21/08/2026
पीपल्स ग्रीन पार्टी ने गठित की चुनाव समिति, जयपुर के सभी 150 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी
जयपुर। आगामी जयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर पीपल्स ग्रीन पार्टी (PGP) ने अपनी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए पांच सदस्यीय इलेक्शन कमेटी का गठन किया है। पार्टी ने जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।
पीपल्स ग्रीन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. तन्मय ने इलेक्शन कमेटी की घोषणा की। समिति में सत्यनारायण सिंघल, आर.पी. बघेल, पंडित मुकेश, हाफिज वारसी और ताज चाचा को शामिल किया गया है।
यह समिति पार्टी की चुनावी रणनीति, संभावित प्रत्याशियों के चयन, टिकट वितरण तथा वार्ड स्तर के संगठन के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी। प्रत्येक वार्ड में स्थानीय परिस्थितियों, संगठनात्मक क्षमता और उम्मीदवार की जनस्वीकार्यता को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जयपुर को वर्ल्ड-क्लास सिटी बनाने का विजन
इलेक्शन कमेटी की घोषणा करते हुए डॉ. तनमय ने कहा कि पीपल्स ग्रीन पार्टी का उद्देश्य केवल नगर निगम चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जयपुर के लिए एक स्पष्ट और व्यावहारिक शहरी विकास मॉडल जनता के सामने रखना है।
उन्होंने कहा कि PGP जयपुर को एक वर्ल्ड-क्लास सिटी के रूप में विकसित करने के लिए बेहतर शहरी नियोजन, प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम, ट्रैफिक जाम से राहत, बेहतर सड़कों, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देगी।
डॉ. तनमय ने कहा, “जयपुर को विश्वस्तरीय शहर बनाने के लिए केवल घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए दीर्घकालिक योजना, मजबूत स्थानीय प्रशासन, जवाबदेही और प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है। पीपल्स ग्रीन पार्टी इसी दृष्टिकोण के साथ जनता के बीच जाएगी।”
उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस वार्ड स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करने और स्थानीय समस्याओं को समझकर उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने पर रहेगा। PGP ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देगी जो अपने क्षेत्र में सक्रिय हों और जनता के प्रति जवाबदेह रहने की प्रतिबद्धता रखते हों।
पार्टी के अनुसार, आने वाले दिनों में सभी 150 वार्डों में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज किया जाएगा तथा संभावित उम्मीदवारों और स्थानीय टीमों के साथ व्यापक स्तर पर समन्वय किया जाएगा।
पीपल्स ग्रीन पार्टी ने जयपुर के सभी 150 वार्डों में चुनाव लड़ने की तैयारी के साथ शहर के विकास, बेहतर नागरिक सुविधाओं और जवाबदेह स्थानीय शासन को अपनी चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बनाया है।