Firozabad News

Firozabad News फ़िरोज़ाबाद की
सभी खबरें
एक साथ
एक जगह
#फ़िरोज़ाबादन्यूज़ #मिशनपत्रकारिता

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज, डीएलएसए सचिव ने बैंक प्रबंधकों के साथ की समीक्षा बैठकबैंक ऋण व बकाए से जुड़े मामलो...
28/08/2026

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज, डीएलएसए सचिव ने बैंक प्रबंधकों के साथ की समीक्षा बैठक

बैंक ऋण व बकाए से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए समय से नोटिस भेजने और व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

फिरोजाबाद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA), लखनऊ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी 12 सितंबर 2026 को जनपद फिरोजाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज हो गई हैं। लोक अदालत को सफल एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समस्त बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक प्राधिकरण सचिव योगेश शिवा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण से संबंधित लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अधिकाधिक निस्तारण कराने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान बैंक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अब तक करीब 20 हजार प्री-लिटिगेशन वाद प्राप्त हो चुके हैं। इस पर डीएलएसए सचिव योगेश शिवा ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने बैंकों से संबंधित समझौता योग्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए और संबंधित पक्षकारों को समय से नोटिस भेजना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बैंक अधिकारियों से पक्षकारों के साथ व्यक्तिगत एवं प्रभावी संपर्क स्थापित कर बैंक ऋण और बकाए से संबंधित विवादों का त्वरित, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कराने पर जोर दिया। साथ ही लोक अदालत के माध्यम से मिलने वाली छूट, न्यायालय शुल्क की बचत तथा विवादों के शीघ्र निस्तारण जैसे लाभों के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए बैंक स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

प्राधिकरण सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों के निस्तारण का सरल एवं प्रभावी माध्यम है। आपसी सहमति और सुलह-समझौते के जरिए मामलों का समाधान होने से पक्षकारों का समय और धन दोनों बचता है।

बैठक में उपस्थित सभी बैंक प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने आगामी 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने तथा बैंक ऋण से संबंधित मामलों के अधिकाधिक निस्तारण में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिलाया।

उर्स-ए-साबरी में पहुंचा सूफी खानकाह एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का देगा पैगामफ़िरोज़ाबाद / पीरान ...
28/08/2026

उर्स-ए-साबरी में पहुंचा सूफी खानकाह एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का देगा पैगाम

फ़िरोज़ाबाद / पीरान कलियर शरीफ, रुड़की/हरिद्वार- सिलसिला-ए-चिश्तिया फरीदिया साबरिया के अज़ीम रूहानी पेशवा हज़रत सैयद अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक रहमतुल्लाह अलैह के उर्स-ए-मुबारक के मौके पर सूफी खानकाह एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल कलियर शरीफ पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल द्वारा उर्स के दौरान चादरपोशी और गुलपोशी कर देश में अमन-चैन, खुशहाली और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के लिए दुआ की जाएगी।

भारत के सूफियों के अग्रणी संगठन सूफी खानकाह एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूफी मोहम्मद कौसर हसन मजीदी के नेतृत्व में संगठन द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सूफीवादी विचारधारा एवं परंपरा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और भाईचारे का अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत प्रतिनिधिमंडल ने कलियर शरीफ पहुंचकर कौमी एकता और आपसी सौहार्द का संदेश देने का संकल्प लिया।

सूफी खानकाह एसोसिएशन फिरोजाबाद इकाई के जिलाध्यक्ष सूफी फैसल मियां के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सूफी संतों की शिक्षाएं हमेशा इंसानियत, मोहब्बत, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश देती रही हैं। आज के दौर में इन विचारों को समाज तक पहुंचाना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

