21/07/2026
मैं हूँ उत्तर प्रदेश । आजमगढ़ की लौंगलता का स्वाद अब तक जुबान पर है परंतु अब इस स्वाद से उभरने का समय आ गया है । आज मैं अपने जिले शामली की पलंगतोड़ मिठाई का स्वाद लेकर आपके समक्ष प्रस्तुत हूँ । इस मिठाई का नाम सुनकर आप चौंकियेगा मत । इस मिठाई का नाम भले ही अटपटा हो पर इसका स्वाद सभी को बहुत भाता है । एक जिला एक व्यंजन योजना में इस मिठाई को शामिल किया गया है । निस्संदेह इस पहल के ज़रिए इस मिठाई की पहचान और पहुँच का दायरा बढ़ेगा ।
पलंगतोड़ मिठाई मेरे पश्चिमी भागों की स्वादिष्ट और पारंपरिक मिठाई है । शामली जिला इस मिठाई के लिए विशेष रूप से जाना जाता है । इस मिठाई को खोया, चीनी, देशी घी और ढेर सारे सूखे मेवे से बनाया जाता है । इसमें बादाम, काजू, पिस्ता, चिरौंजी आदि की प्रचुर मात्रा होने के कारण यह मिठाई भरपूर ताकत और ऊर्जा प्रदान करती है । इसके स्वाद को बढ़ाने के लिए इसमें इलायची और केसर भी डाला जाता है । सामान्य बर्फी की तुलना में यह अधिक मोटी, गाढ़ी और दानेदार होती है । इसलिए इसकी कम मात्रा ही पेट को भर देती है । इसको खाने के बाद सोने का मन करता है शायद इसलिए ही इसका नाम पलंगतोड़ मिठाई पड़ा ।
इस समृद्ध स्वाद वाली मिठाई का जन्म शामली और मुजफ्फ़रनगर से जुड़ा है । इन क्षेत्रों में गन्ना, दूध और डेयरी पदार्थों का उत्पादन बड़ी मात्रा में होता है । इसलिए यहाँ खोया और चीनी प्रयुक्त होने वाले उत्पाद अधिक बनते हैं । समय बीतने के साथ साथ शामली की पलंगतोड़ मिठाई यहाँ की पहचान बन गई । आज तक शामली की यह मिठाई बनाने की पारंपरिक विधि एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी को निरंतर हस्तांतरित होती रही है ।
यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पलंगतोड़ मिठाई का स्वाद और पहचान कुछ स्थानों तक ही सीमित होकर रह गई है । इसलिए जब मेरी इस मिठाई को एक जिला एक व्यंजन योजना में चयनित किया गया तब से मैं इस मिठाई की सुखद भविष्य की कल्पना करने लगा । अब इस मिठाई के कारोबार को बढ़ाने के लिए ऋण के साथ प्रति इकाई को तीन लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी । इससे छोटे निवेशकों और हलवाइयों को फायदा मिलेगा । इस मिठाई की ब्रांडिंग बढ़ने से इसकी राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान बढ़ेगी । बाज़ार में इसकी माँग बढ़ने से रोज़गार के अवसर उपलब्ध होंगे जो यहाँ के युवाओं और महिलाओं के लिए काम के बेहतर विकल्प हो सकते हैं । यह मिठाई लंबे समय तक सुरक्षित रखी जा सकती है । इसलिए ई कॉमर्स प्लेटफार्मों के माध्यम से इसे देश भर में कहीं भी भेजा जा सकता है ।
शामली की पलंगतोड़ मिठाई इस क्षेत्र की पहचान है, इसलिए मैं यह चाहता हूं कि एक जिला एक व्यंजन योजना के जरिये लोगो इसके बारे में जानें । यहाँ आने वाले पर्यटक इस मिठाई के स्वाद को चखें और सराहें । पलंगतोड़ मिठाई की पौष्टिकता और पारंपरिक स्वाद का मेल सदैव ही लोगों को लुभाता रहे ।
अब मैं अपनी वाणी को विराम देता हूँ l आप सब ऐसे ही मेरे साथ बने रहिये l कृपया इस पोस्ट को लाइक और शेयर करें और आगे भी ऐसी ही जानकारियां हासिल करते रहने के लिए, नीचे दिए लिंक के द्वारा मेरे पेज को फॉलो करें l धन्यवाद...
https://bit.ly/2XM8Nx2