DC Hamirpur

DC Hamirpur District Administration Hamirpur Himachal Pradesh

28/08/2026
27/08/2026

हमीरपुर में 30 को 3 केंद्रों पर होगी नीट-पीजी की परीक्षा, एडीसी ने की आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा

हमीरपुर 27 अगस्त। देश भर के मेडिकल कालेजों में एमडी, एमएस और अन्य स्नातकोत्तर डिग्री एवं डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश के लिए 30 अगस्त को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की जाने वाले नीट-पीजी परीक्षा के लिए जिला हमीरपुर में भी 3 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बुधवार शाम को जिला के प्रशासनिक, पुलिस, अन्य संबंधित अधिकारियों तथा जिला के तीनों परीक्षा कंेद्रों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक करके नीट-पीजी परीक्षा के लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंस (एनबीईएमएस) द्वारा विश्व प्रसिद्ध सॉफ्टवेयर कंपनी टीसीएस के माध्यम से आयोजित की जा रही इस परीक्षा के लिए जिला हमीरपुर में नालंदा कालेज ऑफ एजूकेशन झनियारी, न्यू गुरुकुल पब्लिक सीनियर सेकंडरी स्कूल गोपालनगर, पक्का भरो और सेवन स्टार इंटरनेशनल स्कूल बणी, बड़सर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
एडीसी ने इन तीनों संस्थानों के प्रधानाचार्यों को एनबीईएमएस के सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करते हुए सभी प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम हमीरपुर, एसडीएम बड़सर और संबंधित पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों के आस-पास पुख्ता सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें, ताकि इस प्रतिष्ठित परीक्षा को सुचारू ढंग से संपन्न करवाया जा सके।
एडीसी ने कहा कि परीक्षा का समय सुबह 9 से दोपहर 12ः30 बजे तक होगा, लेकिन परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7 बजे से ही आरंभ कर दिया जाएगा, ताकि वास्तविक परीक्षा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं सुचारू हो सकें। उन्होंने बिजली बोर्ड लिमिटेड के अधिकारियों को परीक्षा के दौरान बिजली की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए। बैठक में अन्य प्रबंधों को लेकर भी व्यापक चर्चा की गई।

27/08/2026

नेपाल यात्रा पर गए लोगों से संपर्क नहीं हो रहा है तो तुरंत करें सूचित : अभिषेक गर्ग

हमीरपुर 27 अगस्त। एडीसी अभिषेक गर्ग ने जिला के सभी एसडीएम, तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर उनके क्षेत्रों से कोई स्थानीय निवासी नेपाल यात्रा पर गया है और उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को निर्धारित प्रपत्र पर प्रेषित करें।
उन्होंने बताया कि बुधवार को नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद गृह विभाग ने यह जानकारी मांगी है, ताकि नेपाल यात्रा पर गए लोगों की लोकेशन का पता किया जा सके और उनसे संपर्क किया जा सके।
एडीसी ने जिलावासियों से भी अपील की है कि अगर उनका कोई परिजन या रिश्तेदार नेपाल यात्रा पर गया हुआ है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है तो तुरंत संबंधित एसडीएम, तहसीलदार या खंड विकास अधिकारी को सूचित करें।

एडीसी ने भोरंज में योजनाओं की समीक्षा की, विकास कार्यों का निरीक्षण भी कियाभोरंज 26 अगस्त। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बुधवार क...
26/08/2026

एडीसी ने भोरंज में योजनाओं की समीक्षा की, विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया

भोरंज 26 अगस्त। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बुधवार को भोरंज का दौरा करके विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ फील्ड में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। ग्रामीण विकास और पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान एडीसी ने स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0, वीबी जी राम जी योजना और अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की।
एडीसी ने जमीनी स्तर पर इन योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं के बारे में भी अधिकारियों से फीडबैक लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने भोरंज विकास खंड में जारी जल संरक्षण और अन्य कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। उन्होंने जाहू में बनाए जा रहे खेल मैदान का जायजा भी लिया।
इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी, अन्य अधिकारी, स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

24/08/2026
अमेजॉन फ्रेश से जुड़े हमीरपुर के किसान, सफल रहा पहला ट्रायलहमीरपुर से सोलन भेजी सब्जियों की खेप, किसानों को तीन घंटे में...
22/08/2026

अमेजॉन फ्रेश से जुड़े हमीरपुर के किसान, सफल रहा पहला ट्रायल
हमीरपुर से सोलन भेजी सब्जियों की खेप, किसानों को तीन घंटे में पेमेंट भी हो गई

