06/09/2026
गोगा नवमी पर सफाई मित्रों के अवकाश के दौरान इंदौरवासियों ने संभाली स्वच्छता की कमान, महापौर एवं आयुक्त द्वारा राजवाड़ा से अभियान की शुरुआत
वाल्मीकि समाज के आराध्य देव श्री वीर गोगा जी की गोगा नवमी पर्व के अवसर पर आज 06 सितंबर को निगम के सफाई मित्रों का अवकाश होने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इस उद्देश्य से नगर निगम द्वारा “ हम भी स्वच्छताग्रही” अभियान की शुरुआत की गई।
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने राजवाड़ा से स्वच्छता महा जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत राजवाड़ा उद्यान एवं परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं, रहवासी संगठनों एवं नागरिकों ने भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य श्री अश्विनी शुक्ल, श्री निरंजन सिंह चौहान, सचेतक श्री कमल वाघेला, क्षेत्रीय पार्षद सुश्री रूपाली पेंढारकर, श्रीमती कंचन गिदवानी, अपर आयुक्त श्री प्रखर सिंह, ओपी जायसवाल ग्रुप सहित विभिन्न सामाजिक एवं अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सफाई मित्रों के सम्मान में नागरिक भी बने स्वच्छताग्रही – महापौर
महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि गोगा नवमी पर्व के अवसर पर 06 सितंबर को सफाई मित्रों का अवकाश है। ऐसे में अपने शहर को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ “हम भी स्वच्छताग्रही” अभियान की शुरुआत की गई है। इंदौर जनभागीदारी से चलता है और यही जनभागीदारी हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने इंदौरवासियों से अपील करते हुए कहा कि आज आपकी गली में सफाई मित्र दीदी नहीं आने वाली हैं, इसलिए गली के सभी नागरिक मिलकर अपनी गली, मोहल्ले, बगीचे और चौराहों की सफाई करें। सफाई मित्रों के अवकाश के दिन हम सभी उनके सम्मान में मैदान में उतरें और अपने आसपास की स्वच्छता की जिम्मेदारी स्वयं संभालें ।
महापौर ने कहा कि जनभागीदारी और स्वच्छता के प्रति नागरिकों के व्यवहार के कारण ही इंदौर लगातार देश में स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता के साथ-साथ स्वच्छ वायु के क्षेत्र में भी इंदौर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए इंदौरवासियों एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए नागरिकों से स्वच्छता के इस व्यवहार को निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।
इंदौर की स्वच्छता की पहचान केवल निगम के सफाई मित्रों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से- आयुक्त
आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल ने कहा कि नगर निगम के सफाई मित्र पूरे वर्षभर मौसम की परवाह किए बिना पूरी शिद्दत और समर्पण के साथ मैदान में रहकर शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखते हैं। जिस दिन सफाई मित्रों का अवकाश है, उस दिन हम सभी का दायित्व है कि उनके सम्मान में हम भी मैदान में उतरें और अपने इंदौर शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने गली, मोहल्ले, वार्ड, झोन एवं क्षेत्र में “ हम भी स्वच्छताग्रही” अभियान से जुड़कर जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता की पहचान केवल निगम के सफाई मित्रों से नहीं, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से भी है।
शहरभर में विभिन्न संगठनों ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी “हम भी स्वच्छताग्रही” अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ रहवासी संगठन, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठन, सिख समाज, बैंकिंग संस्थाओं एवं विभिन्न संगठनों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
अभियान में आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई बैंक, यूको बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, एचडीएफसी बैंक, मार्केट एसोसिएशन, लायंस क्लब, एनएसएस, एनसीसी, बीएसएफ, 15वीं बटालियन, स्वयंसेवक संघ, एनजीओ टीम बेसिक्स, टीम डिवाइन, टीम एचएमएस, म्यूज एवं टीम एफएफसीटी सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
Swachh Bharat Mission - Urban
PRO Jansampark Indore
Pushyamitra Bhargav