14/09/2026
📌 ऐतिहासिक पोस्ट: सुलाह-ए-हुदैबिया (Treaty of Hudaybiyyah) — एक ऐसी संधि जो 'खुली फ़तह' बनी! ✨
इस्लामी इतिहास का वो मोड़, जिसे अल्लाह ने क़ुरआन में "फ़त्ह-ए-मुबीन" (खुली जीत) फ़रमाया, वो तलवार के ज़ोर से नहीं, बल्कि सब्र, हिकमत और दूरंदेशी (Strategy) से जीती गई थी। आइए जानते हैं हुदैबिया का पूरा वाक़या, जो हर मुसलमान के ईमान को ताज़ा कर देता है।
📖 1. ऐतिहासिक पस-मंज़र (Background)
ज़ुल-क़ादा 6 हिजरी (628 ईस्वी) में नबी करीम ﷺ ने ख़्वाब देखा कि आप अपने सहाबा के साथ अमन से मक्का में दाख़िल होकर उमराह कर रहे हैं। नबी का ख़्वाब वही (Revelation) होता है। हुज़ूर ﷺ 1400 सहाबा के साथ सिर्फ़ एहराम बांधकर और क़ुरबानी के जानवर लेकर मक्का की तरफ़ निकल पड़े। मुसलमानों का इरादा जंग का बिल्कुल नहीं था। लेकिन मक्का के मुशरिकों (क़ुरैश) ने अपनी अना (Ego) में आकर मुसलमानों का रास्ता रोकने के लिए एक दस्ता भेजा। ख़ून-ख़राबे से बचने के लिए अल्लाह के रसूल ﷺ ने मक्का के क़रीब 'हुदैबिया' नाम की जगह पर पड़ाव डाला।
💧 2. हुदैबिया के मैदान में मुश्किलात और मुअज़िज़ात
वहां पानी की भयंकर क़िल्लत थी। सिर्फ़ एक सूखा कुआँ था। हुज़ूर ﷺ ने अपने मुबारक हाथ का एक तीर या अपना लुआब-ए-दहन (Saliva) उस कुएं में डाला, और देखते ही देखते कुएं से पानी का चश्मा उबल पड़ा! पूरे 1400 के लश्कर और जानवरों ने सैराब होकर पानी पिया।
हुजूर ने हजरत उस्मान को अपना सफीर बनाकर कर मक्का भेजा।
जब मक्का गए हुए हज़रत उस्मान (रज़ि.) की शहादत की अफ़वाह उड़ी, तो मुसलमानों में ग़म और ग़ुस्सा फैल गया। हुज़ूर ﷺ ने फ़रमाया कि हम उनके ख़ून का बदला लेंगे और एक बबूल के पेड़ (Acacia Tree) के नीचे सहाबा से मौत की बय्यत ली, जिसे इतिहास में 'بَيْعَةُ الرِّضْوَانِ' (बय्यते रिज़वान) कहा जाता है। इस बय्यत की ख़बर सुनकर काफ़िर डर गए और सुलह के लिए राज़ी हुए।
📜 3. सुलह की वो शर्तें, जो बज़ाहिर मुसलमानों को झुकाने वाली थीं
मक्का के नुमाइंदे सुहैल बिन अम्र ने बड़ी ज़िद के साथ ऐसी शर्तें रखवाईं, जिससे सहाबा के दिल मगलूबियत (हार) के अहसास से छलनी हो रहे थे:
इस साल बिना उमराह किए वापसी: मुसलमान इस साल बिना उमराह किए मदीना लौट जाएंगे। अगले साल सिर्फ़ 3 दिन के लिए आ सकेंगे।
एकतरफ़ा वापसी की शर्त (सबसे तकलीफ़देह): मक्का का कोई भी शख़्स अगर (मुसलमान होकर) मदीना भागेगा, तो मदीना वाले उसे वापस मक्का भेजने के पाबंद होंगे। लेकिन मदीना का कोई शख़्स मक्का भागेगा, तो क़ुरैश उसे वापस नहीं करेंगे।
⚔️ हमले और इत्तिहाद (Alliance) की अहम शर्त: अरब का कोई भी क़बीला मुसलमानों या क़ुरैश में से किसी के भी साथ इत्तिहाद (गठबंधन) करने के लिए आज़ाद है। शर्त यह थी कि कोई भी एक-दूसरे के ख़िलाफ़ हथियार नहीं उठाएगा। अगर किसी के भी साथी क़बीले पर हमला हुआ, तो वो सीधे तौर पर मुख्य फ़रीक़ (मुसलमानों या क़ुरैश) पर हमला माना जाएगा और जंग का ऐलान समझा जाएगा।
