DC West Singhbhum

DC West Singhbhum सामुदायिक उत्थान ही सतत् विकास का उद्घोषक है!
(1)

झारखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है। उनका न...
06/09/2026

झारखंड सरकार के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं मर्माहत करने वाला है। उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है। राज्य सरकार द्वारा 06 एवं 07 सितंबर 2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक घोषित किया गया है।

पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक-संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा इस कठिन और दुःखद घड़ी में उनके परिजनों एवं शुभचिंतकों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सच्चाई-सेवा-समर्पण-सम्मान है, हमारी पहचान!=================मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत 56 मतदान केंद्रों पर नोटिस...
05/09/2026

सच्चाई-सेवा-समर्पण-सम्मान है, हमारी पहचान!
=================
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण के तहत 56 मतदान केंद्रों पर नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई
=================
मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में नोटिस एवं सुनवाई चरण के अंतर्गत विभिन्न मतदान केंद्रों पर नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज जिले के 56 मतदान केंद्रों पर संबंधित मतदाताओं की सुनवाई आयोजित की गई, जिसमें निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनके दावों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वैसे मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, जो मतदाता सूची की मैपिंग प्रक्रिया में ‘नो-मैपिंग’ की श्रेणी में पाए गए हैं अथवा जिनकी मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है। सुनवाई का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के दावों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

सुनवाई के दौरान संबंधित मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचित 12 मान्य दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के माध्यम से अपनी पात्रता प्रमाणित करने का अवसर दिया जा रहा है। दस्तावेजों के परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन के उपरांत पात्र मतदाताओं के नाम एवं विवरण को नियमानुसार मतदाता सूची में सुरक्षित एवं अद्यतन रखने की कार्रवाई की जा रही है।

यह सुनवाई निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के स्तर पर संचालित की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा मतदाताओं के प्रस्तुत दस्तावेजों एवं दावों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप परीक्षण किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सभी नोटिस प्राप्त मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करें तथा मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करें। प्रशासन का उद्देश्य पुनरीक्षण प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं विश्वसनीय बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
=================

सच्चाई-सेवा-समर्पण-सम्मान है, हमारी पहचान!=================शिक्षक दिवस पर 135 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान---------------...
05/09/2026

सच्चाई-सेवा-समर्पण-सम्मान है, हमारी पहचान!
=================
शिक्षक दिवस पर 135 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान
-------------------------
उपायुक्त ने कहा- “शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करते हैं”
================
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला प्रशासन के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भाग लिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश, सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित जिले के 135 शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन के साथ किया गया। इस अवसर पर उनके शिक्षा दर्शन और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को स्मरण किया गया।

समारोह के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सभी उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र, डायरी, कलम, बरसाती छाता सहित अन्य सम्मान सामग्री प्रदान कर उनके योगदान को सम्मानित किया गया।

“शिक्षक का एक प्रोत्साहन बदल सकता है विद्यार्थी का जीवन”- उपायुक्त

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाले व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माता होते हैं। कक्षा में शिक्षक द्वारा दिया गया मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और विश्वास कई बार किसी विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदल देता है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग क्षमता और प्रतिभा होती है। शिक्षकों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानें, उनमें आत्मविश्वास जगाएं और उन्हें अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करें। किसी विद्यार्थी की क्षमता को केवल परीक्षा के अंकों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जैसे भौगोलिक एवं सामाजिक दृष्टि से विविधतापूर्ण जिले में शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। दूरस्थ क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने तथा बच्चों को बेहतर अवसरों से जोड़ने में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने शिक्षकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बदलाव हो रहा है। नई तकनीक और शिक्षण पद्धतियों के अनुरूप स्वयं को तैयार करते हुए शिक्षकों को शिक्षा को सरल, रोचक और जीवनोपयोगी बनाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

उपायुक्त ने कहा, “आपके हाथों में जिले की आने वाली पीढ़ी का भविष्य है। आज जिन बच्चों को आप पढ़ा और मार्गदर्शन कर रहे हैं, वही कल समाज और देश की जिम्मेदारियों को संभालेंगे। इसलिए उन्हें ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, संवेदनशीलता और अच्छे मानवीय मूल्यों से भी जोड़ना आवश्यक है।”

उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके समर्पण और निरंतर प्रयास से ही शिक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और जिले के बच्चे अपने जीवन में आगे बढ़कर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे। जिला प्रशासन शिक्षकों के प्रयासों और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखता है।

◆ सम्मान से बढ़ा शिक्षकों का उत्साह

समारोह में सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान शिक्षकों को अपने दायित्वों के प्रति और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह जिले के शिक्षक समुदाय के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर बना। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत आधारशिला उन शिक्षकों के समर्पण से तैयार होती है, जो प्रतिदिन अपने विद्यार्थियों के सपनों को दिशा और उनके भविष्य को नई उड़ान देने का कार्य करते हैं।
=================

पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का जिला समाहरणालय में सम्मान--------------------------उपायुक्त ने कहा- शिक्ष...
05/09/2026

पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का जिला समाहरणालय में सम्मान
--------------------------
उपायुक्त ने कहा- शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
=================
पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कोल्हान विश्वविद्यालय से पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले कुल 36 अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित 8 जेआरएफ, 17 नेट क्वालिफाई एवं 11 पीएचडी डिग्री धारक अभ्यर्थियों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह, डायरी एवं कलम प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सम्मान समारोह में उपायुक्त ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में युवाओं की सफलता पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के समग्र विकास का सशक्त आधार है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी ज्ञान एवं शोध क्षमता का उपयोग समाज के हित में करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि आज सम्मानित हो रहे अभ्यर्थियों की उपलब्धियां जिले के अन्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करेंगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहयोग करने की अपील की।

मौके पर उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार ने सभी सफल अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ जैसी प्रतिष्ठित शैक्षणिक उपलब्धियां अभ्यर्थियों के ज्ञान, समर्पण और निरंतर प्रयास का परिणाम हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ते हुए जिले एवं राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में युवाओं की बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संकेत है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को शिक्षा के प्रसार तथा नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देने के लिए भी आगे आना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में अपना भविष्य बना सकें।

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल, स्थापना उपसमाहर्ता श्री कुमार हर्ष, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार, कोल्हान विश्वविद्यालय से डॉ. मीनाक्षी मुंडा, डॉ. सुनीता कुमारी एवं श्री कंचन कच्छप सहित पीएचडी, नेट एवं जेआरएफ डिग्री धारक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
=================

शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव- उपायुक्त श्री मनीष कुमार--------------------------सीएम उत्कृष्ट प्...
05/09/2026

शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव- उपायुक्त श्री मनीष कुमार
--------------------------
सीएम उत्कृष्ट प्लस टू जिला उच्च विद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह आयोजित, उपायुक्त ने डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन
=================
पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सीएम उत्कृष्ट प्लस टू जिला हाई स्कूल के सभागार में शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने भाग लिया। इस अवसर पर सहायक समाहर्ता सुश्री ईरा जोरवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री प्रिंस कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक रीति-रिवाज से आत्मीय स्वागत किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक दिवस के महत्व और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षक केवल वह व्यक्ति नहीं होता जो हमें विद्यालय में पाठ पढ़ाता है, बल्कि जीवन में जिस किसी व्यक्ति से हमें कोई सीख, अनुभव, मार्गदर्शन अथवा प्रेरणा प्राप्त होती है, वह किसी न किसी रूप में हमारे लिए शिक्षक के समान है। जीवन निरंतर सीखने की प्रक्रिया है और प्रत्येक अनुभव हमें कुछ नया सिखाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समुदाय समाज का ऐसा वर्ग है जो निरंतर दूसरों को ज्ञान, संस्कार, मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान करता है। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उनके भीतर भविष्य के प्रति विश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव को उदारतापूर्वक समाज को देते रहते हैं और बदले में किसी व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा नहीं रखते। इसलिए समाज का दायित्व है कि वह शिक्षकों के योगदान को समझे और उन्हें उचित सम्मान प्रदान करे।

