PRO Dhar

PRO Dhar PROjansampark Dhar, Government of Mdhya Pradesh
(1)

l मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिला धार में आयोजित प्रथम युवा आपदा मित्र प्रश...
05/09/2026

l मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत जिला धार में आयोजित प्रथम युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के छठवें कार्यदिवस पर जिले के 250 युवा आपदा मित्रों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने, बचाव एवं राहत कार्यों की व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला आलीराजपुर के कंपनी कमांडर श्री राजकुमार कटारे ने सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु) आपदाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षा उपायों एवं बचाव तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। प्लाटून कमांडर श्री अशोक चौधरी ने शीत लहर के दौरान आवश्यक सावधानियों, जोखिमों तथा रेस्क्यू के मूलभूत सिद्धांतों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया।
इसी क्रम में जिला सेनानी श्री आर.पी. मीना ने सूखा एवं लू जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए जलवायु परिवर्तन एवं अल-नीनो के संभावित प्रभावों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने आपदा की स्थिति में समय पर आवश्यक कदम उठाने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा जनसुरक्षा को प्राथमिकता देने के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान युवा आपदा मित्रों को आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, सुरक्षित रेस्क्यू करने, टीम के साथ समन्वय स्थापित करने तथा उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में जिले के 250 युवा आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता की तथा विभिन्न आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए महत्वपूर्ण कौशल एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
Jansampark Madhya Pradesh

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आज ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित...
05/09/2026

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आज ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सहित ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री मीना ने विभागवार योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक सप्ताह का लक्ष्य निर्धारित कर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय पर मिले तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने हितग्राहियों से निरंतर संपर्क एवं मोटिवेशन के माध्यम से व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के उद्देश्यों की पूर्ति के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी एवं हितग्राहियों से संवाद आवश्यक है।
वी.बी.जी. राम जी योजना के अंतर्गत पूर्व वर्षों के अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपूर्ण निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराकर ग्रामीणजनों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर श्री मीना ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे अपूर्ण निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड भ्रमण करने के निर्देश दिए, ताकि धरातल पर कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके और आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित हो।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य प्राप्त करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Jansampark Madhya Pradesh Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh

धार नगरीय क्षेत्र में आगामी 7 सितंबर को निकलने वाले बाबा धारनाथ की पालकी (छबीना) को लेकर यातायात एवं मार्ग व्यवस्थाJansa...
05/09/2026

धार नगरीय क्षेत्र में आगामी 7 सितंबर को निकलने वाले बाबा धारनाथ की पालकी (छबीना) को लेकर यातायात एवं मार्ग व्यवस्था
Jansampark Madhya Pradesh

जिला शिक्षक सम्मान समारोह समिति, धार द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान ...
05/09/2026

जिला शिक्षक सम्मान समारोह समिति, धार द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान समारोह श्रद्धा गार्डन, धार में आयोजित किया गया। समारोह में 1 सितम्बर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक सेवानिवृत्त हुए जनजातीय कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग के 208 शिक्षकों, व्याख्याताओं एवं प्राचार्यों का शॉल, श्रीफल, माला एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में धार जिले का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली 13 विशिष्ट प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य वक्ता प्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं साहित्यकार डॉ. स्वाति तिवारी, मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना तथा अध्यक्षता जिला पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने की। इस अवसर पर समिति के संरक्षक श्री बबन अग्रवाल, श्री रामनारायण धाकड़, अध्यक्ष श्री नारायण कुबेर जोशी, संस्थापक एवं सचिव श्री सुरेशचंद्र गोयल तथा भारतीय स्टेट बैंक के चीफ मैनेजर श्री बी. संतोष मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।

*43 वर्षों से सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान की परंपरा*

समिति के प्रवक्ता श्री आशीष गोयल ने समिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिला शिक्षक सम्मान समारोह समिति द्वारा पिछले 43 वर्षों से सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया जा रहा है। इस अवधि में लगभग 6 हजार सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया जा चुका है। समिति द्वारा सम्मानित शिक्षकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाती है।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों तथा हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी विद्यालयों में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का भी सम्मान किया जाता रहा है। विगत 12 वर्षों से शिक्षा, साहित्य, कला, संस्कृति, खेल, समाजसेवा एवं पर्यावरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में जिले का नाम गौरवान्वित करने वाली विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान भी किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समिति के इस आयोजन को वर्ष 2018 में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तथा वर्ष 2022 में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा सम्मानित किया गया है। समिति के अनुसार यह आयोजन सेवानिवृत्त शिक्षकों के विश्व के सबसे बड़े सम्मान समारोह के रूप में पहचान बना चुका है।
समिति द्वारा सामाजिक एवं पर्यावरणीय क्षेत्र में भी निरंतर गतिविधियां संचालित की जाती हैं। नगर में चार यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण, विश्व पर्यावरण दिवस एवं हरियाली अमावस्या पर पौधारोपण तथा कोरोना काल में जरूरतमंदों को भोजन वितरण एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन भी समिति द्वारा किया गया।