नाम पर एतराज़: जब संधि पर "मोहम्मद रसूलुल्लाह" लिखा गया, तो सुहैल ने कहा कि हम रसूल नहीं मानते। हुज़ूर ﷺ ने अपने मुबारक हाथों से 'रसूलुल्लाह' मिटाकर 'मोहम्मद बिन अब्दुल्लाह' लिखवाया।
इसी दौरान सुहैल का बेटा हज़रत अबू जंदल (रज़ि.), जो मक्का की क़ैद में बेड़ियों से जकड़े हुए थे, तड़पते हुए हुदैबिया के कैंप में पहुंचे। लेकिन समझौते के तहत हुज़ूर ﷺ को रोते हुए अबू जंदल को उनके ज़ालिम बाप के हवाले करना पड़ा। इस मंज़र ने सहाबा को तड़पा कर रख दिया।
⛺ 4. हुज़ूर ﷺ का ख़ेमा (Tent) और उम्मुल मोमिनीन का वो तारीख़ी मशवरा!
सुलहनामा मुकम्मल होने के बाद, हुज़ूर ﷺ ने सहाबा को हुक्म दिया: "उठो, अपने जानवर क़ुरबान करो और अपने सर मुंडवाकर एहराम खोल दो।"
लेकिन सहाबा पर इस कदर ग़म और सदमे का पहाड़ टूटा था कि वे बुत बने बैठे रहे। हुज़ूर ﷺ ने तीन बार यह हुक्म दिया, लेकिन कोई अपनी जगह से नहीं हिला (वे उम्मीद कर रहे थे कि शायद अल्लाह की तरफ़ से कोई और वही आ जाए या यह फ़ैसला बदल जाए)।
हुज़ूर ﷺ दुखी होकर अपनी बीवी उम्मुल मोमिनीन हज़रत उम्मे सलमा (रज़ि.) (नोट: कुछ रिवायतों में उम्मे सलमा का ज़िक्र है, जो सहीह बुख़ारी की सबसे ऑथेंटिक रिवायत है) के ख़ेमे में गए और फ़रमाया कि लोग मेरा हुक्म नहीं मान रहे हैं।
तब हज़रत उम्मे सलमा (रज़ि.) ने एक बेमिसाल और हिकमत भरा मशवरा दिया:
"या रसूलुल्लाह! आप सहाबा से कुछ मत कहिए। आप बाहर निकलिए, किसी से बात किए बिना अपने क़ुरबानी के ऊंट को ज़بح कीजिए और अपने नाई (barber) को बुलाकर अपना सर मुंडवा लीजिए।"
हुज़ूर ﷺ ने ऐसा ही किया। जब सहाबा ने देखा कि अल्लाह के रसूल ﷺ ने ख़ुद क़ुरबानी कर दी और सर मुंडवा लिया, तो उनके सारे वहम दूर हो गए। वे समझ गए कि अब यह फ़ैसला अटल है। सहाबा दीवानों की तरह उठे, क़ुरबानी की और एक-दूसरे के बाल मूंडने लगे—ग़म और अफ़सोस का ऐसा समां था कि डर था कि कहीं एक-दूसरे को (जल्दबाज़ी में) ज़ख़्मी न कर बैठें।
🏜️ 5. 'सीफ़ुल बहर' की वो आज़ाद गूरिल्ला फ़ोर्स (हज़रत अबू बसीर का वाक़या)
समझौते के बाद मक्का के एक और मुजाहिद हज़रत अबू बसीर (रज़ि.) भागकर मदीना आए। क़ुरैश के दो लोग उन्हें लेने आए, तो हुज़ूर ﷺ ने वादे के मुताबिक़ उन्हें वापस कर दिया। लेकिन रास्ते में अबू बसीर ने हिकमत से एक काफ़िर को हलाक कर दिया और मदीना जाने के बजाय मक्का-शाम के व्यापारिक मार्ग पर "सीफ़ुल बहर" (El-Eis) नाम के तटीय इलाके में बैठ गए।
धीरे-धीरे मक्का के जितने भी अज़ीयत झेल रहे मुसलमान थे (जिनमें हज़रत अबू जंदल भी शामिल थे), वो मक्का से भागकर इसी पहाड़ी इलाक़े में जमा होने लगे। देखते ही देखते 300 जांबाज़ों की एक आज़ाद गूरिल्ला आर्मी बन गई। चूंकि वे मदीना की रियासत का हिस्सा नहीं थे, इसलिए उन पर हुदैबिया की संधि लागू नहीं होती थी।
उन्होंने मक्का के व्यापारिक काफ़िलों को लूटना और काफ़िरों को काटना शुरू कर दिया। मक्का की अर्थव्यवस्था (Economy) तबाह हो गई। काफ़िर इस कदर तंग आ गए कि अबू सुफ़ियान ने ख़ुद मदीना हाथ जोड़कर पैग़ाम भेजा कि: "ख़ुदा के लिए इन लोगों को मदीना बुला लो, हम वह एकतरफ़ा वापसी वाली शर्त ख़ुद ख़त्म करते हैं!" सुभानल्लाह!
