District Magistrate Chamoli

District Magistrate Chamoli This is the official page of District Administration Chamoli. It gives the public interest information.

It is a platform from where the peoples of Chamoli will know what steps the administration or government taken for their welfare.

चमोली 02 सितम्बर 2026, सू.वि.*दूध बेचकर हर माह ₹12 हजार तक कमा रहीं लक्ष्मी देवी*ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त ...
02/09/2026

चमोली 02 सितम्बर 2026, सू.वि.

*दूध बेचकर हर माह ₹12 हजार तक कमा रहीं लक्ष्मी देवी*

ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित ग्रामोत्थान परियोजना (रीप) ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध करा रही है। परियोजना से जुड़कर कई महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के दम पर परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। ग्राम कनौठ निवासी श्रीमती लक्ष्मी देवी भी डेयरी व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ते हुए अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

श्रीमती लक्ष्मी देवी अनुसूया मां ग्राम संगठन एवं नंदा क्लस्टर नौटी के अंतर्गत संचालित जय संतोषी मां स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी आजीविका को मजबूत करने के लिए डेयरी व्यवसाय को अपनाया। इसके लिए उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पशुपालन को आय के नियमित स्रोत के रूप में विकसित किया।

ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत अल्ट्रा पुअर पैकेज के माध्यम से उन्हें ₹35,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। लक्ष्मी देवी ने इस सहायता से डेयरी गतिविधि को आगे बढ़ाया और इसे अपने परिवार की आय का मजबूत जरिया बनाया।

मेहनत और निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि वर्तमान में लक्ष्मी देवी स्थानीय बाजार में प्रतिदिन लगभग 8 से 10 लीटर दूध बेच रही हैं। इससे उन्हें प्रतिमाह लगभग ₹10,000 से ₹12,000 की आय प्राप्त हो रही है। डेयरी व्यवसाय से होने वाली इस अतिरिक्त आमदनी ने उनके परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

लक्ष्मी देवी बताती हैं कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने और परियोजना के माध्यम से मिली वित्तीय सहायता ने उन्हें अपनी आजीविका को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाने का अवसर दिया। आज वह अपने काम को लेकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों में भी अपना योगदान दे रही हैं।

चमोली 2 सितम्बर 2026, (सू.वि.)*बीस सूत्रीय कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश*मुख्य विकास अधिकारी डॉ ...
02/09/2026

चमोली 2 सितम्बर 2026, (सू.वि.)

*बीस सूत्रीय कार्यक्रम के लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश*

मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की माह जुलाई 2026 तक की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई।

इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों, प्रगति की स्थिति तथा विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग के अंतर्गत आने वाले बीस सूत्रीय कार्यक्रम के बिंदुओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से कम प्रगति वाले बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं का सीधा संबंध जनहित और जनकल्याण से है। इसलिए योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जाए। विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर योजनाओं की निरंतर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करना सुनिश्चित करें।

बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं की प्रगति, विभागों द्वारा किए गए कार्यों तथा लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी अवधि में निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की कार्ययोजना की जानकारी दी।

बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

*मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनता दरबार का किया गया आयोजन**फरियादियों ने जनता दरबार में दर्ज करायी 33 शिकायतें*...
31/08/2026

*मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जनता दरबार का किया गया आयोजन*

*फरियादियों ने जनता दरबार में दर्ज करायी 33 शिकायतें*

मुख्य विकास अधिकारी, डॉ0 अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपने क्षेत्र की शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा दीवार निर्माण, जंगली जानवरों द्वारा पहुॅचाये जा रहे फसलों को क्षति सम्बन्धी कुल 33 शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा गया, मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में जनता की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना गया एवं मौके पर 18 शिकायतों का निस्तारण करते हुये अवशेष शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ग्राम सभा गौंणा से गजेन्द्र रावत ने राजकीय इण्टर कॉलेज गौंणा में शिक्षकों की तैनाती की मांग रखी उन्होंने कहा कि विद्यालय में दूरस्थ क्षेत्र धारकुमाला, दुर्मी एवं पगना के विद्यार्थी भी अध्ययन हेतु आते हैं, एवं वर्तमान में विद्यालय में 5 शिक्षकों के पद खाली हैं। नन्दानगर के निवासियों ने भी राजकीय बालिका इण्टर कालेज नन्दानगर में शिक्षकों को तैनात करने की मॉग मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखी।

दीपक बिष्ट सदस्य, नगर पालिका परिषद चमोली ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में डॉक्टरों के पद रिक्त होंने की शिकायत जनता मिलन कार्यक्रम में रखी, उन्होंने कहा कि बाल रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ एवं ईएनटी विशेषज्ञ जैसे महत्वपूर्ण डॉक्टरों की नियुक्ति जनहित में तत्काल की जाए।

