13/08/2025
बोकारो, 13 अगस्त 2025
आम आदमी पार्टी बोकारो जिला के सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक बुधवार को पुस्तकालय मैदान सेक्टर पांच में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता वरीय कार्यकर्ता केएपी वर्मा ने की तथा संचालन शादाबुद्दीन शेख ने किया। विशेष तौर पर जोनल पर्यवेक्षक विधान चंद्र राय, दिनेश यादव और विकास श्रीवास्तव इस दौरान मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सर्वप्रथम हाल ही में दिवंगत झारखंड के निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को दो मिनट मौन रहकर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। बैठक में नये सिरे से जिला से लेकर प्रखंड तक संगठन मजबूत करने की रणनीति बनाई गयी। साथ ही विभिन्न प्रकोष्ठ गठन पर भी काम करने की जरुरत बतायी गयी।
बोकारो, धनबाद एवं गिरिडीह के जोनल पर्यवेक्षकों ने सभी उपस्थित सक्रिय कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेवारी दी।
विभिन्न वक्ताओं ने इस मौके पर कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर ही झारखंड में पार्टी मजबूत किया जा सकता है। पूरे राज्य में गांव से लेकर शहर तक आम लोग सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार से परेशान हैं। शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली-पानी आदि सुविधाओं के दिल्ली-पंजाब माॅडल की झारखंड प्रदेश में भी जरूरत है।
बैठक में आप नेता कुमार राकेश, अरविंद विकाश, धर्मेंद्र शर्मा, मंजुला देवी, सरिता देवी, श्वेता शर्मा, सतीश चंद्र गुप्ता, बैजनाथ गोराई, आनंद मंडल, संजय कुमार, मेहबूब आलम, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, मनौवर अंसारी, मनौवर अली, मदन पाठक, श्रीपति रजवार, जमालुद्दीन अंसारी सहित अन्य उपस्थित थे।