🕋 6. अगले साल का वो मंज़र (उमरा-तुल-क़ज़ा - 7 हिजरी)
अगले साल वादे के मुताबिक़ हुज़ूर ﷺ 2000 सहाबा के साथ उमराह के लिए मक्का पहुंचे। यह इतिहास का सबसे अद्भूत मंज़र था:
पहाड़ों पर चढ़े काफ़िर: मक्का के मुशरिक इस बात पर हैरान थे कि जिन मुसलमानों को हम भूखा और कमज़ोर समझते थे, वे कैसे शान से आ रहे हैं। क़ुरैश के बड़े-बूढ़े, मर्द और औरतें मक्का के आस-पास के पहाड़ों और चोटियों पर चढ़ गए ताकि मुसलमानों का तमाशा देख सकें।
शान-ए-मुस्तफ़ा ﷺ: हुज़ूर ﷺ अपनी ऊंटनी 'क़स्वा' पर सवार थे और हज़रत अब्दुल्लाह बिन रवाहा (रज़ि.) ऊंटनी की नकेल थामे शान से सीना ताने चल रहे थे। हुज़ूर ﷺ ने सहाबा से फ़रमाया कि अपने दाहिने कंधे को नंगा करो (रमल करो) और शान से तेज़ी से चलो, ताकि मुशरिक तुम्हारी ताक़त देखें।
जब सहाबा ने लब्बैक की सदाओं से मक्का की वादियों को गूंजा दिया, तो पहाड़ों पर बैठे काफ़िर दंग रह गए। इसी पर अमन माहौल को देखकर हज़रत ख़ालिद बिन वलीद (रज़ि.) का दिल पिघला (जिन्हें उनके भाई वलीद बिन वलीद ने ख़त भी लिखा था) और उन्होंने मदीना आकर इस्लाम क़बूल कर लिया।
💥 7. यह संधि आख़िर कैसे टूटी?
सुलह के दो साल बाद, क़ुरैश के साथी क़बीले 'बोनू बक्र' ने मुसलमानों के साथी क़बीले 'बोनू ख़ुज़ाआ' पर रात के अंधेरे में हमला कर दिया। मक्का के काफ़िरों ने परदे के पीछे से बोनू बक्र को हथियार दिए और ख़ुद छुपकर इंसानों का क़त्ल किया, यहाँ तक कि हरम (काबा) की सीमा में भी ख़ून बहाया।
यह हुदैबिया की संधि की सबसे बड़ी शर्त (हमला न करने की शर्त) का खुला उल्लंघन था। बोनू ख़ुज़ाआ के लोगों ने मदीना आकर फ़रियाद की। क़ुरैश की इसी ग़द्दारी के जवाब में रमज़ान 8 हिजरी में हुज़ूर ﷺ ने 10,000 के लश्कर के साथ मक्का पर चढ़ाई की और बिना ख़ून बहाए 'फ़त्ह-ए-मक्का' (Conquest of Mecca) मुकम्मल हुआ।
✨ सबक़: जो फ़ैसला बज़ाहिर मुसलमानों की हार लग रहा था, अल्लाह ने अपनी हिकमत से उसे इस्लाम की सबसे बड़ी जीत में बदल दिया। बेशक, अल्लाह का हर फ़ैसला हिकमत से भरा होता है! ❤️