उपायुक्त ने कहा कि आज हम सभी जिस स्थान पर हैं, उसमें हमारे माता-पिता, गुरुजनों और जीवन में मार्गदर्शन देने वाले अनेक व्यक्तियों का महत्वपूर्ण योगदान है। इसलिए शिक्षक दिवस केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि उन सभी गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने हमारे जीवन को दिशा दी है। इस अवसर पर उन्होंने भारत के महान दार्शनिक, शिक्षाविद् और पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए कहा कि उनका जीवन शिक्षा, ज्ञान और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। डॉ.राधाकृष्णन ने शिक्षा को केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, विचार और व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त आधार माना। उनके विचार आज भी शिक्षक और विद्यार्थियों दोनों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।

उपायुक्त ने कहा कि डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्वयं एक महान शिक्षक रहे और जब उनके जन्मदिन को मनाने की बात आई तो उन्होंने इसे व्यक्तिगत उत्सव के बजाय शिक्षक समुदाय को समर्पित करने की भावना व्यक्त की। इसी महान परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को आगे बढ़ाते हुए उनके जन्मदिवस पर देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे अपने शिक्षकों द्वारा दिए जा रहे ज्ञान और मार्गदर्शन का सदुपयोग करें। जीवन में सफलता केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि एक अच्छा और संवेदनशील इंसान बनना भी उतना ही आवश्यक है। विद्यार्थी जिज्ञासु बनें, निरंतर सीखते रहें, अनुशासन और संस्कार को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं तथा अपने शिक्षकों का सदैव सम्मान करें।

उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे सही दिशा प्रदान करते हैं। एक अच्छे शिक्षक का प्रभाव विद्यार्थी के जीवन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके माध्यम से पूरे समाज और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचता है। इसलिए शिक्षक वास्तव में समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त ने उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके समर्पण, धैर्य एवं निरंतर प्रयासों का सम्मान किया जाना चाहिए।

समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा सराहना की गई। कार्यक्रम का समापन शिक्षक समुदाय के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ हुआ।
=================

रिक्त मानकी-मुंडा पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाएं, आपदा पीड़ितों को शीघ्र मिले मुआवजा राशि- उपायुक्त-----------...
05/09/2026

रिक्त मानकी-मुंडा पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाएं, आपदा पीड़ितों को शीघ्र मिले मुआवजा राशि- उपायुक्त
--------------------------
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त ने प्रशासनिक एवं विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा
--------------------------
लंबित दाखिल-खारिज मामलों के त्वरित निष्पादन और 15वें वित्त आयोग की राशि का जनहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
=================
पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। वर्चुअल बैठक में उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त श्री किस्टो कुमार बेसरा सहित जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में सर्वप्रथम उपायुक्त ने जिले के विभिन्न अंचल क्षेत्रों में रिक्त मानकी एवं मुंडा पदों पर नियुक्ति से संबंधित कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन अंचल क्षेत्रों से अब तक मानकी-मुंडा की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव आवश्यक दस्तावेजों के साथ कोल्हान अधीक्षक कार्यालय को उपलब्ध नहीं कराया गया है, वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने कहा कि जहां अब तक ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया गया है, वहां नियमानुसार जल्द से जल्द ग्राम सभा आयोजित कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही, नियुक्ति से संबंधित सभी वांछित दस्तावेज एवं प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

बैठक में मानकी एवं मुंडा के मानदेय भुगतान की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पात्र मानकी-मुंडा का लंबित मानदेय भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

◆ आपदा पीड़ितों को शीघ्र मिले राहत एवं मुआवजा

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला अंतर्गत आपदा प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की। हाल के दिनों में अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त मकानों तथा वज्रपात के कारण पशु क्षति सहित अन्य आपदा संबंधी मामलों की अंचलवार समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित व्यक्तियों को सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप राहत एवं मुआवजा राशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी अंचल अधिकारी आवश्यक दस्तावेज एवं सत्यापित प्रतिवेदन बिना विलंब जिला आपदा प्रबंधन शाखा को उपलब्ध कराएं, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके।

अंचलवार आपदा संबंधी प्रतिवेदनों का अवलोकन करते हुए उपायुक्त ने कहा कि अतिवृष्टि अथवा हाथी उत्पात के कारण जिन व्यक्तियों के आवास पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें निर्धारित पात्रता एवं प्रावधानों के अनुरूप बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

