Collector Office Gwalior

Collector Office Gwalior Official Page Collector Office Gwalior, Government of Madhya Pradesh
(1)

हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और एक पेड़ माँ के नाम अभियान का जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित क...
06/08/2026

हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और एक पेड़ माँ के नाम अभियान का जिले में बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए

अभियानों को जन आंदोलन के रूप में संचालित करें

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने गूगल मीट के माध्यम से विभिन्न आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट एवं उद्यानिकी मंत्री श्री कुशवाह ने गूगल मीट के माध्यम से जिले के अधिकारियों से की चर्चा

प्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान 9 से 17 अगस्त तक चलाया जायेगा। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के जश्न को इस अभियान के साथ जोड़कर मनाया जायेगा। सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी “हर घर तिरंगा” अभियान पूरी गरिमा और भव्यता के साथ आयोजित हो, इसके लिये सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान के संबंध में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। उन्होंने प्रदेश के इन तीनों अभियानों को ग्वालियर जिले में पूर्ण गरिमा और वैभवता के साथ मनाने की बात कही।
हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान की तैयारियों के लिये गूगल मीट के माध्यम से की गई समीक्षा बैठक में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत सहित जिले के विभागीय अधिकारी शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सम्पूर्ण प्रदेश की तरह ग्वालियर जिले में भी हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगे की थीम पर प्रदर्शनी, रंगोली, साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, तिरंगा प्रश्नोत्तरी जैसे विभिन्न आयोजन पूरी गरिमा के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस अभियान को जिले में जन आंदोलन बनाया जाए। समाज के सभी वर्गों को इसमें भागीदार बनाया जाए। उन्होंने कहा है कि जिले के स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों का इस अभियान के तहत सम्मान किया जाए। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जिन प्रतिभाशाली लोगों ने ग्वालियर का मान बढ़ाया है, उन्हें भी तिरंगा यात्रा के दौरान शामिल किया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा है कि आम दिनों में सरकार शासन के प्रति विश्वास जागृत करने के उद्देश्य से प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को भी पूरी गंभीरता के साथ आयोजित किया जाए। शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक शुक्रवार को सभी विभागीय अधिकारी शिविर आयोजित कर नागरिकों से चर्चा करें और उनकी समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ भी दिलाया जाए। इसके साथ ही उद्योग धंधों से जुड़े हुए व्यापारियों से भी संवाद हो। शासन के विभिन्न कार्यालयों का संचालन बेहतर ढंग से हो, इसके लिये निरीक्षण भी किए जाएं।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने समीक्षा के दौरान कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर सम्पूर्ण देश में पर्यावरण संरक्षण के लिये चलाए जा रहे एक पेड़ माँ के नाम अभियान का भी ग्वालियर जिले में बेहतर क्रियान्वयन हो। 15 अगस्त के बाद जिले के शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्र में जिलेवासियों की सहभागिता के साथ एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जाए।
प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुरूप हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिये एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत बेहतर कार्य किया जायेगा। इसके लिये जिले की पूरी टीम कार्ययोजना बनाकर कार्य करे। इन अभियानों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ युवाओं को भी शामिल किया जाए।
समीक्षा बैठक में नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर ने भी कहा कि शहरी क्षेत्र में नगर निगम के सभी पार्षदों के साथ अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी की जायेगी। सभी वार्डों में हर घर तिरंगा अभियान के तहत रैलियों का आयोजन और हर घर तिरंगा पहुँचाने का कार्य भी किया जायेगा।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट को आश्वस्त किया कि ग्वालियर जिले में हर घर तिरंगा अभियान के आयोजन के लिये सभी तैयारियां कर ली गई हैं। शहरी तथा ग्रमीण क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न आयोजन कर समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया एवं प्रिंट व इलेक्ट्रोनिक मीडिया के माध्यम से भी समाज के सभी वर्ग इस अभियान में भागीदार बनें, इसके सार्थक प्रयास किए जायेंगे।
नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय ने बताया कि शहरी क्षेत्र में हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और पर्यावरण संरक्षण के लिये सभी तैयारियां कर ली गई हैं। एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत नगर निगम द्वारा एक पहाड़ी का चयन कर वृहद वृक्षारोपण की कार्ययोजना भी तैयार की गई है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत ने भी प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले की सभी पंचायतों में रैलियों का आयोजन करने के साथ-साथ हर घर तिरंगा लगे, इसके लिये व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत भी प्रत्येक शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र में शिविर आयोजित करने के साथ-साथ जन-संवाद के कार्यक्रम भी आयोजित करने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के लिये भी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में की गई तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।


Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

वर्षा जनित बीमारियों से बचाव को स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुई एडवायजरी, सतर्कता और स्वच्छता अपनाने की अपील

जिले में वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि मैदानी अमला पूरी सतर्कता के साथ जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराए। साथ ही अस्पतालों में जरूरी दवाओं का पर्याप्त भण्डारण रहे। कलेक्टर ने बारिश के मौसम में बीमारियों से बचाव के लिए समय-समय पर जन-जागरूकता संबंधी सलाह भी जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए हैं।
कलेक्टर के निर्देशों के पालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम.एस. सागर ने वर्षा जनित बीमारियों से बचाव के लिए एडवायजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में उल्टी-दस्त, हैजा, पीलिया और टायफाइड जैसे जलजनित रोगों का खतरा बढ़ जाता है। इनसे बचाव के लिए केवल उबला हुआ एवं ढंककर रखा पानी ही पीने की सलाह दी गई है।
एडवायजरी में नागरिकों से बासी एवं खुले में रखे भोजन का सेवन नहीं करने की अपील की गई है। सड़े-गले तथा कटे-फटे फल खरीदने से बचने, फल एवं सब्जियों को अच्छी तरह धोकर उपयोग करने तथा भोजन बनाने, परोसने और खाने से पहले साबुन से हाथ धोने की सलाह दी गई है। साथ ही खुले में बिकने वाले नाश्ते, चाट-पकौड़ी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने का आग्रह किया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि बारिश के दौरान मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इससे बचाव के लिए घर एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें। अनुपयोगी बर्तन, टायर, टूटे मटके, गमले और बाल्टियों में पानी एकत्र न होने दें। कूलर एवं पानी की टंकियों का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें। घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें तथा खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाएं। बुखार आने पर तत्काल रक्त जांच कराकर चिकित्सकीय परामर्श के बाद ही दवा लें।
डॉ. सागर ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने संभावित प्रभावित ग्रामों का चिन्हांकन कर लिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में डिपो होल्डर नियुक्त किए गए हैं तथा त्वरित कार्रवाई के लिए कॉम्बेट टीमों का गठन भी किया गया है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं को अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।



Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 8 से 13 अगस्त तक

परीक्षा के सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन ग्वालियर में 8 अगस्त से 13 अगस्त तक किया जाएगा। परीक्षा लश्कर स्थित के.आर.जी. कॉलेज परीक्षा केन्द्र पर प्रतिदिन एक सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा में लगभग 210 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सुचारु एवं सफल संचालन के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक-113 में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 8 से 13 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से परीक्षा समाप्त होने तक कार्यशील रहेगा। परीक्षा संबंधी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव के लिए अभ्यर्थी कंट्रोल रूम के दूरभाष 0751-2446214 अथवा अधीक्षक श्री आर.आई. भगत के मोबाइल फोन नं. 94251-35143 पर संपर्क कर सकते हैं।
परीक्षा प्रभारी का दायित्व संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल को सौंपा गया है। वहीं आयोग द्वारा सेवानिवृत्त आई.ए.एस. श्री कृष्ण मोहन गौतम को ग्वालियर जिले के लिए पर्यवेक्षण कार्य हेतु नियुक्त किया गया है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, डिजिटल या स्मार्ट घड़ी सहित किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धातु की वस्तुएँ, बेल्ट, पर्स, बालों को बांधने वाले क्लचर, बक्कल, हाथ के बैंड, हाथ में पहने जाने वाले मैटेलिक बैल्ट, धूप का चश्मा, पेंसिल, रबर, पेंसिल बॉक्स, स्केल बैग्स, व्हाइटनर, पठन सामग्री तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लेकर न आएँ। साथ ही जूते-मोजे पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। चप्पल इत्यादि पहनकर आने की अनुमति रहेगी।


Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

अमानक स्तर के खाद्य पदार्थों के 20 प्रकरणों में 11 लाख 15 हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित

तीन फर्म के खाद्य पंजीयन निरस्त

अपर जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय से आदेश पारित

ग्वालियर जिले में खाद सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा अमानक स्तर के खाद्य पदार्थ पाए जाने एवं पुन: अपराध करने और बिना पंजीयन के खाद्य कारोबार करने के आरोप में बनाए गए 20 प्रकरणों में सुनवाई उपरांत अपर जिला मजिस्ट्रेट एवं न्याय निर्णायक अधिकारी ग्वालियर श्री अनिल बनवारिया द्वारा आदेश पारित कर 11 लाख 15 हजार रुपए का जुर्माना अधिरोपित किया गया है। इसके साथ ही तीन फर्मों का खाद्य पंजीयन निरस्त करने के आदेश भी पारित किए हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने खाद्य सुरक्षा को लेकर नियमित अभियान चलाकर बिना पंजीयन खाद्य कारोबार करने वालों एवं अमानक स्तर के खाद्य पदार्थ पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा निरंतर जिले में भ्रमण कर अमानक स्तर के खाद्य पदार्थों की सेम्पलिंग करने के साथ ही बिना पंजीयन के खाद्य पदार्थों का विक्रय करने वालों के विरूद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिले के सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया है कि जिन प्रकरणों में अर्थदण्ड की कार्रवाई की गई है, उनमें संबंधित से राशि वसूलने की कार्रवाई भी सख्ती के साथ की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अमानक स्तर के खाद्य पदार्थों का विक्रय किसी भी स्थिति में जिले में नहीं होना चाहिए। ऐसा करने वालों के विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी।


इन फर्मों के पंजीयन किए निरस्त

अपर जिला मजिस्ट्रेट श्री अनिल बनवारिया ने अपने न्यायालय में प्रकरणों की सुनवाई करते हुए 20 प्रकरणों में 11 लाख 15 हजार रुपए की राशि का जुर्माना अधिरोपित किया है। इसके साथ ही दो फर्मों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। उन्होंने जिन तीन फर्मों का पंजीयन निरस्त किया है उनमें प्रो. भूरा पाल पुत्र सोनेराम पाल फर्म अंजलि दूध डेयरी गालव नगर 24 बीघा, प्रो. राजेन्द्र सिंह लोधी पुत्र मदन सिंह लोधी फर्म शिवम डेयरी गोल पहाड़िया एवं द्वारिका प्रसाद गुप्ता पुत्र गोविंद दास गुप्ता फर्म श्रीराम दुग्ध डेयरी कटारिया चौराहा जवाहरगंज डबरा शामिल हैं।

