20/08/2026
सद्भावना दिवस के रूप में मनाई पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती
पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज चम्बा वन मंडल में सद्भावना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वन मंडल कार्यालय चम्बा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सद्भावना दिवस की शपथ ली।
इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म अथवा भाषा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव किए बिना सभी भारतवासियों की भावनात्मक एकता एवं सद्भावना के लिए कार्य करने तथा हिंसा का सहारा लिए बिना सभी प्रकार के मतभेदों को बातचीत एवं संवैधानिक माध्यमों से सुलझाने की शपथ ली।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे एवं सांप्रदायिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि देश की विविधता में एकता को बनाए रखने के लिए आपसी सम्मान, सहयोग एवं सौहार्द की भावना आवश्यक है तथा इन मूल्यों को अपने कार्य एवं व्यवहार में अपनाना हम सभी का दायित्व है।