प्रतिनिधिमंडल में युवा जिला अध्यक्ष अली हसन, महानगर अध्यक्ष डॉ. आरिफ अली, वरिष्ठ जिला महासचिव मोहम्मद अर्सलान, जिला महासचिव मोहम्मद इंजमाम, दरगाह फिरोज शाह के युसूफ बाबा, जियाउल हसन, जिला सचिव अमन फारूकी, मोहम्मद अलफैज, तहसील अध्यक्ष मोहम्मद साकिब, मोहम्मद हसनैन, जिला महामंत्री जावेद अली, जिला सचिव मोहम्मद अमजद, मोहम्मद साकिब मुन्ना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उर्स-ए-साबरी जैसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश मजबूत होता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और खुशहाली के लिए दुआ करने के साथ ही समाज के सभी वर्गों से आपसी प्रेम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

27/08/2026

सीतापुर में दर्दनाक सड़क हादसा, चूड़ी कारोबारी महावीर प्रसाद गुप्ता के दो नातियों की मौत

फिरोजाबाद। शहर के प्रमुख चूड़ी कारोबारी महावीर प्रसाद गुप्ता ‘सबोरे वाले’, निवासी आदर्श नगर (हुंडावाला बाग), के परिवार पर बुधवार को उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब सीतापुर में हुए भीषण सड़क हादसे में उनके दो नौजवान नातियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मृतकों की मां और कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मृतकों की पहचान यश गुप्ता (25 वर्ष) और आकाश गुप्ता (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों सगे भाई थे और स्वर्गीय राजीव गुप्ता उर्फ ‘खोनी’ के पुत्र थे। दोनों भाई विवाहित थे और बनारस में चूड़ी का कारोबार कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के यश और आकाश अपनी मां नंदिनी गुप्ता (50 वर्ष) तथा कार चालक के साथ बनारस से नैमिषारण्य दर्शन एवं भ्रमण के लिए कार से निकले थे। इसी दौरान सीतापुर में कल्ली-नैमिष मार्ग पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि यश और आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में उनकी मां नंदिनी गुप्ता और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। नंदिनी को आंशिक रूप से होश आने के बाद परिजन बेहतर उपचार के लिए बनारस ले गए हैं, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है।

दोनों भाइयों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना का सबसे पीड़ादायक पहलू यह है कि मृतक आकाश और यश, महावीर प्रसाद गुप्ता के दूसरे नंबर के स्वर्गीय पुत्र राजीव गुप्ता उर्फ ‘खोनी’ के इकलौते दोनों पुत्र बताए जा रहे हैं। एक ही हादसे में दोनों बेटों को खोने से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।

महावीर प्रसाद गुप्ता का कारोबार के सिलसिले में फिरोजाबाद और बनारस के बीच आना-जाना रहता है। इन दिनों वह फिरोजाबाद के नया रसूलपुर स्थित अपनी बेटी सीता, पत्नी स्वर्गीय डॉ. रमाकांत गुप्ता, के आवास पर ठहरे हुए थे। हादसे की खबर मिलते ही वह अपने सगे-संबंधियों के साथ बनारस के लिए रवाना हो गए।

परिजनों के अनुसार, चूड़ी कारोबार के सिलसिले में परिवार के पुत्र लंबे समय से बनारस में रह रहे थे। दो युवा भाइयों की अचानक हुई मौत से रिश्तेदारों और परिचितों में शोक की लहर है।

हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया है।

25/08/2026

प्रमुख समाचार | फिरोजाबाद

रामगढ़ पुलिस की हत्या के मामले में वांछित आरोपी से मुठभेड़, गोली लगने से घायल

फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस की हत्या के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक, 22–23 अगस्त की रात एक व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी आकाश फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने आकाश को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, आरोपी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.

