25/08/2026
महंगे रेट पर चीनी और प्याज बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, डीएम ने दी सख्त चेतावनी
गाजीपुर। जिले में चीनी और प्याज की कीमतों को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने एक वीडियो संदेश जारी कर व्यापारियों और विक्रेताओं को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी और प्याज बेचने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिलाधिकारी के मुताबिक, जिले में वर्तमान समय में करीब 4,700 कुंतल चीनी और 2,800 कुंतल प्याज का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन की ओर से चीनी की कीमत 64 से 65 रुपये प्रति किलो, जबकि प्याज की कीमत 25 से 26 रुपये प्रति किलो बताई गई है।
डीएम अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार या विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी या प्याज बेचता पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस चेतावनी से जमाखोरी और मनमाने दाम वसूलने वालों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर चीनी या प्याज बेचता है, तो इसकी सूचना प्रशासन को दी जाए। इसके लिए 9838072270 नंबर जारी किया गया है।
प्रशासन की इस पहल से आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, महंगाई और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन की सख्ती की लोग सराहना कर रहे हैं।