19/07/2026
कुलुआ पहुंचे योगेंद्र कुशवाहा: पीड़ित परिवार से की मुलाकात, दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
दमोह। कुम्हारी के ग्राम कुलुआ में बीते ३ जुलाई को बबलू पटेल उर्फ बेनीप्रसाद पटेल के साथ हुई मारपीट, कथित नकदी और बाइक लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मामले में न्याय की मांग को लेकर सम्राट अशोक क्रांति सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र कुशवाहा पीड़ित परिवार से मिलने कुलुआ पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें हर संभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
प्रशासन पर ढीली कार्रवाई का आरोप
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद योगेंद्र कुशवाहा ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा:
"घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है, जो बेहद चिंताजनक है। प्रशासन को तुरंत हरकत में आना चाहिए और दोषियों को गिरफ्तार कर लूटी गई नकदी व बाइक बरामद करनी चाहिए।"
उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शीघ्र ही आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो सम्राट अशोक क्रांति सेना उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
संगठन का हुआ विस्तार, ग्राम कार्यकारिणी का गठन
इस दौरे के दौरान ग्रामीणों की एक आवश्यक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में सम्राट अशोक क्रांति सेना की नीतियों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सर्वसम्मति से ग्राम कार्यकारिणी का गठन कर पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
यह पदाधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान प्रमुख रूप से जिला प्रभारी प्रभुदयाल कुशवाहा, जिला अध्यक्ष इंजीनियर मोहन पटेल, कुशवाहा समाज अध्यक्ष ईश्वर दास साई बाबा, जनपद सदस्य कृष्णा कुमार, साधना कुशवाहा, चाहत कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
Yogendra Kushwaha योगेंद्र कुशवाहा दमोह विधानसभा