03/09/2026
बांगरदा में "जनविश्वास अभियान" के तहत शिविर संपन्न ,लगभग डेढ़ हजार ग्रामीणों की समस्याओं का हुआ निराकरण
---
"मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान" के तहत पुनासा विकासखंड के ग्राम बांगरदा में गुरुवार को शिविर आयोजित किया गया । शिविर में क्षेत्रीय विधायक श्री नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री अगम जैन, जिला पंचायत के सीईओ श्री ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर सुश्री श्रद्धा शुक्ला पुनासा के एसडीएम श्री पंकज वर्मा और गांव की सरपंच श्रीमती द्रौपदी बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। शिविर में संबोधित करते हुए मांधाता विधायक श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बच्चों के जन्म से लेकर वृद्धावस्था में मृत्यु तक जीवन की हर परिस्थिति में समाज के सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का ग्रामीणजन लाभ उठा सकें, इसी उद्देश्य से गांव गांव में "मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान" के तहत शिविर आयोजित किया जा रहे हैं। इन शिविरों में ग्रामीणजन अपने आवेदन देकर पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेड़े ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविरों में ग्रामीण जन आएं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की आयुष्मान भारत योजना से गरीब परिवारों को बड़े-बड़े शहरों के प्राइवेट अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक के इलाज की सुविधा मिल रही है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि शिविर में जरूर आए और अपने साथियों को भी शिविर में लाकर सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाएं।
कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने और ग्रामीणों को उनके गांव में ही सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गांव गांव में शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया जा रहे हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी ग्रामीणों से कहा कि वे स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में गर्भवती महिलाएं अपना हीमोग्लोबिन परीक्षण करवा सकती हैं। ग्रामीणजन ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और टीबी जैसी बीमारियों की जांच निशुल्क करवा सकते हैं। इन शिविरों में एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध है अब एक्स-रे करवाने के लिए गांव से जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं है।
कुल1563 ग्रामीणों के आवेदनों का हुआ निराकरण
बांगरदा शिविर में कुल 1563 ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मदद दी गई और उनके आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में राजस्व विभाग के 104, कृषि विभाग के 46, उद्यानिकी विभाग के 10, ग्रामीण विकास विभाग के 594, पशु चिकित्सा विभाग के 7, श्रम विभाग द्वारा 15, महिला एवं बाल विकास विभाग के 32 तथा ई-गवर्नेंस विभाग में 5 आवेदनों का निराकरण किया गया।
शिविर में इन ग्रामीणों को मिली मदद
शिविर में रघुवीर निवासी बांगरदा को राजस्व विभाग द्वारा खसरा नकल दी गई, जबकि तथा गोविंदा और उदय को ऋण पुस्तिका प्रदान की गई। इसके अलावा कलाबाई, मनीषा, शकरवाई, सीमा और चंचल को श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के तहत श्रम योगी कार्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही मीराबाई और सुल्तान को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में नरेंद्र निवासी गुलगांव रैयत तथा किशोर निवासी बांगरदा को ट्रैक्टर, अमित पुत्र श्री राम को नलकूप खनन के स्वीकृति पत्र, शिवराम पटेल को सॉइल हेल्थ कार्ड, बांगरदा निवासी सुलोचना बाई और बेबी रानी को संबल योजना के तहत अनुग्रह सहायता का स्वीकृति पत्र तथा तेजूबाई और तुलसीराम निवासी बांगरदा को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इसके अलावा तृषा और संतोषी को लाडली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा कमलाबाई देवड़ा और कमलाबाई सावनेर को पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Home Department of Madhya Pradesh