13/08/2026
🔹️हर घर तिरंगा अभियान के तहत 14 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा रैली
🔹️फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड से प्रातः 9:30 बजे होगा शुभारंभ, शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी रैली
🔹️तिरंगा रैली की व्यवस्थाओं को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में सामूहिक बैठक संपन्न
कटनी — राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन कटनी द्वारा 14 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से होगा। रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रहेगी।
तिरंगा रैली के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर नगर निगम कार्यालय में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की तैयारियों, निर्धारित मार्ग तथा नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे गए।
🔹️सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
बैठक में रैली के दौरान साफ-सफाई, अतिक्रमण हटाने, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वागत स्टॉल तथा पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रैली मार्ग को व्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने के साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने रैली में व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि तिरंगा रैली राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का भव्य संदेश देने वाला आयोजन बन सके।
🔹️यह रहेगा तिरंगा रैली का रूट
तिरंगा रैली फॉरेस्टर प्लेग्राउंड से प्रारंभ होकर गांधी द्वार, जैन मंदिर, खेर माता मंदिर, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, सुभाष चौक होते हुए मोहन टॉकीज रोड से पुनः फॉरेस्टर प्ले ग्राउंड पहुंचेगी, जहां रैली का समापन होगा। रैली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता और देशभक्ति की भावना से जुड़ने का संदेश दिया जाएगा।
🔹️निगमायुक्त ने की अधिक से अधिक सहभागिता की अपील
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगर वासियों से हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा 14 अगस्त को आयोजित तिरंगा रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा रैली में सहभागिता केवल एक आयोजन का हिस्सा बनना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय उत्सव को उत्साह एवं गौरव के साथ मनाने का आह्वान किया।
🔹️इनकी रही मौजूदगी
बैठक में एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, कोतवाली टी आई राखी पांडे, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, यातायात प्रभारी अनूप सिंह, सहायक संचालक राजेश अग्रहरि, प्राचार्य तिलक कॉलेज सुनील बाजपेयी, जनपद पंचायत सीईओ प्रदीप सिंह, तहसीलदार कटनी, नगर निगम उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#हरघरतिरंगा #तिरंगारैली #तिरंगा #देशभक्ति #राष्ट्रीयएकता #स्वतंत्रतादिवस #आजादीकाअमृतमहोत्सव #कटनी #नगरनिगमकटनी Department of Urban Development & Housing MP Jansampark Madhya Pradesh