Jabalpur Commissioner

Jabalpur Commissioner Commissioner of Jabalpur, Government of Madhya Pradesh
(1)

संभागायुक्त जबलपुर द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान की सघन समीक्षावर्षाजनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार की सतत मॉ...
02/09/2026

संभागायुक्त जबलपुर द्वारा स्वास्थ्य एवं पोषण अभियान की सघन समीक्षा

वर्षाजनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार की सतत मॉनीटरिंग के दिए निर्देश

संभागीय अधिकारियों को फील्ड में सघन निरीक्षण और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

आंगनवाड़ी, स्कूल, आश्रम, छात्रावासों के नियमित निरीक्षण एवं सघन मॉनीटरिंग हेतु दिए निर्देश
------
संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह की अध्यक्षता में आज संभाग के कलेक्टर्स एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास, जनजातीय कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, कृषि एवं संबंद्ध विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में वर्षाजनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं त्वरित उपचार, दस्तक-सह-स्टॉप डायरिया अभियान, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष चर्चा हुई। संभागायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में जांच सुविधाओं, आवश्यक उपकरण, एंबुलेंस, दवाइयों एवं पर्याप्त बेड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य सेवाएं एवं सुविधाओं की सघन मॉनिटरिंग करते हुए प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए।

संभागायुक्त द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति एवं पोषण आहार वितरण, छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं तथा दूरस्थ एवं रिमोट क्षेत्रों में पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने दूरस्थ गांवों में बच्चों एवं परिवारों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिए जाने एवं वर्षाजनित रोगों की रोकथाम एवं त्वरित उपचार की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, पेयजल स्रोतों का नियमित परीक्षण एवं आवश्यकता अनुसार क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं गौशालाओं के संचालन, पशु चिकित्सा सेवाओं और पशुओं के टीकाकरण की भी समीक्षा की गई।

संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी फील्ड में सघन निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें एवं योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की सतत मॉनिटरिंग करें। उन्होंने आहार अनुदान योजना की जिलेवार समीक्षा भी की।

संभागायुक्त ने बैठक के दौरान निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शासन की योजनाओं का तत्परता से लाभ मिल सके।

CM Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh

समरसता संकल्प अभियान एवं पावन कलश रथयात्रा का जगह-जगह हो रहा भव्य स्वागत------      जबलपुर संभाग के डिंडौरी जिला में संत...
02/09/2026

समरसता संकल्प अभियान एवं पावन कलश रथयात्रा का जगह-जगह हो रहा भव्य स्वागत
------
जबलपुर संभाग के डिंडौरी जिला में संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर उनके जीवन-दर्शन तथा समता, भक्ति, सेवा, सामाजिक न्याय एवं मानवता के संदेश के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से “श्री गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है। 18 अगस्त 2026 को रविन्द्र भवन भोपाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जिले का पावन कलश सम्मानपूर्वक रवाना किया गया था। शासन के निर्देशानुसार 20 अगस्त को जिला मुख्यालय पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित कर पावन कलश को स्थानीय रविदास मंदिरों एवं ग्राम स्तर के लिए रवाना किया गया। इसके बाद 20 अगस्त से प्रारंभ हुई कलश रथयात्रा का जिले के विभिन्न ग्रामों में भजन-कीर्तन एवं जयकारों के साथ श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 सितम्बर को विकासखंड शहपुरा में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, रेड क्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र राजपूत कलश यात्रा में शामिल हुए। साथ ही विकासखंड अमरपुर के सक्का, किसलपुरी एवं धनवासी में कलश यात्रा का भ्रमण हुआ, जहां ग्रामवासियों ने संत शिरोमणि रविदास जी के पावन कलश एवं प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया। 2 सितम्बर को कलश यात्रा विकासखंड समनापुर में प्रवेश करेगी, जिसकी अगवानी की तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा में श्री परसराम नागेश, श्री महेश धूमकेती, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित यात्रा नोडल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग रहेगा। पावन कलश रथयात्रा जिले के निर्धारित मार्गों पर भ्रमण करते हुए 10 सितम्बर 2026 तक जारी रहेगी।

Faggan Singh Kulaste

जल जीवन मिशन की योजनाओं का कार्यपालन यंत्री ने किया निरीक्षणग्रामों में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रगतिरत कार्यों की जानी ...
02/09/2026

जल जीवन मिशन की योजनाओं का कार्यपालन यंत्री ने किया निरीक्षण
ग्रामों में पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रगतिरत कार्यों की जानी हकीकत, गुणवत्तापूर्ण कार्य के दिए निर्देश
------
जबलपुर संभाग के बालाघाट जिला के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.एल. उइके ने 2 सितंबर को बिरसा विकासखंड के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रगतिरत पेयजल योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम गिडोरी, मालिया, रेलवाही एवं देवगांव पहुंचकर योजनाओं में चल रहे कार्यों की मौके पर जाकर स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री श्री उइके ने जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता तथा ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले से योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नल के माध्यम से पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए योजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों को नियमित रूप से पेयजल की सुविधा मिलना सुनिश्चित किया जाए।