जनता मिलन में ग्राम सकण्ड के ग्रामीणों ने ग्रामसभा को सड़क मार्ग से जोड़ने एवं खोड़ मलाना के ग्रामीणों ने कृषि भूमि को जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु वायर फेंसिंग की मांग रखी। साथ ही उपस्थित अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न समस्याओं को जनता मिलन कार्यक्रम में रखा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आमजनमानस की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, एवं सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया की आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं स्थाई समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान जनता मिलन कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, चमोली राजकुमार पाण्डेय, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।

*रक्षाबंधन से पहले चमोली में खाद्य दुकानों पर छापेमारी**पांच दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए, तीन दुकानों में एक्स...
25/08/2026

*रक्षाबंधन से पहले चमोली में खाद्य दुकानों पर छापेमारी*

*पांच दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए, तीन दुकानों में एक्सपायरी सामग्री नष्ट कर नोटिस जारी*

रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में चमोली जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोपेश्वर, चमोली और पीपलकोटी बाजारों में दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, पैकेजिंग, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था की जांच की। इस दौरान पांच दुकानों से खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। वहीं, तीन दुकानों में कालातीत (एक्सपायरी) खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

अभिहित अधिकारी अमिताभ जोशी ने बताया कि त्यौहारी सीजन में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बाजारों में लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी प्रमुख बाजारों में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने व्यापारियों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई का उद्देश्य त्यौहार के दौरान मिलावटी, खराब अथवा कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।

*खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक**प्रस्तावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण हेतु सम...
25/08/2026

*खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*

*प्रस्तावित क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण हेतु सम्बन्धित विभागों की संयुक्त समिति का किया गया गठन*

जिला अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार गोपेश्वर में खान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉकों की नीलामी प्रक्रिया के तहत समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी खनिज ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया की वर्तमान प्रगति, इसके सफल क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर इसके समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि खान मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जनपद चमोली के कर्णप्रयाग एवं पोखरी क्षेत्रों को चिन्हित कर शामिल किया गया है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राज्य इकाई देहरादून द्वारा जनपद चमोली के उक्त क्षेत्रों का अन्वेषण किया गया एवं इन क्षेत्रों में तांबा, सीसा और जस्ता के भंडार पाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद में प्रस्तावित उक्त क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण हेतु राजस्व, वन विभाग, सिंचाई, भूतत्व एवं खनिकर्म, आपदा प्रबन्धन, एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त समिति गठित की गयी है। समिति को जल्द अपनी आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये है ताकि इस सम्बन्ध में अग्रेत्तर कार्यवाही समय से पूर्ण की जा सके।

इस दौरान बैठक में जिला खान अधिकारी अंकित चंद, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी, उप प्रभागीय वनाधिकारी जुगल किशोर, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग सुरेन्द्र सिंह सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

*मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना से महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का मंच**मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल...
24/08/2026

*मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना से महिलाओं को मिल रहा स्वरोजगार का मंच*

*मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से किया संवाद*

मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से कलेक्ट्रेट परिसर गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं द्वारा स्थानीय स्तर पर किए जा रहे स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन के कार्यों की जानकारी ली और उनके प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में श्रीमती नीरजा पंवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने अपने सिलाई सेंटर के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को हुनरमंद बनाने की पहल की है। एनआरएलएम के तहत अब तक 15 से 20 महिलाओं को सिलाई का प्रशिक्षण दिया गया है, जिसके बाद ये महिलाएं उनके सेंटर से जुड़कर कार्य कर रही हैं और अपनी आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को सिलाई तक सीमित न रखते हुए रक्षाबंधन के लिए राखियां, बिजंती की माला तथा पिरूल से विभिन्न उत्पाद तैयार करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। उनके सेंटर से जुड़ी महिलाओं द्वारा अब तक करीब 15 से 20 हजार राखियों की बिक्री की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं अचार, जूस, जेली बनाने के साथ ही मधुमक्खी पालन का कार्य भी कर रही हैं। उनका उद्देश्य गांव की अधिक से अधिक महिलाओं को उनके हुनर से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

वहीं श्रीमती नंदी राणा ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह स्वयं सहायता समूह से जुड़कर स्थानीय स्तर पर आयोजित संडे मार्केट में समूह द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री कर रही हैं। इसके साथ ही गोपेश्वर में कटाई-बुनाई के माध्यम से कुशन कवर, पंखी एवं अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर समूह की महिलाओं द्वारा राखियां भी तैयार की जा रही हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आय का अवसर मिल रहा है। स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने और नियमित बिक्री होने से समूह की महिलाओं की आजीविका में सुधार के साथ आत्मनिर्भरता भी बढ़ रही है।

जनपद के विभिन्न विकासखंडों में 30 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं सशक्त बहना उत्सव के माध्यम से अपने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करा रही हैं। महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित वस्तुओं, राखियों, खाद्य उत्पादों, ऊनी एवं सिलाई-बुनाई से तैयार सामग्री को स्थानीय बाजार से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं के हुनर को पहचान दिलाते हुए उन्हें स्वरोजगार, बाजार और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार , मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आंनद सिंह सहित अन्य अधिकारी व विभिन्न समूहों की महिलाएं उपस्थित रही।