इन फर्मों पर लगाया जुर्माना

जिन फर्मों के विरूद्ध जुर्माना अधिरोपित किया है उनसे राशि वसूलने की कार्रवाई तत्परता से करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन प्रकरणों में जुर्माना अधिरोपित किया गया है उनमें विशाल सिंह बघेल पुत्र अमर सिंह बघेल निवासी ग्राम जखा घाटीगांव, नवीन कुशवाह पुत्र ओमप्रकाश कुशवाह निवासी डी-ब्लॉक हरिशंकरपुरम, पूरन सिंह कुशवाह पुत्र आशाराम कुशवाह निवासी ग्राम केशवपुर मुरार, रामविलास पुत्र जवाहर सिंह निवासी शिवनगर बिरलानगर, मधुसूदन तिवारी पुत्र भारतकिशन तिवारी निवासी कृष्णापुरी मुरार, मुकेश पाल पुत्र राजू पाल निवासी हुरावली गांव, संजय शर्मा पुत्र महेश प्रसाद शर्मा निवासी सिंहपुर रोड मुरार, बनिया यादव पुत्र मंगलिया यादव निवासी ग्राम बरई घाटीगांव, सूबेदार सिंह बघेल पुत्र रघुवीर सिंह बघेल निवासी बहोड़ापुर, देवेन्द्र सिंह गुर्जर पुत्र भैरोसिंह ग्राम बारे का पुरा बानमोर, शुभम राजपूत पुत्र राकेश सिंह राजपूत निवासी विनय नगर, राधे पाल पुत्र हरीसिंह पाल निवासी खेरियाभान पुरानी छावनी, राकेश गोयल पुत्र लक्ष्मणदास अग्रवाल निवासी दौलतगंज, गोवर्धन पाल पुत्र फूलचंद पाल निवासी घोसी बाड़ा माधौगंज, प्रो. नेतराम कुशवाह पुत्र हरप्रसाद तिघरा रोड ओडपुरा, हीरा सिंह गुर्जर पुत्र काशीराम गुर्जर निवासी जवाहरगंज डबरा एवं जोगेन्द्र सिंह पुत्र रामकिशन सिंह निवासी बघेल मोहल्ला मुरार की फर्म शामिल हैं।
जिन फर्मों के खाद्य पदार्थों के नमूने अमानक पाए गए हैं, उनमें दही, मावा, मिठाई, मिक्स दूध, पनीर, व घी शामिल हैं।



Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम की बैठक 8 अगस्त को

ग्वालियर स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम की बैठक शनिवार 8 अगस्त को बुलाई गई है। इस दिन यह बैठक सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह की मौजूदगी में दोपहर 12.30 बजे बाल भवन के सभागार में आयोजित होगी।
स्मार्ट सिटी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में सचिन तेंदुलकर मार्ग उन्नयनीकरण, मल्टीलेवल पार्किंग एवं कन्वेंशन सेंटर की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। साथ ही अन्य प्रगतिरत व अपूर्ण कार्यों की समीक्षा भी की जायेगी। बैठक में स्मार्ट सिटी के नियमित संचालन व स्मार्ट सिटी कंट्रोल कमांड सेंटर की समीक्षा भी होगी।


Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान”

ग्वालियर जिले में पहला जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर 7 अगस्त को घाटीगांव में

नगर निगम ग्वालियर सहित जिले के सभी नगरीय निकायों एवं क्लस्टर स्तर पर भी लगेंगे शिविर

अभियान के तहत हर शुक्रवार को लगाए जायेंगे जन-विश्वास शिविर

“मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत ग्वालियर जिले का पहला जिला स्तरीय शिविर शुक्रवार 7 अगस्त को घाटीगांव में आयोजित होगा। यह जन-विश्वास शिविर प्रात: 10 बजे से घाटीगांव स्थित ग्राम पंचायत कार्यालय प्रांगण में शुरू होगा। इस शिविर के माध्यम से घाटीगांव विकासखंड की ग्राम पंचायत धुंआ, सिरसा, महारामपुर, रेंहट, चराई श्यामपुर, चैत, पार, हुकुमगढ़, सिमिरियाटांका व घाटीगांव ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर सम्पूर्ण प्रदेश के साथ ग्वालियर जिले में भी जनता से सीधा संवाद व जुड़ाव स्थापित करने और समस्याओं का शतप्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित होने जा रहा है। जिले में “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत 7 अगस्त से 8 जनवरी तक आयोजित होने वाले जन-विश्वास शिविरों के स्थल निर्धारित कर दिए गए हैं।
अभियान के तहत जिला स्तरीय शिविरों के साथ-साथ प्रत्येक विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर भी लगाए जायेंगे। हर माह प्रत्येक शुक्रवार को इन शिविरों का आयोजन होगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविरों की तिथि व स्थल निर्धारित करने के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं। साथ ही शिविरों में आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। जिला स्तरीय शिविर में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं क्लस्टर स्तरीय शिविर में खंड स्तरीय अधिकारी अनिवार्यत: मौजूद रहेंगे।