कार्यपालन यंत्री ने मैदानी अमले को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पाइपलाइन, जलस्रोत, टंकी एवं अन्य आवश्यक संरचनाओं से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए तकनीकी मापदंडों के अनुरूप कार्य कराया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की उपयोगिता और संचालन की स्थिति की जानकारी भी ली। साथ ही, जहां कहीं कार्य में आवश्यक सुधार या गति बढ़ाने की जरूरत है, वहां तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं संबंधित मैदानी अमला उपस्थित रहा।

Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026:-7 से 12 सितंबर तक एक केंद्र में होगी परीक्षापरीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के ...
01/09/2026

राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026:-
7 से 12 सितंबर तक एक केंद्र में होगी परीक्षा
परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए निर्देश जारी
------
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए जिले में शासकीय मानकुंवर बाई कला एवं वाणिज्य महिला महाविद्यालय, नेपियर टाउन को केंद्र बनाया गया है। 6 दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा ऑफलाइन माध्यम से सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। इसमें 11 सितंबर को परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एवं 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए संभाग के उप-आयुक्त राजस्‍व ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा व्यवस्था और संचालन के लिए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुनीता मिश्रा को केन्द्राध्यक्ष नियुक्त किया गया है। गोपनीय सामग्री को कोषालय से लाने, ले जाने तथा परीक्षा केंद्र पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिथिवार अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिसमें 7 एवं 8 सितंबर के लिए एकीकृत बालविकास सेवा के परियोजना अधिकारी वीकेस राय, 9 एवं 10 सितंबर के लिए सहायक क्रीडा अधिकारी भगवान सिंह दांगी और 11 एवं 12 सितंबर के लिए हिरन जल संसाधन संभाग की सहायक यंत्री सुश्री अस्मिता सराफ को नियुक्त किया गया है। इसके अलावा जल संसाधन मंडल के सहायक यंत्री अभिमन्यु पाण्डे तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक बृजेश मिश्रा को रिजर्व प्राधिकृत अधिकारी बनाया गया है।
उप आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार समस्त प्राधिकृत अधिकारी परीक्षा के दिनों में सुबह 8:30 बजे जिला कोषालय में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र प्राप्त कर परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र में पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा परीक्षा समाप्‍त होने के बाद समस्‍त परीक्षा सामग्री जिला कोषालय में जमा करायेंगे। इसके साथ ही अधिकारियों को 3 सितंबर को यह घोषणा पत्र भी प्रस्तुत करना होगा कि उनका कोई निकट संबंधी इस परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो रहा है।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए 3 सितंबर को दोपहर 12 बजे कमिश्नर कार्यालय जबलपुर संभाग के कोर्ट रूम में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में केन्द्राध्यक्ष, प्राधिकृत व रिजर्व अधिकारी, जिला कोषालय अधिकारी, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है।

CM Madhya Pradesh

01/09/2026
संभागायुक्त श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर दिये आवश्‍यक निर्देशवर्षा जनित संक्रामक रोगों की...
31/08/2026

संभागायुक्त श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर दिये आवश्‍यक निर्देश

वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार हेतु तत्परता से कार्यवाही के दिए निर्देश

स्कूल, आंगनवाड़ी, आश्रम, छात्रावासों के नियमित निरीक्षण हेतु विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश

लंबित निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा, समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्णता के दिए निर्देश
-------
संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने आज संभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक की, जिसमें शासन के प्रमुख कार्यक्रमों और प्राथमिक अभियानों की प्रगति की विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि लंबित शिकायतों का त्वरित रूप से संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा के दौरान सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का समय सीमा में प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करावें। साथ ही अभियान अंतर्गत लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने हेतु संभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

संभागायुक्‍त श्री सिंह ने स्‍वास्‍थ्‍य व पोषण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता में लेते हुए कहा कि इस दिशा में अपेक्षित मापदंड अनुसार कार्य करें। उन्होंने दस्तक अभियान अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों से प्रगति का जायज़ा लेकर समय सीमा में इसके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु निर्देश दिए। संभागायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को वर्षा जनित संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं उपचार हेतु तत्परता से कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