*13 विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान*

समारोह में समाजसेवा के क्षेत्र में श्री बबनलाल अग्रवाल ‘मामाजी’, भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित श्री अनिमेष जैन, श्री प्रक्षाल जैन, श्री गौरव जाट, भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित सुश्री श्रावणी विभूते, सीए परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर टॉपर श्री मुकुंद अग्रवाल, राष्ट्रपति पुलिस पदक प्राप्त डॉ. श्रीमती सीमा अलावा, जज पद पर चयनित श्री अभिनव अग्रवाल, राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका श्रीमती राधा शर्मा, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच श्री विशाल दामके, राष्ट्रीय जूनियर बैडमिंटन चैंपियन श्री अश्मित अरोड़ा, भारतीय संसद में यूथ आइकॉन सुश्री सोनालिका निगम तथा पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले श्री चेतन वसुनिया को सम्मानित किया गया।

*शिक्षक समाज के मूल्यों के निर्माण में महत्वपूर्ण — कलेक्टर*

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि समाज की दिशा-दशा एवं मूल्यों के निर्धारण में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। व्यक्ति के संस्कारों का निर्माण शिक्षक ही करता है। भारत की शिक्षा परंपरा का गौरवशाली इतिहास रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे विश्वस्तरीय शिक्षा केंद्रों ने भारत को ज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी स्थान दिलाया।
उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों से कहा कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी बच्चों को सत्य, चरित्र एवं परिश्रम जैसे सद्गुणों के लिए प्रेरित करते रहें। उन्होंने कहा कि नए शिक्षकों को वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभव का लाभ मिलना चाहिए।

*शिक्षक राष्ट्र निर्माण की आधारशिला — एसपी*

जिला पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने कहा कि शिक्षक समाज और देश के भविष्य निर्माता हैं। हर परिस्थिति में शिक्षक का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन देशों में शिक्षकों को विशेष महत्व एवं सम्मान दिया जाता है, वहां राष्ट्र निर्माण की दिशा भी मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक के ऊपर समाज का भरोसा होता है कि वह बच्चों के भविष्य को बेहतर ढंग से संवार सकता है। उन्होंने कहा कि जहां बुजुर्ग, गुरु और स्त्री का सम्मान होता है, वहां ईश्वर का वरदान होता है। उन्होंने समिति को इस अनुकरणीय आयोजन के लिए बधाई दी।

*शिक्षक अपने कर्म से कभी सेवानिवृत्त नहीं होता — डॉ. तिवारी*

मुख्य वक्ता डॉ. स्वाति तिवारी ने कहा कि शिक्षक अपने कर्म से कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। शासकीय दायित्व से मुक्त होना अलग बात है, लेकिन समाज को शिक्षक के मार्गदर्शन की आवश्यकता सदैव बनी रहती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों ने जिस ज्ञान और संस्कार की परंपरा से विद्यार्थियों को तैयार किया है, उसका क्रम सेवानिवृत्ति के बाद भी जारी रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि “शिक्षक और माँ कभी सेवानिवृत्त नहीं हो सकते। सर्वत्र न्योछावर करने की क्षमता गुरु में होती है।” उन्होंने एक साथ बड़ी संख्या में गुरुजनों के सम्मान को सौभाग्य बताते हुए समिति द्वारा 43 वर्षों से आयोजित किए जा रहे सम्मान समारोह की सराहना की।

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

समारोह में बालिकाओं मुक्ता एवं हिमानी अंकुर पालीवाल ने सरस्वती वंदना पर नृत्य की प्रस्तुति दी। हरजीत सिंह होरा ने गुरु वंदना, राजेश सक्सेना ने श्लोक वाचन तथा लोकेश पिपरकर ने गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण समिति के उपाध्यक्ष श्री ब्रजकिशोर बोडा ने दिया। आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष श्री रमेश सोलंकी ने किया तथा संचालन प्रसिद्ध साहित्यकार एवं वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. श्रीकांत द्विवेदी ने किया।
समारोह में समिति के संरक्षक श्री बबन अग्रवाल, अध्यक्ष श्री नारायण कुबेर जोशी, संस्थापक एवं सचिव श्री सुरेशचंद्र गोयल, भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर श्री बी. संतोष सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए।
समारोह में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधिगण, शासकीय अधिकारी, मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
Jansampark Madhya Pradesh