यहां लगेंगे क्लस्टर स्तरीय शिविर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार 7 अगस्त को जिले के प्रत्येक नगरीय निकाय व विकासखंड में क्लस्टर स्तरीय शिविर लगाए जायेंगे। इस दिन नगर निगम ग्वालियर में भी शिविर लगेगा।
विकासखंड भितरवार के अंतर्गत स्कूल प्रांगण अमरौल में शिविर लगेगा। इस शिविर में ग्राम पंचायत सिकरौदा, कछौआ, झांकरी, अमरौल, किशनपुर, ऐराया व बड़ेराभारस ग्राम पंचायत के ग्रामीणजन लाभान्वित कराए जायेंगे।
इसी तरह विकासखंड डबरा के अंतर्गत स्कूल प्रांगण छीमक में इस दिन क्लस्टर स्तरीय शिविर लगेगा। जिसमें ग्राम पंचायत छीमक, छोटी अकबई, देवरा, गोबरा, खेड़ी रायमल, कोसा, रजियावर, सिरसा, सालवई, भैंसनारी, बीजकपुर, लोहगढ़, बारौल, चितावनी, चौमो, खड़बई व महाराजपुर ग्राम पंचायत के ग्रामीण जनों को लाभ मिलेगा।
विकासखंड मुरार के अंतर्गत शुक्रवार 7 अगस्त को स्कूल प्रांगण उटीला में क्लस्टर स्तरीय जन-विश्वास शिविर लगाया जायेगा। जिसमें ग्राम पंचायत सौसा, बधौली, बहांगीखुर्द, अर्रोली, टांकोली, टिहोली, भटपुरासानी, काछीपुर, बड़ेराफुटकर व गुर्री ग्राम पंचायत के निवासियों को लाभान्वित कराया जायेगा।
जिले की नगर पालिका डबरा एवं नगर पंचायत आंतरी, बिलौआ, पिछोर, भितरवार व मोहना में भी 7 अगस्त को जन-विश्वास शिविर लगाए जायेंगे।

Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

06/08/2026

अमानक धान-बीज पाए जाने पर सख्त कार्रवाई

जिले में तीन कंपनियों के बीजों का भंडारण व विक्रय प्रतिबंधित, दो विक्रेताओं के लाइसेंस निरस्त-निलंबित