◆ 90 दिनों से अधिक लंबित दाखिल-खारिज मामलों के निष्पादन का निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी अंचल कार्यालयों में दाखिल-खारिज से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित करते हुए उनका तत्काल निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के समयबद्ध निष्पादन से आम नागरिकों को सीधे तौर पर सुविधा मिलती है। इसलिए सभी अंचल अधिकारी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।

◆ 15वें वित्त आयोग की राशि का अधिकतम जनहित में उपयोग करने का निर्देश

बैठक में 15वें वित्त आयोग मद की राशि से संचालित एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। पंचायत भवनों के सुदृढ़ीकरण, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में हैंड वॉश यूनिट निर्माण, पेवर ब्लॉक निर्माण सहित अन्य जनउपयोगी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि उपलब्ध राशि का अधिकतम एवं गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए पंचायत सचिवालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को अधिक सुविधाजनक और जनउपयोगी बनाया जाए। उन्होंने पदाधिकारियों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता तय करते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

◆ जीपीडीपी में शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त ने ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत पोर्टल पर प्रविष्टियों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जीपीडीपी के अंतर्गत सभी आवश्यक प्रविष्टियां शत-प्रतिशत पोर्टल पर सुनिश्चित की जाएं। पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए योजना निर्माण एवं पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया।

◆ सेविका-सहायिका नियुक्ति प्रक्रिया में आवश्यक कार्रवाई करें

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में सेविका एवं सहायिका की नियुक्ति से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया के अनुरूप नियुक्ति संबंधी कार्रवाई में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि आंगनबाड़ी केंद्रों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

◆ नए मतदाताओं से फॉर्म-6 प्राप्त करने पर विशेष ध्यान

बैठक के अंत में उपायुक्त ने जिले में संचालित मतदाता सूची विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नए एवं पात्र मतदाताओं से फॉर्म-6 प्राप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रियता के साथ कार्य करें तथा पात्र नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के माध्यम से नाम पंजीकरण की प्रक्रिया से जोड़ना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
=================

05/09/2026

महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षा की ज्योति से जन-जन को रोशन करने में योगदान दे रहे झारखण्ड के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं एवं जोहार।

05/09/2026

शिक्षक दिवस के शुभ अवसर पर सभी आदरणीय शिक्षकों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं!

शिक्षक केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि चरित्र और भविष्य का निर्माण कर राष्ट्र की नींव मजबूत करते हैं। आपका त्याग, मार्गदर्शन और निस्वार्थ सेवा अतुलनीय है।

देश के विकास में आपके अमूल्य योगदान के लिए हम हृदय से कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में 52.चाईबासा, 53.मझगांव, 54.जगन्नाथपुर, 55.मनोहरपुर व 56.चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र तहत दिनांक 05...
04/09/2026

पश्चिमी सिंहभूम जिले में 52.चाईबासा, 53.मझगांव, 54.जगन्नाथपुर, 55.मनोहरपुर व 56.चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र तहत दिनांक 05 सितंबर 2026, शनिवार को विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत नोटिस सुनवाई से संबंधित स्थलों की सूचना को साझा किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत सभी संबंधित मतदाताओं को सूचित किया जाता है कि नोटिस की सुनवाई निर्धारित स्थल पर ही होगी। सभी संबंधित मतदाताओं से अनुरोध है कि वे नियत समय पर अपने दस्तावेज के साथ उपस्थित हों, ताकि प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। आपकी उपस्थिति और सहयोग अति आवश्यक है।

पश्चिमी सिंहभूम जिले में दिनांक 05 सितम्बर 2026, शनिवार को विद्यालय स्तर पर लगने वाले आधार कैंप से संबंधित स्थलों की सूच...
04/09/2026

पश्चिमी सिंहभूम जिले में दिनांक 05 सितम्बर 2026, शनिवार को विद्यालय स्तर पर लगने वाले आधार कैंप से संबंधित स्थलों की सूची

Address

DC Office (समाहरणालय)
Chaibasa

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DC West Singhbhum posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share