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संयुक्त संचालक, कृषि इंदौर संभाग, इंदौर श्री जितेन्द्र सिंह द्वारा विकासखंड धार...
05/09/2026

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत संयुक्त संचालक, कृषि इंदौर संभाग, इंदौर श्री जितेन्द्र सिंह द्वारा विकासखंड धार का भ्रमण कर विभिन्न कृषि गतिविधियों, बीज उत्पादन कार्यक्रम, प्राकृतिक खेती एवं फसलों की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया गया। इस दौरान उन्होंने कृषकों से संवाद कर कृषि विभाग की योजनाओं और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी भी दी।
संयुक्त संचालक कृषि द्वारा ग्राम एकलदुना में माँ कालका बीज उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित द्वारा लगभग 45 एकड़ क्षेत्र में सोयाबीन की एन.आर.सी.-150-142 एवं जे.एस.-2172 किस्मों के बीज उत्पादन कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बीज उत्पादन कार्यक्रम से जुड़े कृषकों की बैठक ली। बैठक में संस्था के संचालक श्री पदमसिंह पटेल सहित लगभग 35 कृषक एवं सदस्य उपस्थित रहे। श्री जितेन्द्र सिंह ने कृषकों को बीज की गुणवत्ता, बीज उत्पादन की प्रक्रिया एवं गुणवत्तापूर्ण बीज के महत्व के संबंध में विस्तार से जानकारी दी तथा निर्धारित मापदंडों का पालन करने की समझाइश दी।

*अन्तरवर्तीय फसल का किया अवलोकन*

ग्राम एकलदुना में क्षेत्र भ्रमण के दौरान कृषक श्री अजय पाटीदार के खेत का निरीक्षण किया गया। उनके द्वारा 4 एकड़ क्षेत्र में पिंक ताईवान अमरूद के साथ अन्तरवर्तीय फसल के रूप में जे.एस.-2506 सोयाबीन लगाई गई है। इसी प्रकार कृषक श्री दिलीप पाटीदार द्वारा 7 एकड़ क्षेत्र में पिंक ताईवान अमरूद के साथ जे.एस.-2506 सोयाबीन की अन्तरवर्तीय खेती की जा रही है। निरीक्षण के दौरान दोनों कृषकों की फसलों की स्थिति अच्छी पाई गई। संयुक्त संचालक कृषि ने अन्तरवर्तीय फसल प्रणाली को आय के विविधीकरण एवं भूमि के बेहतर उपयोग की दृष्टि से उपयोगी बताया।

*प्राकृतिक खेती एवं बॉयो रिसोर्स केन्द्र का किया अवलोकन*

भ्रमण के दौरान ग्राम खेरोद में प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक श्री राजेन्द्र पिता अम्बाराम दांगी के खेत पर स्थापित सौर ऊर्जा प्लांट एवं बॉयो रिसोर्स केन्द्र का भी अवलोकन किया गया। केन्द्र में जीवामृत, भृमास्त्र एवं घनजीवामृत जैसे प्राकृतिक कृषि उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं।
कृषक द्वारा प्राकृतिक खेती के अंतर्गत मक्का, सोयाबीन एवं मूंगफली की फसलों में बॉयो रिसोर्स केन्द्र से तैयार उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है। कीट नियंत्रण के लिए नीमास्त्र एवं भृमास्त्र तथा फसल में पोषण की पूर्ति के लिए जीवामृत एवं घनजीवामृत का उपयोग किया गया। फसलों के निरीक्षण के दौरान पौधों की बढ़वार एवं फलियों की संख्या अच्छी पाई गई तथा फसलों में किसी प्रकार की विशेष समस्या नहीं पाई गई।
ग्राम पंचायत खेरोद में आयोजित कृषक संवाद के दौरान संयुक्त संचालक कृषि ने लगभग 100 कृषकों को प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृषकों से अपनी फार्मर आईडी बनवाने की भी अपील की तथा कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक पंजीयन एवं अभिलेखों को अद्यतन रखने की समझाइश दी।

*कृषि प्रक्षेत्र में फसलों का निरीक्षण एवं पौधारोपण*

इसके पश्चात संयुक्त संचालक कृषि द्वारा शासकीय कृषि प्रक्षेत्र, धार का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कृषि प्रक्षेत्र में अरहर की ए.जी.-4 (गौरी) एवं सोयाबीन की 100-39 किस्म का अवलोकन कर फसलों की स्थिति की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने बादामी आम के पौधे का रोपण भी किया।

