02/09/2026
जीजामाता पॉलीटेक्निक कॉलेज में सृष्टि सेवा संकल्प ने किया वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम, छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण रक्षा का लिया प्रण
बुरहानपुर, 1 सितंबर। सृष्टि सेवा संकल्प, बुरहानपुर इकाई द्वारा मंगलवार को जीजामाता पॉलीटेक्निक कॉलेज में वृक्ष रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रशांत गुप्ता, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी श्री विपिन सुगंधी एवं महाविद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक शाह सहित प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
बादाम के वृक्ष को प्राकृतिक राखी बांधकर किया श्रृंगार*
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय परिसर स्थित विशाल बादाम के वृक्ष को फूल-मालाओं से सजाकर प्राकृतिक राखी बांधी गई। उपस्थितजनों ने वृक्ष की रक्षा एवं संवर्धन का संकल्प लिया। वृक्ष को राखी बांधने के इस अनूठे आयोजन से विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और प्रकृति के प्रति प्रेम की भावना जागृत हुई।
वृक्षों को बताया जीवनदाता, एक-एक पेड़ गोद लेने का आह्वान*
वक्ताओं ने कहा कि जिस प्रकार रक्षाबंधन पर हम अपनी बहनों की रक्षा का वचन देते हैं, उसी प्रकार वृक्षों की रक्षा करना भी हमारा कर्तव्य है। वृक्ष जीवनदाता हैं और मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है।
उन्होंने सभी से एक-एक वृक्ष गोद लेकर उसकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभीजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
#वृक्ष_रक्षाबंधन_उत्सव ा_युगधर्म_पर्यावरण_संरक्षण