जुलूस-ए-मोहम्मदी के मार्गों का नगर निगम टीम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देशफिरोजाबाद। 26 अगस्त को ...
24/08/2026

जुलूस-ए-मोहम्मदी के मार्गों का नगर निगम टीम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश

फिरोजाबाद। 26 अगस्त को निकलने वाले जश्ने ईद मिलादुन्नबी एवं जुलूस-ए-मोहम्मदी को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और नगर आयुक्त प्रशांत नागर के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को त्योहार के दौरान बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में नगर निगम के जेई अजीत कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान, जुलूस-ए-मोहम्मदी के संयुक्त सदर हाफिज अरशद रजवी, मौलाना अनवार हुसैन रजवी, दक्षिणी क्षेत्र के सदर एवं कमेटी सदस्य सूफी जमील नासिर अबरारी तथा मौलाना आरिफ के साथ जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कमेटी पदाधिकारियों ने जुलूस के दोनों प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे, जलभराव, खुले मैनहोल और खराब मरकरी लाइटें मिलने पर उन्हें चिह्नित किया गया। बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब होने तथा जलभराव की समस्या भी सामने आई।

रसूलपुर क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस के मार्ग का निरीक्षण मदरसा रिजविया बीपीएल के सामने से शुरू हुआ। टीम ने नैनी ग्लास चौराहा की दोनों सर्विस रोड, जाटवपुरी चौराहा, बसिया मस्जिद, आकाशवाणी रोड, रामगढ़ रोड, कोहिनूर रोड, 60 फुटा कश्मीरी गेट, कादरी मस्जिद, अब्बास नगर, हसमत नगर, चिश्ती नगर, उर्दू नगर, छपरिया, हबीबगंज होते हुए नगला बरी चौराहा, शीतल खान, भाटिया चौराहा, सर्कुलर रोड, हुसैनी मोहल्ला और आगा साहब मस्जिद तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इसके बाद थाना दक्षिण क्षेत्र से निकलने वाले दूसरे जुलूस के मार्ग का निरीक्षण किया गया। यह मार्ग शाही मस्जिद, कटरा पठानान, मोहल्ला कोटला, पजावा, राजाराम की पुलिया, मुस्ताक बिल्डिंग, नई बस्ती, करबला चौराहा, स्टेशन रोड, गांधी पार्क चौराहा, सदर बाजार, नालबंद, उर्वशी रोड, राजपूताना और छपेटी होते हुए शाही मस्जिद तक पहुंचता है।

निरीक्षण के बाद करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान ने बताया कि जुलूस मार्ग में जहां-जहां समस्याएं मिली हैं, उनकी जानकारी जेई अजीत कुमार सिंह को दी गई है और नगर आयुक्त प्रशांत नागर को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने बताया कि बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव और सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं। इसके अलावा शहर में कुछ मरकरी लाइटें खराब हैं तथा मस्जिदों के आसपास सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त कराने की आवश्यकता है।

हिकमत उल्ला खान ने नगर निगम से मांग की कि जुलूस निकलने से पहले सभी चिह्नित समस्याओं का युद्धस्तर पर समाधान कराया जाए, ताकि जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नगर आयुक्त प्रशांत नागर की ओर से जुलूस के समय से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर तरीके से कराने का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जुलूस-ए-मोहम्मदी और रक्षाबंधन सहित सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के जेई अजीत कुमार सिंह, करबला कमेटी अध्यक्ष हिकमत उल्ला खान, जुलूस-ए-मोहम्मदी के संयुक्त सदर हाफिज अरशद रजवी, मौलाना अनवार हुसैन रजवी, सूफी जमील नासिर अबरारी, मौलाना आरिफ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

नगला रामकुवर विद्युत सब स्टेशन पर किसानों का धरना, अधिकारियों ने दिया समस्याओं के समाधान का आश्वासनफिरोजाबाद। विकास खंड ...
22/08/2026

नगला रामकुवर विद्युत सब स्टेशन पर किसानों का धरना, अधिकारियों ने दिया समस्याओं के समाधान का आश्वासन

फिरोजाबाद। विकास खंड नारखी के नगला रामकुवर विद्युत सब स्टेशन पर क्षेत्र की विद्युत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानू के युवा जिला उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर के नेतृत्व में किसानों ने धरना प्रदर्शन किया। किसान सुबह करीब 10 बजे सब स्टेशन पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर फर्श बिछाकर धरने पर बैठ गए।