*रबी कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों से की समीक्षा*

भ्रमण के उपरांत कार्यालय उप संचालक, कृषि धार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के समस्त अनुभागीय कृषि अधिकारियों एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, वर्तमान खरीफ फसलों की स्थिति एवं कृषकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी रबी 2026-27 की कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि श्री विजय चौरसिया, परियोजना संचालक आत्मा श्री त्रिलोकचंद्र छावानिया, सहायक कृषि अधिकारी श्री बी.के. खण्डवाये, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री ए.के. सत्यार्थी सहित क्षेत्र के कृषि विस्तार अधिकारी, बीटीएम एवं एटीएम उपस्थित रहे।
ुक्रवार_जनता_के_नाम
Jansampark Madhya Pradesh

मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के भू-खण्ड संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करने तथा उन्हें संपत्ति का वैधानिक म...
05/09/2026

मध्यप्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के भू-खण्ड संबंधी अधिकारों को सुरक्षित करने तथा उन्हें संपत्ति का वैधानिक मालिकाना हक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026’’ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। योजना के अंतर्गत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में स्वामित्व योजना से संबंधित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख (डीड ऑफ कन्वेयंस) का निष्पादन एवं पंजीयन निःशुल्क किया जाएगा। योजना का क्रियान्वयन 17 सितम्बर 2026 से प्रारंभ होगा।
योजना के क्रियान्वयन के संबंध में प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग के निर्देशन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना सहित संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में स्वामित्व योजना अंतर्गत निर्मित अधिकार अभिलेखों के हस्तांतरण विलेख के निष्पादन एवं पंजीयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

*संपत्ति के आधार पर आसानी से मिल सकेगा बैंक ऋण*

स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख प्राप्त करने वाले भू-खण्डधारियों को अब अपनी संपत्ति के आधार पर बैंक ऋण प्राप्त करने में सुविधा होगी। पंजीकृत दस्तावेज उपलब्ध होने से नागरिक गृह निर्माण, नया व्यवसाय प्रारंभ करने तथा कृषि संबंधी आवश्यकताओं के लिए अपनी संपत्ति को वित्तीय परिसंपत्ति के रूप में उपयोग कर सकेंगे।
पंजीकृत अभिलेखों के आधार पर बैंकिंग संस्थाओं को भू-खण्ड की कीमत एवं स्वामित्व का सटीक आकलन करने में सुविधा होगी, जिससे ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया अधिक सुगम हो सकेगी।

*जिले में विशेष अभियान चलाकर समय-सीमा में होगी कार्यवाही*

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को पात्र भू-खण्डधारियों के दस्तावेजों के निष्पादन एवं पंजीयन की कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएंगे। अभियान के दौरान नागरिकों को योजना एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

*ड्रोन सर्वे से तैयार अभिलेखों को मिलेगा कानूनी आधार*

स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक के माध्यम से सर्वेक्षण एवं डिजिटल मानचित्रण कर भू-खण्डों के अधिकार अभिलेख तैयार किए गए हैं। अब इन अधिकार अभिलेखों के आधार पर हस्तांतरण विलेख का निष्पादन एवं पंजीयन होने से नागरिकों को उनकी संपत्ति का कानूनी एवं पंजीकृत मालिकाना हक प्राप्त होगा। डिजिटल मानचित्रण और स्पष्ट अभिलेखों से संपत्ति संबंधी आपसी एवं वैधानिक विवादों में भी कमी आने की संभावना है।

*MPeSEVA से घर बैठे कर सकेंगे आवेदन*

स्वामित्व दस्तावेज पंजीयन की प्रक्रिया को सरल एवं नागरिक सुविधा आधारित बनाया गया है। इसके तहत—

- भूस्वामी MPeSEVA एप के माध्यम से घर बैठे स्वामित्व दस्तावेज के लिए आवेदन कर सकेंगे।
- आवेदन का सत्यापन पटवारी द्वारा SAARA एप के माध्यम से किया जाएगा।
- सत्यापन के बाद पंजीयन के लिए दस्तावेज तहसीलदार को प्रेषित किए जाएंगे।
- तहसीलदार द्वारा SAMPADA एप के माध्यम से स्वामित्व दस्तावेज का पंजीयन किया जाएगा।
- यदि कोई भूस्वामी स्वयं आवेदन करने में सक्षम नहीं है, तो वह पटवारी के समक्ष उपस्थित होकर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करा सकेगा। ऐसी स्थिति में पटवारी द्वारा SAARA एप के माध्यम से भूस्वामी की ओर से आवेदन किया जाएगा।

