05/09/2026
कलेक्टर ने ई-क्लास का किया शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगा अनुभवी शिक्षकों के अध्यापन का लाभ
________________
जिले की करीब 80 शालाओं के 5 हजार विद्यार्थी होंगे लाभान्वित, बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर करने पर जोर
________________
शिक्षक दिवस पर मिशन बेंचमार्क के तहत सहायक आयुक्त ने प्राथमिक विद्यालय जैतापुर को भेंट किए पांच टेबल-कुर्सी सेट
________________
खरगोन 05 सितंबर 2026। जनजातीय क्षेत्र की हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-क्लास की शुरुआत शिक्षक दिवस के अवसर पर की गई। देवी अहिल्या शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, खरगोन परिसर में कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने फीता काटकर ‘‘लाइव क्लास’’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने गणित विषय की कक्षा का निरीक्षण किया और आवश्यक सुधार के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। शुभारंभ अवसर पर जिले की करीब 80 शालाओं के विद्यार्थी ई-क्लास से जुड़े।
इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. कविता आर्य एवं प्राचार्य श्री राजेन्द्र पाटीदार उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने ई-क्लास के माध्यम से अध्यापन कर रहे विद्यार्थियों के साथ बैठकर चर्चा की और उनकी आवश्यकताओं एवं अनुभवों की जानकारी ली।
सांदीपनि टेमला एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 का भी निरीक्षण
________________
ई-क्लास के शुभारंभ के बाद कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने सांदीपनि विद्यालय, टेमला पहुंचकर ई-कक्षा में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने इंटरएक्टिव पैनल के उपयोग एवं कक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2, खरगोन में ई-कक्षा का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों के साथ बैठकर संवाद किया।
कमजोर परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर फोकस
________________
कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद ने कहा कि ई-क्लास का प्रमुख उद्देश्य उन हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिनका परीक्षा परिणाम राज्य के औसत से कम रहा है। ई-क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों के अध्यापन का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी विषयगत समझ बेहतर होगी और आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सुधार आएगा।
ई-क्लास सुविधा से जिले के लगभग 5 हजार विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इसके लिए खरगोन के देवी अहिल्या शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में सेंट्रल कंट्रोल रूम एवं लाइव स्टूडियो तैयार किया गया है, जहां से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रोजेक्ट की नोडल अधिकारी जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. कविता आर्य तथा सहायक नोडल अधिकारी श्री अमित शर्मा द्वारा कक्षाओं के संचालन की व्यवस्थाएं संभाली जाएंगी।
मिशन बेंचमार्क के तहत पांच टेबल-कुर्सी सेट भेंट
________________
जिले में कोई भी विद्यार्थी जमीन पर बैठकर अध्ययन न करे, इस उद्देश्य से कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के मार्गदर्शन में ‘‘मिशन बेंचमार्क’’ संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत समाजसेवी संगठनों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सियां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसी क्रम में शिक्षक दिवस के अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. कविता आर्य ने अपनी माता की स्मृति में प्राथमिक विद्यालय जैतापुर के विद्यार्थियों के लिए पांच सेट टेबल-कुर्सी जिला कलेक्टर श्री गुरुप्रसाद के माध्यम से भेंट किए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुविधाजनक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है।