किसानों का कहना था कि आसलपुर गांव में तीन ट्रांसफॉर्मर खराब पड़े हैं, जिसके चलते ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में कई छोटी-छोटी विद्युत समस्याएं भी लंबे समय से बनी हुई हैं। किसानों ने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।

करीब ढाई घंटे बाद जेई अनूप श्रीवास्तव धरना स्थल पर पहुंचे। किसानों ने उन्हें भी अपने बीच धरने पर बैठा लिया और समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की। इसके बाद सूचना मिलने पर एसडीओ एम.एम. मंसूरी भी मौके पर पहुंचे। किसानों ने एसडीओ को भी धरना स्थल पर बैठाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।

एसडीओ द्वारा किसानों की विद्युत समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय से समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

धरना प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री नरेंद्र रावत, राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सिसोदिया, प्रमोद यादव, जगदीश प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष, जिला सचिव शिवांक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

22/08/2026

भारतीय किसान यूनियन भानू का धरना जारी, बिजलीघर पर अड़े किसान, मांगें न मानने पर धरना जारी रखने की चेतावनी

सूफ़ी खानकाह एसोसिएशन ने किया संगठन विस्तार, पदाधिकारियों को किया सम्मानितफिरोजाबाद। सूफ़ी खानकाह एसोसिएशन फिरोजाबाद इका...
22/08/2026

सूफ़ी खानकाह एसोसिएशन ने किया संगठन विस्तार, पदाधिकारियों को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। सूफ़ी खानकाह एसोसिएशन फिरोजाबाद इकाई की ओर से गरिमामय पद सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की मौजूदगी में संगठनात्मक दायित्व सौंपे गए और पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान सूफ़ी खानकाह एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाह फैसल मियां ने साजिद वारसी को वरिष्ठ जिला सचिव, फिरोजाबाद के पद का मनोनयन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं उपस्थित साथियों ने साजिद वारसी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

जिलाध्यक्ष मोहम्मद शाह फैसल मियां ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि साजिद वारसी संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।

साजिद वारसी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।

इस मौके पर साहिल वारसी प्रदेश सचिव, अली हसन युवा जिला अध्यक्ष, डॉ. आरिफ़ अली महानगर अध्यक्ष, शाहजेब अब्बास युवा महानगर अध्यक्ष, मोहम्मद मॉरिस युवा जिला उपाध्यक्ष, अली खान युवा महानगर उपाध्यक्ष, मोहम्मद अर्सलान वरिष्ठ जिला महासचिव, जुनैद कादरी जिला प्रवक्ता, मोहम्मद इंजमाम जिला महासचिव, अदनान साबरी जिला प्रभारी, मोहम्मद साकिब तहसील अध्यक्ष, मोहम्मद हसनैन जिला महामंत्री, अमन फारूकी जिला सचिव एवं मोहम्मद हसनैन महानगर महासचिव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों और सामाजिक स्तर पर सक्रिय भूमिका को लेकर भी पदाधिकारियों के बीच विचार-विमर्श किया गया।

नारखी पुलिस की तीन शातिर अपराधियों से मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोलीफिरोजाबाद। नारखी थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान चंनो...
21/08/2026

नारखी पुलिस की तीन शातिर अपराधियों से मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद। नारखी थाना पुलिस की चेकिंग के दौरान चंनोरा पुल के पास तीन शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि तीसरे बदमाश ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों अनुज उर्फ अनूप, मिथुन और अंशुल को गिरफ्तार कर लिया। गोली लगने से घायल अनुज उर्फ अनूप और मिथुन को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान चंनोरा पुल के समीप संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस टीम ने बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें अनुज उर्फ अनूप और मिथुन के पैर में गोली लगी।

वहीं, तीसरे आरोपी अंशुल ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अनुज उर्फ अनूप के खिलाफ उसके गृह जनपद के साथ-साथ मैनपुरी सहित अन्य जनपदों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब तीनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से संबंधित साक्ष्यों को जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Address

Firozabad
Firozabad
283203

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Firozabad News posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Firozabad News:

Shortcuts

Share

Category