02/09/2026
*लक्ष्य से नहीं चलेगा काम, हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे ऋण का लाभ: कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया*
*लंबित प्रकरणों पर सख्ती, बैंकों को ऋण स्वीकृति और वितरण में तेजी लाने के निर्देश*
*कृषि यंत्रीकरण एवं एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने होगी कार्यशाला जनविश्वास अभियान के प्रकरणों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश*
*प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से 3-3 लाख लोगों को जोड़ने के निर्देश*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय वर्ष 2026-27 की जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ शासकीय योजनाओं के अंतर्गत ऋण स्वीकृति, वितरण और निर्धारित लक्ष्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने बैंक प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित रहकर कार्य नहीं किया जाए, बल्कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी बैंक अपने निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करें तथा प्राथमिकता क्षेत्र के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लौटाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए। कोई भी पात्र प्रकरण बिना उचित कारण के लंबित न रखा जाए और प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्रता से ऋण स्वीकृत कर हितग्राहियों को वितरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी प्रकरण में दस्तावेजों अथवा अन्य किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित विभाग को तत्काल सूचित किया जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जा सके। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया कि वे बैंकों में लंबित प्रकरणों का नियमित रूप से अनुसरण करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निराकरण आवेदक की संतुष्टि के साथ सुनिश्चित करें। उन्होंने कड़े शब्दों में नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कई विभागों के प्रमुखों द्वारा एल-1 एवं एल-2 स्तर की शिकायतों की नियमित समीक्षा नहीं की जा रही है, जिसके कारण शिकायतें अनावश्यक रूप से अधिक दिनों तक लंबित हो रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि एल-1 एवं एल-2 स्तर की शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा कर समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करें।
*जीवन ज्योति एवं सुरक्षा बीमा योजना से 3-3 लाख लोगों को जोड़ने के निर्देश’*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत जिले के 3-3 लाख लोगों को जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकों एवं संबंधित विभागों द्वारा समन्वय के साथ व्यापक स्तर पर कार्य करते हुए पात्र नागरिकों को इन सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग बीमा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें और जरूरत के समय उन्हें एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
*जनविश्वास अभियान के प्रकरणों पर भी रखें विशेष ध्यान*
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं प्रकरणों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्राप्त पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों का त्वरित परीक्षण कर आवश्यकतानुसार शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुंच सके। उन्होंने संबंधित विभागों एवं बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए।
*कृषि यंत्रीकरण एवं एमएसएमई सेक्टर को मिलेगा बढ़ावा’*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिले में कृषि यंत्रीकरण एवं एमएसएमई सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर फाइनेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उद्यमियों, बैंक अधिकारियों एवं संबंधित विभागों की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की जाए। कार्यशाला के माध्यम से ऐसे उद्यमियों की पहचान की जाएगी, जिन्हें नए उद्यम स्थापित करने अथवा अपने वर्तमान कार्य के उन्नयन के लिए ऋण की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बैंक, संबंधित विभाग और उद्यमी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले में कृषि यंत्रीकरण एवं एमएसएमई सेक्टर को मजबूती मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड,डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के अंतर्गत विभागों द्वारा बैंकों को प्रेषित प्रकरणों, उनकी स्वीकृति एवं हितग्राहियों को ऋण वितरण की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, एलडीएम सहित पशुपालन, उद्यानिकी, अंत्यावसायी, एनआरएलएम एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।