृष्टि दोष का प्रारंभिक चरण में पता लगाकर स्थायी दृष्टि हानि को रोकना है।

उन्होंने बताया कि अभियान का प्रथम चरण 1 सितंबर 2026 से सितंबर 2027 तक चलेगा। इस दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की प्रशिक्षित टीमें जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा 1,111 आंगनवाड़ी केंद्रों में चरणबद्ध तरीके से दृष्टि जांच करेंगी।

जिले में कुल 782 विद्यालय हैं, जिनमें 116 वरिष्ठ माध्यमिक, 58 उच्च, 82 माध्यमिक तथा 526 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं। अभियान के तहत सभी स्कूली बच्चों और आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों की दृष्टि जांच की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान में 8 वर्ष से कम आयु के बच्चों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि यही दृष्टि विकास का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। यदि इस अवधि में अपवर्तक दोष (Refractive Error), भेंगापन (Squint) अथवा एम्ब्लायोपिया (Lazy Eye) जैसी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार नहीं हो पाता, तो आगे चलकर स्थायी दृष्टि हानि हो सकती है, जिसे बाद में चश्मे या सर्जरी से भी पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सकता।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के माध्यम से दो अत्याधुनिक ऑटो रिफ्रैक्टर मशीनें स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करवाई हैं। ये कंप्यूटरीकृत पोर्टेबल मशीनें कुछ ही सेकंड में आंखों की जांच कर निकट दृष्टि दोष (Myopia), दूर दृष्टि दोष (Hyperopia) तथा Astigmatism जैसी समस्याओं की सटीक पहचान करने में सक्षम हैं। इनका उपयोग विद्यालयों और विशेष जांच शिविरों में किया जाएगा।

जांच के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई जाएगी, उन्हें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास भेजा जाएगा। पात्र बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुसार निःशुल्क चश्मे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि अभियान के द्वितीय चरण में वरिष्ठ नागरिकों, व्यावसायिक वाहन चालकों, औद्योगिक श्रमिकों, पुलिस एवं होमगार्ड जवानों, वन एवं राजस्व विभाग के फील्ड कर्मचारियों तथा दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की भी दृष्टि जांच की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत जिले का डिजिटल आई हेल्थ डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा, जिसमें जांच, रेफरल, उपचार तथा चश्मा वितरण से संबंधित सभी जानकारी दर्ज होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 'मिशन दृष्टि बिलासपुर' न केवल प्रदेश में निवारक नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं का नया मॉडल स्थापित करेगा, बल्कि बिलासपुर को हिमाचल प्रदेश का पहला ऐसा जिला बनाएगा, जहां जिला स्तर पर व्यापक दृष्टि जांच अभियान संचालित किया जाएगा

30/07/2026

प्रदेश का पहला 'मिशन दृष्टि बिलासपुर' शुरू करेगा जिला प्रशासन

1 सितंबर 2026 से शुरू होगा चरणबद्ध नेत्र जांच अभियान, पहले चरण में सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों की होगी स्क्रीनिंग : राहुल कुमार

बिलासपुर, 30 जुलाई: जिला प्रशासन बिलासपुर और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले में "मिशन दृष्टि बिलासपुर" शुरू किया जाएगा। उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि यह हिमाचल प्रदेश का पहला जिला स्तरीय व्यापक नेत्र जांच अभियान होगा, जिसके तहत बच्चों में दृष्टि दोष की समय पर पहचान, उपचार और रोकी जा सकने वाली दृष्टिबाधिता की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान का पहला चरण 1 सितंबर 2026 से सितंबर 2027 तक संचालित किया जाएगा। इस अवधि में जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा 1,111 आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीमें विकास खंडवार एवं चरणबद्ध तरीके से नेत्र जांच करेंगी। जिले के 782 विद्यालयों, जिनमें 116 वरिष्ठ माध्यमिक, 58 उच्च, 82 माध्यमिक तथा 526 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं, में अध्ययनरत प्रत्येक विद्यार्थी की दृष्टि जांच सुनिश्चित की जाएगी।

उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य 8 वर्ष से कम आयु के बच्चों में दृष्टिदोष की प्रारंभिक अवस्था में पहचान करना है। उन्होंने बताया कि इस आयु तक आंखों का विकास लगातार जारी रहता है। यदि इस दौरान निकट दृष्टि दोष, दूर दृष्टि दोष, दृष्टिवैषम्य, भेंगापन अथवा आलसी आंख जैसी समस्याओं का समय पर उपचार नहीं किया जाए तो बच्चों में स्थायी दृष्टि हानि की संभावना बढ़ जाती है। समय पर जांच और उपचार से ऐसे अधिकांश मामलों को रोका जा सकता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के संचालन के लिए जिला प्रशासन ने जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से दो ऑटो रिफ्रैक्टर मशीनें खरीदकर स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध करवाई हैं। यह कंप्यूटरीकृत मशीन कुछ ही सेकंड में आंखों का नंबर मापकर दृष्टि दोष का प्रारंभिक आकलन करती है। इन मशीनों के माध्यम से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी त्वरित एवं सटीक नेत्र जांच संभव होगी।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई जाएगी, उन्हें स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों के पास भेजा जाएगा। पात्र बच्चों को आवश्यकता अनुसार चश्मे भी उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि किसी भी बच्चे की पढ़ाई दृष्टि दोष के कारण प्रभावित न हो।

उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण में वरिष्ठ नागरिकों सहित जिले के सभी नागरिकों को नेत्र जांच के दायरे में लाया जाएगा। इसके अंतर्गत व्यावसायिक वाहन चालक, औद्योगिक श्रमिक, पुलिस, होमगार्ड, वन एवं राजस्व विभाग के मैदानी कर्मचारी तथा दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की भी चरणबद्ध जांच की जाएगी। अभियान के दौरान प्रत्येक लाभार्थी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उपचार एवं अनुवर्ती कार्रवाई की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

राहुल कुमार ने कहा कि मिशन दृष्टि बिलासपुर का उद्देश्य नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल बच्चों में दृष्टि दोष की समय पर पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ बिलासपुर को हिमाचल प्रदेश का पहला सर्वव्यापी नेत्र जांच जिला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
-000- DC Bilaspur

30/07/2026
28/07/2026

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार ने की समीक्षा बैठक

बिलासपुर, 28 जुलाई : जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), बिलासपुर के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। समारोह के प्रत्येक आयोजन को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी गणमान्य व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को समय पर निमंत्रण पत्र भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समारोह में सम्मानपूर्वक भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि समारोह में जिले के सभी विभागाध्यक्ष, जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को परेड में भाग लेने वाली टुकड़ियों का चयन, नियमित रिहर्सल तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद को शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त समारोह स्थल पर पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।

उपायुक्त ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्धारण शिक्षा विभाग तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के समन्वय से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नियमित रिहर्सल करवाई जाए तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर पात्र व्यक्तियों की अनुशंसित सूची 10 अगस्त से पूर्व उपायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है। सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने में योगदान दें।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, एसडीएम सदर राजकुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष, जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
-000-

26/07/2026
25/07/2026

24 व 25 जुलाई को स्वारघाट (कैंची मोड़ टनल-1) से मंडी भराड़ी चौक तक प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक बंद रहेगा यातायात: राहुल कुमार

इस अवधि के दौरान पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग पर डायवर्ट रहेगी वाहनों की आवाजाही, जिला दंडाधिकारी ने जारी किये आदेश

बिलासपुर, 23 जुलाई: जिला दंडाधिकारी बिलासपुर राहुल कुमार ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) परियोजना इकाई मंडी के अनुरोध तथा उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक श्री नैना देवी जी की अनुशंसा पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत स्वारघाट (कैंची मोड़ टनल-1) से मंडी भराड़ी चौक तथा मंडी भराड़ी चौक से स्वारघाट (कैंची मोड़ टनल-1) मार्ग पर निर्माण कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से यातायात व्यवस्था में अस्थायी परिवर्तन संबंधी आदेश जारी किए हैं।

जारी आदेशों के अनुसार उक्त मार्ग पर 24 तथा 25 जुलाई, 2026 को प्रातः 11ः 00 बजे से अपराह्न 4ः00 बजे तक सभी प्रकार के सामान्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान यातायात को पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर स्वारघाट (कैंची मोड़ टनल-1) से नौणी चौक (बिलासपुर) तथा इसी मार्ग से वापस डायवर्ट किया जाएगा।

जिला दंडाधिकारी ने जारी आदेशों में बताया है कि सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान एंबुलेंस, वीआईपी वाहन, स्कूल बसें तथा अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध रूप से आवागमन की अनुमति रहेगी, ताकि आमजन को आवश्यक सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-000- DC Bilaspur

Address

DC Office Bilaspur
Bilaspur
174001

Opening Hours

Monday 10am - 5pm
Tuesday 10am - 5pm
Wednesday 10am - 5pm
Thursday 10am - 5pm
Friday 10am - 5pm
Saturday 10am - 5pm

Telephone

01978-224155

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DC Bilaspur posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to DC Bilaspur:

Shortcuts

Share