बैठक में संभागायुक्त ने विद्यालयों के संचालन, पुस्‍तक व छात्रवृत्ति वितरण एवं अन्‍य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इसकी सतत मॉनिटरिंग करें। साथ ही स्‍कूल, आंगनवाड़ी, आश्रम, छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करते हुए निरीक्षण पंजी में टीप दर्ज करें तथा बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण भोजन व शुद्ध पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करावें। पीएचई विभाग को भी पेयजल नमूनों की नियमित जाँच कराने एवं शुद्ध पेयजल उपलब्धता के निर्देश दिए।

बैठक में उन्‍होंने शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगरीय प्रशासन, मंडी, सहकारिता, उद्यानिकी, पशुपालन, ऊर्जा, कृषि, जल निगम, तथा निर्माण से जुड़े विभागों के साथ अन्‍य विभागों में लंबित प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा की। उन्‍होंने लंबित शिकायत प्रकरणों के निराकरण के लिए अधिकारियों से कहा कि वे शिकायतकर्ताओं से सतत संवाद कर शिकायतों का समुचित निराकरण सुनिश्चित करें।

बैठक में संभागायुक्‍त श्री सिंह ने नवीन ई विकास प्रणाली के तहत कृषकों को खाद वितरण व्‍यवस्‍थित रूप से कराने तथा राशन वितरण व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। इसके अलावा उन्‍होंने विभिन्न निर्माण एजेंसियों के निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित निर्माण कार्यों को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

CM Madhya Pradesh

क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक ने शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा का किया औचक निरीक्षण------म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ...
31/08/2026

क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक ने शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा का किया औचक निरीक्षण
------
म.प्र. शासन उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय महाविद्यालयों में किए जा रहे औचक निरीक्षण की श्रृंखला में 29 अगस्त को उच्च शिक्षा विभाग जबलपुर संभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक प्रो. अलकेश चतुर्वेदी ने शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा का औचक निरीक्षण किया।

महाविद्यालय पहुंचने पर अतिरिक्त संचालक प्रो. अलकेश चतुर्वेदी का बैच लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ द्वारा अपना-अपना परिचय दिया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त संचालक ने महाविद्यालय की वनस्पति विज्ञान एवं जन्तु विज्ञान लेब, भौतिक शास्त्र लेब, रसायन शास्त्र लेब, पुस्तकालय-ई ग्रंथालय, कम्प्यूटर लेब तथा महाविद्यालय की कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने महाविद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आवश्यक चर्चा भी की।

अतिरिक्त संचालक ने कैश-बुक संधारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य संपन्न करने के लिए संबंधितों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक कार्यालय के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता मेश्राम भी उपस्थित रहे।

Department of Higher Education, Madhya Pradesh

जन विश्वास अभियान शिविर में पशुपालकों को योजनाओं की दी गई जानकारी------          मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अ...
31/08/2026

जन विश्वास अभियान शिविर में पशुपालकों को योजनाओं की दी गई जानकारी
------
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत 29 अगस्त को जबलपुर संभाग के डिंडौरी जिला के विकासखंड समनापुर के ग्राम गौरा कन्हारी में आयोजित शिविर में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाया गया। स्टॉल के माध्यम से पशुपालकों को विभागीय योजनाओं एवं पशुपालन गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में 15 पशुपालकों को औषधि वितरण, 15 पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के आवेदन 2 पशुपालकों को बकरी पालन तथा 2 पशुपालकों को चारा बीज का वितरण किया गया। इसके साथ ही पशुपालकों को पशुपालन से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने तथा पशुधन की बेहतर देखभाल के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में संचालित पशु चिकित्सालय समनापुर एवं पशु चिकित्सालय बजाग का निरीक्षण भी किया गया। अधिकारियों ने पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh

सड़क किनारे खड़ी बहनों और बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रुकवाई गाड़ी, राखी बंधवाकर किया आत्मीय संवाद------मुख्...
29/08/2026

सड़क किनारे खड़ी बहनों और बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रुकवाई गाड़ी, राखी बंधवाकर किया आत्मीय संवाद
------
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 29 अगस्त को बालाघाट जिले के नक्सल प्रभावित रहे कोरका-बोंदारी क्षेत्र का दौरा कई आत्मीय और भावुक पलों का साक्षी बना। बीमारी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव वापस लांजी की ओर लौट रहे थे, तभी ग्राम देवरबेली में सड़क किनारे खड़ी बहनों और बच्चों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया।

मुख्यमंत्री के अचानक गाड़ी रुकवाने और ग्रामीणों के बीच पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। डॉ. यादव ग्रामीणों के बीच पहुंचे और बहनों एवं बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। रक्षाबंधन के अवसर पर जनजाति बहुल गांव की बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधी और उन्हें शुभ आशीष दिया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों के स्नेह और आशीर्वाद को आत्मीयता से स्वीकार किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्रामीणों से सहज संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने गांव और क्षेत्र से जुड़ी अपनी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की बातें गंभीरता से सुनीं और आवश्यक कार्यवाही के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

