15/02/2026
शिवपुरी एडवोकेट हत्याकांड: एक शूटर घायल, तीन गिरफ्तार
शिवपुरी (मध्यप्रदेश)। जिले में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना (57) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ भी हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
चिरली तिराहा पर मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, करैरा थाना क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास रविवार सुबह आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही आरोपी पपेन्द्र रावत (23), निवासी चांदपुर, डबरा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पपेन्द्र रावत के पैर में दो गोलियां लगीं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटनास्थल से अन्य दो आरोपी —
गोलू रावत (25), निवासी घुघसी, बड़ौनी
जहीर (24), निवासी घुघसी, बड़ौनी
को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
शनिवार को हुई थी हत्या
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना को पीछे से कट्टे से गोली मारी गई थी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को गोलू रावत ने अंजाम दिया।
पहले ही दर्ज हुआ था मामला
शिवपुरी के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके चाचा सरपंच सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
जमीन विवाद और चुनावी रंजिश की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीन विवादों के मामलों में पैरवी के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने जमीन संबंधी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की सुपारी कितनी रकम में दी गई थी और साजिश में किन-किन लोगों की भूमिका रही। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।