03/09/2026
मौसम अपडेट: राजस्थान में जन्माष्टमी पर मानसून मेहरबान, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
राजस्थान में मानसून भले ही अपने अंतिम चरण में हो, लेकिन जाते-जाते भी प्रदेश को भिगोने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाद्रपद की शुरुआत के साथ ही रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंडक का अहसास होने लगा है। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने जन्माष्टमी पर बारिश को लेकर ताजा अलर्ट जारी किया है।
जन्माष्टमी (4 सितंबर) और आगे का मौसम पूर्वानुमान
भारी बारिश की चेतावनी: 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इन 5 संभागों में होगी बारिश: 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा।
पश्चिमी राजस्थान का हाल: जोधपुर संभाग में मानसून कमजोर रहेगा, लेकिन 4 से 6 सितंबर के बीच बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
8 सितंबर से मानसून सुस्त: मौसम केंद्र के अनुसार, 8 सितंबर से राज्य के अधिकांश भागों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
आज (3 सितंबर) का मौसम और जयपुर का अपडेट
उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बने सिस्टम (WML) और श्रीगंगानगर-रोहतक से होकर गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन के असर से पूर्वी राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा 27 मिमी बारिश भरतपुर के रूपवास में दर्ज की गई।
आज जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और शेखावाटी क्षेत्र में बारिश के आसार हैं, जबकि भरतपुर में तेज बारिश का अलर्ट है। राजधानी जयपुर में आज अधिकतम तापमान 29°C रहने का अनुमान है और देर रात तक शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।