पहली बार मुख्यमंत्री के पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह
ग्राम देवरबेली के ग्रामीण इस बात से बेहद प्रसन्न और प्रभावित नजर आए कि उनके क्षेत्र में पहली बार किसी मुख्यमंत्री का आगमन हुआ है। मुख्यमंत्री का अचानक उनके बीच पहुंचना ग्रामीणों के लिए किसी सुखद आश्चर्य से कम नहीं था। विशेषकर बहनों और बच्चों में मुख्यमंत्री से मिलने तथा उन्हें राखी बांधने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री का सड़क किनारे रुककर सीधे उनके बीच आना यह दर्शाता है कि सरकार गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की भावनाओं और समस्याओं को समझने के लिए उनके बीच पहुंच रही है। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार ने ग्रामीणों के बीच अपनत्व और विश्वास की भावना को और मजबूत किया।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव और देवरबेली की बहनों के बीच हुआ यह आत्मीय संवाद क्षेत्र के लोगों के लिए यादगार बन गया। मुख्यमंत्री ने भी बहनों के स्नेह, राखी और आशीर्वाद को क्षेत्र की मातृशक्ति का स्नेह बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।

CM Madhya Pradesh

बच्चों के सपनों से रूबरू हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव, भविष्य की राह पर दिया मार्गदर्शनशासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लांजी का मुख...
29/08/2026

बच्चों के सपनों से रूबरू हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव, भविष्य की राह पर दिया मार्गदर्शन
शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लांजी का मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किया अवलोकन
सपनों को साकार करने निरंतर परिश्रम का दिया संदेश
------
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज 29 अगस्त को जबलपुर संभाग के बालाघाट जिला के लांजी के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यार्थी भी उत्साहित नजर आए।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव कक्षा 10वीं में पहुंचे। उस समय कक्षा में रसायन विज्ञान का पीरियड चल रहा था। उन्होंने विद्यार्थियों से सहज अंदाज में बातचीत शुरू की और विषय से जुड़ा रोचक सवाल पूछा—“पानी में क्या डालने से आग लग जाती है?” इस पर एक बालिका ने तुरंत जवाब दिया कि सोडियम को पानी में डालने से आग लग जाती है। बालिका के सही उत्तर और आत्मविश्वास से मुख्यमंत्री प्रसन्न हुए तथा उसकी सराहना की।

बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं। इस पर बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अपने सपने साझा किए। किसी ने डॉक्टर बनने, तो किसी ने अधिकारी बनने की इच्छा जताई। कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि वे पीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक अधिकारी बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी रुचियों, पसंदीदा विषयों और अपने सपनों को पूरा करने के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन, लगन और निरंतर परिश्रम जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि के क्षेत्र को पहचानें, लक्ष्य के अनुरूप तैयारी करें और कठिन परिस्थितियों में भी प्रयास जारी रखें।

इसी दौरान एक बालिका ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से पूछा कि सीएम राइज विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय क्यों रखा गया है? मुख्यमंत्री ने बालिका के सवाल की सराहना करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण और उनके मित्र सुदामा के गुरु महर्षि सांदीपनि से प्रेरणा लेकर इन विद्यालयों का नाम सांदीपनि विद्यालय रखा गया है। उन्होंने बताया कि इन विद्यालयों के माध्यम से अमीर और गरीब सभी बच्चों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।

बालिका ने कहा—उपहार नहीं, हमारे स्कूल को भी सांदीपनि विद्यालय बना दीजिए

विद्यालय भ्रमण के दौरान कक्षा 10वीं की बालिकाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने भी बालिकाओं को उपहार भेंट किए। इसी दौरान एक बालिका ने आत्मीय अंदाज में मुख्यमंत्री से कहा—“हमें उपहार मत दीजिए, इसके बदले हमारे विद्यालय को भी सांदीपनि विद्यालय बना दीजिए।”
बालिका की इस बात से मुख्यमंत्री डॉ. यादव काफी प्रभावित हुए। उन्होंने उसकी वाकपटुता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए बालिकाओं को आश्वस्त किया कि उनका विद्यालय भी सांदीपनि विद्यालय बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। उन्होंने कहा कि बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति उनकी रुचि देखकर उन्हें बहुत प्रसन्नता हुई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदयप्रताप सिंह, सांसद श्रीमती भारती पारधी, विधायक श्री राजकुमार कर्राहे, कलेक्‍टर श्री कुमार सत्‍यम, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती धनश्री जैन सहित विद्यालय का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

CM Madhya Pradesh

Address

आयुक्त कार्यालय
Jabalpur
482001

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Jabalpur Commissioner posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Organization

Send a message to Jabalpur Commissioner:

Shortcuts

Share