हमीरपुर 22 अगस्त। डिजिटल मार्केटिंग के इस युग में हमीरपुर के किसानों को भी अमेजॉन फ्रेश जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के साथ जोड़कर उनकी उपज को अच्छे दाम उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों के उत्साहजनक परिणाम सामने आने लगे हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि जिला प्रशासन ने अमेजॉन फ्रेश से संपर्क किया था और कंपनी के अधिकारियों से जिला हमीरपुर के किसानों की उपज को बाजार उपलब्ध करवाने की संभावनाएं तलाशने का आग्रह किया था।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि इन प्रयासों के परिणामस्वरूप अमेजॉन फ्रेश ने हमीरपुर के किसानों की उपज को बाजार में उतारने का सफल ट्रायल किया है।
उन्होंने बताया कि हमीरपुर के किसानों द्वारा उगाई गई भिंडी, करेला , खीरा और अन्य सब्जियों की पहली खेप सोलन स्थित अमेजॉन फ्रेश के रिटेल स्टोर में भेजी गई थी। यह खेप प्राप्त होने के बाद अमेजॉन फ्रेश ने 3 घंटे के भीतर ही किसानों को लगभग चार हजार रुपए की पेमेंट भी कर दी है।
उपायुक्त ने बताया कि अभी आफ सीजन में कम उत्पादन होने के कारण अगला ट्रायल अक्टूबर में किया जाएगा और किसानों की उपज को बड़े पैमाने पर अमेजॉन फ्रेश को भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की बेहतर मार्केटिंग करके इन्हें बाजार में अच्छे दाम उपलब्ध करवाए जा सकते हैं। इसके लिए डिजिटल मार्केटिंग और अमेजॉन फ्रेश जैसे अंतरराष्ट्रीय ब्रांड से जुड़ना बहुत आवश्यक है। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एक विशेष पहल करते हुए जिला के किसानों को अमेजॉन फ्रेश से जोड़ने का सफल प्रयास किया है। इसका पहला ट्रायल काफी सफल रहा है। जिला के किसानों की उपज को बाजार में बेहतर दाम उपलब्ध करवाने की दिशा में यह ट्रायल मील का पत्थर साबित हो सकता है।

19/08/2026

भारी बारिश से अवरुद्ध हुई सड़कों को पीडब्ल्यूडी ने किया बहाल
इस मॉनसून सीजन में जिला में अभी तक लगभग 29.22 करोड़ रुपये के नुक्सान का अनुमान

हमीरपुर 19 अगस्त। जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई भारी बारिश से काफी नुक्सान हुआ है। जगह-जगह भूस्खलन और पेड़ गिरने से जिले की कई सड़कें अवरुद्ध हो गईं थीं, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए कुछ घंटों में ही अधिकांश सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया।
सुजानपुर-संधोल सड़क, बदारन-जोल गाहलियां सड़क, कसीरी महादेव-डूहक-छतरूड़ू सड़क, टौणी देवी-उहल सड़क, उहल-जंदड़ू सड़क, लघवाण-टौणी देवी, टियालू-लोहारडा, पंजोत-ललयार, बणी-मटकर और कई अन्य सड़कें भूस्खलन या पेड़ गिरने के कारण कुछ समय के लिए बंद रहीं। अवरुद्ध होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी एवं लेबर लगाकर अधिकांश सड़कों को तुरंत बहाल कर दिया।
उधर, नादौन उपमंडल में मान खड्ड का जल स्तर बढ़ने के कारण नादौन-गौना-धनेटा सड़क भी अवरुद्ध रही। ग्राम पंचायत कश्मीर में कुछ घरों में मलबा आने की सूचना मिलते ही एसडीएम निशांत शर्मा और बचाव दल बुधवार सुबह ही मौके पर पहुंच गए।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में बुधवार दोपहर तक प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार गत 24 घंटों के दौरान जिले भर में 15 लाख रुपये से अधिक के नुक्सान का अनुमान है। इस दौरान एक पक्का मकान, 4 कच्चे मकान और एक गौशाला भी क्षतिग्रस्त हुई है।
इसी के साथ इस मॉनसून सीजन में 30 जून के बाद जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 29.22 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। इस अवधि के दौरान जिला में लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक 24.13 करोड़ का नुक्सान हुआ है। जल शक्ति विभाग को 4.53 करोड़, बिजली बोर्ड को 39.48 लाख और शिक्षा विभाग को दस हजार रुपये की क्षति हुई है। 3 कच्चे मकान ध्वस्त होने से लगभग 7.50 लाख रुपये के नुक्सान का अनुमान है। 9 अन्य कच्चे मकानों और 3 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे लगभग साढे चार लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। 13 गौशालाओं के क्षतिग्रस्त होने से लगभग 2.70 लाख रुपये का नुक्सान हुआ है।
उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विभागों को किसी भी तरह की आपात परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि बचाव एवं राहत कार्य तुरंत आरंभ किए जा सकें और प्रभावित लोगों की मदद की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दिनों के दौरान भी जिला में भारी बारिश हो सकती है। इसलिए, सभी जिलावासी विशेष ऐहतियात बरतें और नदी-नालों के पास न जाएं। भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों से भी दूर रहें। भारी बारिश में घर से बाहर निकलने का जोखिम न उठाएं। खराब मौसम में पेड़ांे के नीचे आश्रय न लें तथा बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाएं रखें। उन्होंने कहा कि ब्यास नदी के किनारे वाले क्षेत्रों के लोग नदी के पास न जाएं। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति में डीईओसी के टॉल फ्री नंबर 1077 या दूरभाष नंबरों 01972-221277, 221377, 221477 और 221877 पर संपर्क किया जा सकता है।
-0-

