06/08/2026
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत 7 अगस्त को पीजी कॉलेज धार में होगा जनसंवाद
--
आमजन की शिकायतों का होगा त्वरित निराकरण, योजनाओं की दी जाएगी जानकारी
---
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान के अंतर्गत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक जिले में क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का त्वरित निराकरण, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में जनसंवाद एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त, शुक्रवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में आयोजित जनसंवाद से होगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अपनी योजनाओं की जानकारी आमजन को दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को पूर्व से चिन्हित कर शिविर में उपस्थित कराएं तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित करना सुनिश्चित करें।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रकरणों, अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा, न्यायालयीन आदेशों के पालन, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी सेवाएं, स्वास्थ्य संस्थान, विद्यालय एवं महाविद्यालय, खाद-बीज उपलब्धता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली सहित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही सड़कों, तालाबों, अमृत सरोवरों, बांधों, जल जीवन मिशन की संरचनाओं, शासकीय भवनों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों का निरीक्षण किया जाएगा। आईटीआई, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक सहकारी समितियां, तहसील, कृषि उपज मंडी, पुलिस थाना, लोक सेवा केंद्र, छात्रावास, आश्रम एवं औद्योगिक क्षेत्रों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण भी किया जाएगा। खाद-बीज विक्रेताओं, गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, विस्फोटक एवं पटाखा लाइसेंसधारियों, शस्त्र विक्रेताओं तथा निजी विद्यालयों का भी निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही कानून-व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, संबल योजना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा कर स्थानीय स्तर पर चिन्हित समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के तहत आगामी जनसंवाद कार्यक्रम 14 अगस्त को कुक्षी, 21 अगस्त को सरदारपुर, 18 सितंबर को मनावर, 25 सितंबर को धरमपुरी, 9 अक्टूबर को तिरला, 16 अक्टूबर को नालछा, 23 अक्टूबर को डही, 30 अक्टूबर को निसरपुर, 6 नवंबर को बाग, 13 नवंबर को उमरबन, 20 नवंबर को गंधवानी, 27 नवंबर को मुलथान, 4 दिसंबर को धामनोद, 11 दिसंबर को राजोद, 18 दिसंबर को पीथमपुर तथा 8 जनवरी 2027 को मांडव में आयोजित किए जाएंगे।
Jansampark Madhya Pradesh