*के.वी. ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर का जलवा, हिफजा को स्वर्ण, श्रेय को कांस्य*बैंगलोर में 07 से 11 अगस्त 20...
24/08/2026

*के.वी. ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर का जलवा, हिफजा को स्वर्ण, श्रेय को कांस्य*

बैंगलोर में 07 से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित बालक वर्ग की के.वी. ताइक्वांडो नेशनल चैंपियनशिप में गोपेश्वर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी श्रेय किमोठी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

वहीं, 15 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में कु. हिफजा नूर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। हिफजा नूर का चयन भारतीय खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित एसजीएफआई (SGFI) चैंपियनशिप के लिए भी हुआ है। वह अक्टूबर माह में हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली एसजीएफआई चैंपियनशिप में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

जनपद लौटने पर जिला ताइक्वांडो समिति की ओर से दोनों खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया। समिति के अध्यक्ष शहबाज अहमद, उपाध्यक्ष उपासना के. डिमरी, कोच शुभम शाह सहित अन्य ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी।

*सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के समाधान में तेजी लाएं— जिलाधिकारी*जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन ...
24/08/2026

*सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के समाधान में तेजी लाएं— जिलाधिकारी*

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित 16 प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और प्रत्येक प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली व सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर प्रकरणों की निगरानी करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा कार्रवाई की स्थिति को पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपडेट करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों के स्तर से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

*26 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने तय की कार्रवाई, जांच-सर्वे से लेकर प्रतिकर जारी करने के दिए निर्देश**भूमि प्रतिकर जारी करन...
24/08/2026

*26 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने तय की कार्रवाई, जांच-सर्वे से लेकर प्रतिकर जारी करने के दिए निर्देश*

*भूमि प्रतिकर जारी करने, विस्थापन की जांच और सुरक्षा को लेकर सर्वे के निर्देश*

जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने कुल 26 शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में किशन सिंह रावत ने जोशीमठ मलारी सड़क में भू - अधिग्रहण प्रतिकर से संबंधित समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने भूमि अध्याप्ति सहायक को किशन सिंह सहित प्राप्त सभी सम्बन्धित प्रकरणों में प्रतिकर की कार्रवाई तत्काल जारी करने के निर्देश दिए। राधिका देवी, निवासी देवग्राम ने देवग्राम के 27 परिवारों के अन्यत्र विस्थापन की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

यादवेन्द्र सिंह, निवासी उर्गम ने कल्पेश्वर महादेव मंदिर की सुरक्षा एवं आपदा सुरक्षा से संबंधित समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ संयुक्त सर्वे कर सुरक्षा कार्य करने के निर्देश दिए।

बलवंत सिंह, निवासी गोपेश्वर ने वार्ड संख्या-1 में नाली निर्माण की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को बरसात के बाद तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विक्रम, निवासी उर्गम ने विद्युत संयोजन हटाए जाने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं विकासनगर, न्यू लॉ कॉलेज गोपेश्वर के समस्त मोहल्लावासियों ने निर्माण कार्य रोके जाने संबंधी शिकायत रखी। जिलाधिकारी ने तहसीलदार को भूमि की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रेम सिंह, दर्शन नेगी एवं अन्य ने उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों से संबंधित विभिन्न मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त विपिन सिंह, अतुल शाह, सुधा देवी, जय लाल, बुद्धि प्रसाद, गोपाल सिंह सहित अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं एवं शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आमजन मौजूद रहे।

चमोली, 22 अगस्त 2026 (सू.वि.)*श्रम कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, एक माह में सभी पात्र श्रमिकों के कार्ड बनाने ...
22/08/2026

चमोली, 22 अगस्त 2026 (सू.वि.)

*श्रम कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, एक माह में सभी पात्र श्रमिकों के कार्ड बनाने का लक्ष्य*

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शनिवार को श्रम कार्ड निर्माण की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रम कार्ड बनाने के लिए टोकन की संख्या बढ़ाई जाए तथा प्रतिदिन बनने वाले श्रम कार्डों की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को नियमित रूप से इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सम्बद्ध एजेंसियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही गैर-प्रदर्शनकारी सीएससी सेंटरों को चेतावनी जारी करने और श्रम कार्ड निर्माण की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाने के लिए आवश्यक अनुशंसाएं समयबद्ध रूप से भेजने को कहा।

जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर भी श्रमिकों को श्रम कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ब्लॉक ऑपरेटरों को आवश्यक निर्देश जारी करने हेतु परियोजना निदेशक को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर एक माह के भीतर सभी पात्र श्रमिकों के श्रम कार्ड बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र श्रमिक को योजना का लाभ लेने में कठिनाई न हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Address

Chamoli
Chamoli
246401

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when District Magistrate Chamoli posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to District Magistrate Chamoli:

Shortcuts

Share