19/08/2026

अब सुगम सेंटर से संचालित होगी डीसी ऑफिस की कॉपिंग एजेंसी ब्रांच

हमीरपुर 18 अगस्त। उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर की कॉपिंग एजेंसी ब्रांच को कमरा नंबर 304 से शिफ्ट करके इसका संचालन उपायुक्त कार्यालय के प्रवेशद्वार की दाईं तरफ धरातल की मंजिल में स्थित सुगम संेटर में शुरू कर दिया गया है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि यह ब्रांच कमरा नंबर 304 में संचालित की जा रही थी, लेकिन तीसरी मंजिल तक पहुंचने और इस कमरे को ढूंढने में आम लोगों को काफी दिक्कत होती थी। आम लोगों की सुविधा के लिए अब इसे धरातल की मंजिल में उपायुक्त कार्यालय के प्रवेशद्वार के दाईं तरफ स्थित सुगम सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है।

विद्यार्थी ऋण और अन्य ऋणों के आवंटन में न हो देरी : अभिषेक गर्गजिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक में एड...
18/08/2026

विद्यार्थी ऋण और अन्य ऋणों के आवंटन में न हो देरी : अभिषेक गर्ग
जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक में एडीसी ने दिए निर्देश

हमीरपुर 18 अगस्त। जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक मंगलवार को यहां हमीर भवन में एडीसी अभिषेक गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही की उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर एडीसी ने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि वे आम लोगों को विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ने को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। इससे उनके बैंकों का कारोबार बढ़ेगा, आम लोग लाभान्वित होंगे और जिला के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशो) में भी सुधार होगा। उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान जिला में 335.54 करोड़ रुपये के ऋण आवंटित किए गए जो कि इस वित्त वर्ष के कुल निर्धारित लक्ष्य 2062.90 करोड़ का 18.61 प्रतिशत है। पहली तिमाही के दौरान जिला की सीडी रेशो करीब 24 प्रतिशत रही, जिसमें काफी ज्यादा सुधार की आवश्यकता है।
एडीसी ने कहा कि सभी बैंक फील्ड में विशेष शिविर लगाकर अधिक से अधिक लोगों को ऋण योजनाओं से जोड़ें और इन शिविरों की रिपोर्ट नियमित रूप से अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) कार्यालय को प्रेषित करें। समिति की अगली बैठक में इसकी समीक्षा की जाएगी तथा बैंक अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना और अन्य सभी सब्सिडी योजनाओं से संबंधित ऋणों की मंजूरी में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। जिला हमीरपुर में कृषि, पशुपालन, एमएसएमई, स्वयं सहायता समूह और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण आवंटन के साथ-साथ सोलर प्लांट, शिक्षा ऋण और हाउस लोन में भी काफी अच्छी संभावनाएं हैं। बैंकों को इस दिशा में प्रयास करने चाहिए।
एडीसी ने कहा कि जिला में अभी 47,435 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए गए हैं। जबकि, जिला में पीएम किसान सम्मान निधि प्राप्त करने वाले किसानों की संख्या 51,559 है। अन्य छूटे किसानों को भी प्राथमिकता के आधार पर केसीसी प्रदान करें, ताकि वे आसानी से ऋण ले सकें। बैठक में एनआरएलएम, एनयूएलएम, पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी और एससीएसटी निगम से संबंधित योजनाओं, स्वास्थ्य बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के एलडीओ तरुण चौधरी ने बैंक के विभिन्न दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया। जबकि, पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कतना और नाबार्ड के डीडीएम नरेश कुमार ने अपने-अपने संस्थानों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
---------
आरसेटी में 18 से 50 वर्ष तक के लोग ले सकते हैं मुफ्त ट्रेनिंग

एडीसी ने कहा कि मट्टनसिद्ध में संचालित किए जा रहे पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में 18 से 50 वर्ष तक के लोगों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। इनके लिए शैक्षणिक योग्यता की कोई भी शर्त नहीं है। इस संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा और महिलाएं स्वरोजगार की राह पर अग्रसर हो सकते हैं।

Address

Hamirpur
177001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when DC Hamirpur posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to DC Hamirpur:

Shortcuts

Share