07/08/2026
*किसानों के खातों में पहुंचेगी बड़ी राहत*
*प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत राज्य में सर्वाधिक 264 करोड़ रुपये से अधिक की क्लेम राशि स्वीकृत*
*शेष 160.12 करोड़ का भुगतान प्रोसेस*
झालावाड़, 7 अगस्त। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत झालावाड़ जिले के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खरीफ 2025 के लिए जिले में अधिसूचित बीमा कंपनी एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा सम्पूर्ण राज्य में सर्वाधिक कुल 264.20 करोड़ रुपये की क्लेम राशि स्वीकृत की गई है। इसमें से पूर्व में 90.02 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों के खातों में सफलतापूर्वक जमा कराया जा चुका है।
अब शेष क्लेम राशि में से 160.12 करोड़ रुपये का भुगतान प्रधानमंत्री फसल बीमा पोर्टल पर प्रोसेस कर दिया गया है। इसमें से करीब 100 करोड़ की राशि का भुगतान भी हो गया है वहीं शेष राशि आगामी 48 से 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित कर दी जाएगी। इससे जिले के हजारों किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा प्राकृतिक आपदा से हुई फसल क्षति की भरपाई में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी।
*किसानों के हित में सतत प्रयासों का परिणाम*
जिले में फसल बीमा क्लेम भुगतान की यह महत्वपूर्ण उपलब्धि पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे के किसान हितैषी दृष्टिकोण और निरंतर प्रयासों के साथ-साथ झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह द्वारा किसानों के हित में लगातार किए गए प्रभावी प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। किसानों को शीघ्र क्लेम राशि उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्तरों पर निरंतर समन्वय और प्रभावी पैरवी की गई, जिसके फलस्वरूप भुगतान प्रक्रिया में उल्लेखनीय प्रगति संभव हो सकी।
*किसानों को मिलेगा आर्थिक संबल*
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को समयबद्ध क्लेम भुगतान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है। इस भुगतान से प्रभावित किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग मिलेगा तथा आगामी फसल सीजन की तैयारियों में भी सुविधा होगी।
*प्रधानमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार*
इस उपलब्धि पर पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे एवं झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने किसानों के हित में फसल बीमा क्लेम राशि के शीघ्र भुगतान की दिशा में सहयोग और संवेदनशील पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की किसान हितैषी नीतियों और समन्वित प्रयासों से किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराने की यह प्रक्रिया आगे भी प्रभावी रूप से जारी रहेगी।
जिले में क्लेम भुगतान की यह प्रगति प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और किसान हितों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। प्रशासन द्वारा भी भुगतान प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि पात्र किसानों को क्लेम राशि शीघ्र प्राप्त हो सके।
——00——
DIPR, Department of Information & Public Relations, Rajasthan
Bhajanlal Sharma
CMO Rajasthan
Government of Rajasthan