*ग्रामीण संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री*

योजना के तहत मध्यप्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण संपत्तियों की रजिस्ट्री, स्टाम्प शुल्क, पंचायत उपकर एवं अन्य पंजीयन शुल्क से संबंधित व्यय का वहन किया जाएगा। इससे ग्रामीण नागरिकों को बिना किसी अतिरिक्त आर्थिक भार के अपनी संपत्ति का पंजीकृत दस्तावेज प्राप्त होगा।
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के भू-खण्ड संबंधी अधिकार अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ होंगे। साथ ही संपत्ति को आर्थिक परिसंपत्ति के रूप में उपयोग करने, बैंक ऋण प्राप्त करने तथा स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
Jansampark Madhya Pradesh

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने आज जिला कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष...
05/09/2026

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने आज जिला कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर ‘स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन-2026 योजना’ की प्रगति एवं आगामी निष्पादन की कार्यवाही पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि योजना का क्रियान्वयन 17 सितंबर 2026 से प्रारंभ किया जाएगा। योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में भूमिस्वामियों के पक्ष में अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन (रजिस्ट्री) कराया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी संपत्ति के आधार पर बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं से बैंक ऋण एवं अंतरण प्राप्त करने में सुविधा मिल सकेगी।
कलेक्टर श्री मीना ने निर्देश दिए कि योजना के तहत अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन की कार्यवाही समय-सीमा में एवं पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदक से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निष्पादन अधिकारी के दायित्व सौंपे गए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा पात्र भूमिस्वामियों को इसका लाभ सहजता और समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

*राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण के निर्देश*

बैठक में आरसीएमएस (RCMS) पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों, विशेष रूप से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा तथा अपील एवं निगरानी के मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया कि फार्मर रजिस्ट्री में आ रही तकनीकी एवं अन्य समस्याओं का त्वरित निराकरण कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

*50 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को प्राथमिकता*

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की भी विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं संतुष्टिपूर्ण ढंग से निराकृत किया जाए।
बैठक में भू-अर्जन, भूमि आवंटन सहित अन्य राजस्व संबंधी विषयों पर भी गहन चर्चा की गई। कलेक्टर श्री मीना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मैदानी स्तर पर सक्रियता से कार्य करें तथा आम नागरिकों को राजस्व सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh

03/09/2026

उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आईआईटी दिल्ली (F**T) के सहयोग से विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी (FinTech) जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस. एस. बघेल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत AI के लिए 16 तथा FinTech के लिए 16, कुल 32 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, पायथन, डिजिटल भुगतान, ब्लॉकचेन सहित विभिन्न आधुनिक तकनीकी विषयों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही लाइव प्रोजेक्ट्स के माध्यम से विद्यार्थियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को IIT दिल्ली (F**T) द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

*ये विद्यार्थी होंगे पात्र*

प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्नातक तृतीय वर्ष (UG 3rd Year), स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष (PG 1st Year) तथा स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष (PG 2nd Year) के नियमित विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। सीटें सीमित होने के कारण विद्यार्थियों का चयन लिखित प्रवेश परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

महत्वपूर्ण तिथियां

- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 7 सितंबर 2026
- लिखित प्रवेश परीक्षा: 8 सितंबर 2026
- परीक्षा का समय: दोपहर 12:00 से 1:00 बजे तक
- कक्षाएं प्रारंभ: 21 सितंबर 2026

इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित QR कोड स्कैन कर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए महाविद्यालय के नोडल अधिकारी जितेन्द्र पटेल, मोबाइल नंबर 95750 53898 पर संपर्क किया जा सकता है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन कर इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
Jansampark Madhya Pradesh

Ministry of Women & Child Development, Government of India राज्य मंत्री Savitri Thakur, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सच...
03/09/2026

Ministry of Women & Child Development, Government of India राज्य मंत्री Savitri Thakur, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा ने अंतर्गत विकासखंड मनावर के ग्राम डोंचा में आयोजित में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में उद्यमियों से चर्चा की तथा उनसे सुझाव लिए।
ुक्रवार_जनता_के_नाम
Jansampark Madhya Pradesh

Ministry of Women & Child Development, Government of India राज्य मंत्री Savitri Thakur, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सच...
03/09/2026

Ministry of Women & Child Development, Government of India राज्य मंत्री Savitri Thakur, कलेक्टर राजीव रंजन मीना, एसपी सचिन शर्मा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 अंतर्गत विकासखंड मनावर के ग्राम डोंचा में आयोजित कार्यक्रम विभिन्न योजनाओं के हितग्रहियों को हित लाभ वितरण किया।

ुक्रवार_जनता_के_नाम

Address

कलेक्ट्रेट कार्यालय
Dhar
454001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when PRO Dhar posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to PRO Dhar:

Shortcuts

Share