06/09/2026
: झमाझम बारिश में ‘जलमग्न’ हुआ जहांगीराबाद, सड़कों पर उतरा सैलाब!
– बाइक हुई बंद तो पानी के बीच पैदल खींचते नजर आए वाहन चालक, हर बारिश में दोहराता है जलभराव का ‘दर्द’
जहांगीराबाद। शनिवार के बाद लगातार रविवार को दूसरे दिन हुई झमाझम बारिश ने जहांगीराबाद की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। देखते ही देखते कई इलाकों में इतना पानी भर गया कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सड़क पार करना भी किसी चुनौती से कम नहीं रहा। जलभराव के चलते जहां लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई, वहीं कई दोपहिया वाहन भी पानी के बीच जवाब दे गए।
सड़कों पर भरे पानी में बाइक के इंजन तक पानी पहुंचने से कई वाहन बंद हो गए। इसके बाद वाहन चालक अपनी बाइक को पानी के बीच पैदल धकेलकर ले जाने को मजबूर दिखाई दिए। बारिश थमने के बाद भी कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुईं।
◆ इंसेट | हर बारिश में वही कहानी, आखिर कब बदलेगी तस्वीर?
जहांगीराबाद में जलभराव की समस्या कोई नई बात नहीं है। बारिश आते ही कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब हो जाती हैं और लोगों को हर बार इसी परेशानी से दो-चार होना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से पहले नालों की पर्याप्त साफ-सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाए तो समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
◆ बोर्ड बैठक में बनी योजना, अब अमल का इंतजार…
हाल ही में नगरपालिका की बोर्ड बैठक में जलभराव की समस्या के निस्तारण को लेकर योजना तैयार की गई थी। ऐसे में लगातार दूसरे दिन हुए जलभराव ने योजना के धरातल पर उतरने को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कस्बे के लोगों की मांग है कि नगरपालिका नालों की साफ-सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए समस्या का स्थायी समाधान कराए, ताकि हर बारिश में शहर को ‘जलभराव’ की तस्वीर से न गुजरना पड़े।