खाद-बीज भण्डारणों से नमूने लेकर कराई जा रही है प्रयोगशाला में जांच

किसानों के हितों की सुरक्षा और उन्हें गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा खाद-बीज की दुकानों का लगातार निरीक्षण कराया जा रहा है। साथ ही खाद-बीज के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई जा रही है। नमूने अमानक पाए जाने पर सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। इस कड़ी में जिले में तीन कंपनियों के अमानक धान-बीज के भण्डारण एवं क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसी तरह एक खाद-बीज भण्डार का बीज विक्रय लायसेंस निरस्त व दूसरे अन्य खाद-बीज भण्डार का बीज विक्रय लायसेंस निलंबित किया गया है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर लायसेंसिंग अधिकारी (बीज) एवं उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास श्री भानुप्रकाश शर्मा द्वारा अलग-अलग आदेश जारी कर यह कार्रवाई की गई है।
उप संचालक कृषि श्री भानु प्रकाश शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार धान बीज (किस्म पी.बी.-1718 टी.एल.) अमानक साबित होने पर पंजाब की कंपनी मैसर्स जे.सी. एग्री केयर (इंडिया) के सभी प्रकार के बीजों के भंडारण, क्रय एवं विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी तरह बीज उत्पादक कंपनी अल्फा एग्रोटेक, कोटा राजस्थान (मार्के. ग्रीन रिवोल्यूशन प्रा.लि.) से लिया गया धान-बीज (किस्म पी.बी.-1509 टी.एल) अमानक पाए जाने पर इस फर्म के समस्त प्रकार के बीजों का जिले में भण्डारण एवं क्रय-विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है। धान बीज (किस्म पी.बी.-1847 टी.एल.) अमानक पाए जाने पर बीज उत्पादक कंपनी कार्तिक बायो सीड के समस्त प्रकार के बीजों के भण्डारण एवं क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रयोगशाला की विश्लेषण रिपोर्ट में गिर्राज जी खाद भण्डार एबी रोड घाटीगांव की धान-बीज (किस्म पी.बी.-1509 टी.एल.) नमूना अमानक पाए जाने पर इनका बीज विक्रय पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। इसी तरह न्यू गल्ला मंडी के सामने भितरवार रोड डबरा स्थित प्रधान कृषि सेवा केन्द्र फर्म का धान बीज (किस्म पी.बी. 1847 टी.एल.) बीज विक्रय पंजीयन निलंबित किया गया है।
रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद इन सभी कंपनियों व फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया। जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की गई है।



Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

सफलता की कहानीकोसाबाई की टपकती झोंपड़ी अब सम्मानजनक आशियाने में बदल गई है  एक समय ऐसा भी था जब हर बरसात कोसाबाई के लिए न...
06/08/2026

सफलता की कहानी

कोसाबाई की टपकती झोंपड़ी अब सम्मानजनक आशियाने में बदल गई है

एक समय ऐसा भी था जब हर बरसात कोसाबाई के लिए नई मुसीबत लेकर आती थी। कच्ची झोपड़ी से पानी टपकने लगता व जहरीले जीव-जंतुओं का डर भी बढ़ जाता। पर अब प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने उनकी जिंदगी की तस्वीर ही बदल दी है। आज उनके सिर पर पक्की छत है, घर में बिजली, पानी, रसोई गैस और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं हैं। इतना ही नहीं, सुरक्षित घर मिलने के बाद परिवार में आत्मविश्वास लौटा, आय बढ़ी और भविष्य के प्रति नई उम्मीद जगी।
ग्वालियर जिले की जनपद पंचायत डबरा के ग्राम बीजकपुर निवासी श्रीमती कोसाबाई बघेल के लिये पति के निधन के बाद दो बेटों का पालन-पोषण करना किसी बड़े संघर्ष से कम नहीं था। उनके पास न जमीन थी और न ही कोई स्थायी आय का साधन। बकरियां पालकर एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन के सहारे वे किसी तरह परिवार का जीवनयापन कर रही थीं। कमजोर आर्थिक हालात की वजह से पक्का घर उनके लिए किसी सपने जैसा था।
ऐसे विपरीत हालातों में प्रधानमंत्री आवास योजना उनके लिये वरदान बनकर सामने आई। जिसके तहत उन्हें पक्का आवास मिला। इस एक बदलाव ने उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया अध्याय जोड़ दिया। अब वे निश्चिंत होकर अपने घर में रहती हैं और परिवार भी भविष्य को लेकर आश्वस्त है। सुरक्षित आवास मिलने के बाद उनका बड़ा बेटा भी मुंबई जाकर रोजगार करने लगा, जिससे परिवार की आय में वृद्धि हुई और आर्थिक स्थिति पहले की तुलना में मजबूत हुई।
कोसाबाई को प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्की छत तो मिली ही है, साथ ही सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उनके घर तक पहुँचा है। उन्हें उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन, बिजली, नल से पानी की सुविधा, शौचालय, कल्याणी पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पट्टा तथा 'समृद्ध पर्यावास' के तहत वाटर हार्वेस्टिंग पिट का लाभ भी मिला। इन सुविधाओं ने उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया।
कोसाबाई भावुक होकर कहती हैं कि पहले उन्हें लगता था कि जीवन में कभी पक्के घर का सपना पूरा नहीं होगा। आज वही सपना साकार हो चुका है। वे प्रधानमंत्री आवास योजना और शासन की अन्य जनहितैषी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरकार के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हैं।
कोसाबाई का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक घर नहीं बनाती, यह योजना पूरे परिवार के जीवन में सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता और खुशहाली की नई नींव रखती है।


Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

05/08/2026

अनियमिततायें पाए जाने पर छात्रावास अधीक्षक को नोटिस

श्रीराम कॉलोनी स्थित राजा शंकरशाह रघुनाथ शाह महा. बालक छात्रावास एवं अनुसूचित जाति महा. बालक छात्रावास की व्यवस्थायें ठीक न पाई जाने पर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने छात्रावास अधीक्षक माध्यमिक शिक्षक गोविंद भार्गव के खिलाफ कार्रवाई के लिये कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
छात्रावासों के निरीक्षण में निर्धारित मीनू के अनुसार विद्यार्थियों को नाश्ता व भोजन न मिलने, साफ-सफाई का ध्यान न रखने, पुस्तकालय ठीक न मिलने एवं छात्रावास का रिकॉर्ड ठीक न पाए जाने सहित अन्य अनियमिततायें सामने आई थीं। इस आधार पर कलेक्टर द्वारा यहां के अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

फसल बीमा कराने की तिथि बढ़ी, अब 17 अगस्त तक कराया जा सकता है बीमा फसल बीमा के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिये प्रचार...
05/08/2026

फसल बीमा कराने की तिथि बढ़ी, अब 17 अगस्त तक कराया जा सकता है बीमा

फसल बीमा के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिये प्रचार-प्रसार रथ रवाना

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ फसल का बीमा कराने की तिथि राज्य शासन द्वारा बढ़ा दी गई है। अब किसान भाई 17 अगस्त तक अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र फसल बीमा कराएं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के मैदानी अधिकारियों को जिले के अधिकाधिक किसानों की फसलों का बीमा कराने लिये जागरूक करने के निर्देश दिए हैं। इस क्रम में बुधवार को दो प्रचार-प्रसार रथ ग्रामीण क्षेत्रों के लिये रवाना किए गए। यह रथ एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के सहयोग से तैयार कराए गए हैं।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास श्री भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि ऋणी एवं गैर ऋणी कृषकगण अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकें, इसके लिये नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस पोर्टल (एनसीआईपी) खोल दिया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से ऋणी कृषकों की फसलों का बीमा उन बैंक शाखाओं द्वारा किया जायेगा, जिनमें उनके केसीसी खाते संचालित हैं। गैर ऋणी कृषक अपनी फसल का बीमा किसी भी नजदीकी बैंक शाखा, प्राथमिक कृषि साख समिति, कॉमन सर्विस सेंटर अथवा पीएमएफवाय पोर्टल पर मोबाइल एप के माध्यम से कर सकते हैं। ग्वालियर जिले में “एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया” द्वारा फसल बीमा किया जा रहा है।

फसल बीमा कराने के लिये किसानों को मात्र 2 प्रतिशत प्रीमियम जमा करना है

उप संचालक कृषि ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिए किसानों को केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम का भुगतान करना होता है, जबकि शेष प्रीमियम का वहन केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किया जाता है।

विस्तृत जानकारी के लिये किसान भाई यहां करें संपर्क

योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, निकटतम कृषि कार्यालय अथवा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
ज्ञात हो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं, सूखा, अतिवृष्टि, जलभराव तथा प्रतिकूल मौसम के कारण फसलों को होने वाले नुकसान से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है। मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए फसल बीमा किसानों के लिए एक प्रभावी सुरक्षा कवच है।

Collector Office Gwalior
CM Madhya Pradesh

Address

Collector & District Magistrate, Collectorate, Ohadpur
Gwalior
474001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Collector Office Gwalior posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Collector Office Gwalior:

Shortcuts

Share