29/08/2026
_*खरगोन शहर में निकलने वाले भगवान सिद्धनाथ महादेव के शिव डोला चल समारोह को लेकर खरगोन पुलिस अलर्ट*_ 🚨 🚔 👮🏻♂️
• *पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम खरगोन में शिवडोला ड्यूटी में पुलिस अधिकारियों की मीटिंग*
• *नागरिकों की सुरक्षा के दृष्टिगत शिवडोला मार्ग व शहर के संवेदनशील मार्गों से निकला गया फ्लैग मार्च, पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात*
• *शहर को 09 सेक्टर में किया विभाजित, प्रत्येक सेक्टर के प्रभारी रहेंगे डीएसपी*
• *QRT टीम, मोटर साइकल पार्टी एवं मोबाईल पार्टी के द्वारा शिव डोले में सतत भ्रमण कर मनचलो एवं असामाजिक तत्वों पर की जाएगी कार्यवाही, सम्पूर्ण शिवडोला मार्ग पर सीसीटीव्ही एवं ड्रोन कैमरा से रखी जाएगी निगरानी*
• *QRF (Quick Response Force), STF (Special Task Force) एवं SAF (Special Armed Force) सहित एक हजार पुलिसकर्मी/ड्यूटीरत स्टाफ रहेगा तैनात*
• *सोशल मीडिया पर निगरानी हेतु विशेष टीम गठित, भ्रामक व आपत्तिजनक पोस्ट करने एवं वाइरल करने वालों पर की जाएगी सख्त कार्यवाही*
प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दिनांक 30 अगस्त 2026 को खरगोन शहर में भगवान सिद्धनाथ महादेव का भव्य शिवडोला चल समारोह आयोजित किया जाएगा । चल समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खरगोन पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है ।
पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम खरगोन में शिवडोला ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई । बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा शिवडोला मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था एवं सेक्टरवार ड्यूटी की जानकारी अधिकारियों को दी गई । साथ ही अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल, अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुन्तला रुहल सहित समस्त डीएसपी एवं थाना प्रभारियों से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
शिवडोला चल समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए खरगोन शहर को 09 सेक्टरों में विभाजित किया गया है । प्रत्येक सेक्टर में डीएसपी स्तर के अधिकारी को सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया गया है । इसके अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल पार्टियां एवं अन्य सुरक्षा दल लगातार भ्रमण करते हुए कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगे ।
शिवडोला चल समारोह को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए एक हजार से अधिक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं ड्यूटीरत स्टाफ तैनात रहेगा । जिले के अतिरिक्त अन्य जिलों एवं पुलिस इकाइयों से भी पर्याप्त पुलिस बल प्राप्त हुआ है । इसमें QRF (Quick Response Force), STF (Special Task Force) एवं SAF (Special Armed Force) के बल के साथ-साथ खंडवा, बड़वानी, धार, झाबुआ, अलीराजपुर एवं बुरहानपुर सहित अन्य जिलों से प्राप्त पुलिस बल शामिल है । चल समारोह के दौरान QRT टीम, मोटरसाइकिल पार्टी एवं मोबाइल पुलिस पार्टियां लगातार भ्रमण करेंगी । इनके द्वारा मनचलों, असामाजिक तत्वों एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।
शिवडोला चल समारोह के पूरे मार्ग पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं । इन कैमरों के माध्यम से पुलिस कंट्रोल रूम स्थित CCTV कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखी जाएगी । इसके अतिरिक्त ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे शिवडोला मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों की निगरानी की जाएगी ।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक, सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वाले अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले संदेश, फोटो, वीडियो एवं पोस्ट की निगरानी के लिए विशेष सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम गठित की गई है । टीम द्वारा व्हाट्सएप, फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी जाएगी ।
पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने, प्रसारित करने या वायरल करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी ।
नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा शिवडोला मार्ग एवं शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया । संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल को बलवा ड्रिल सामग्री के साथ तैनात किया जाएगा ।
*खरगोन पुलिस की नागरिकों से अपील*
खरगोन पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि भगवान सिद्धनाथ महादेव के शिवडोला चल समारोह को सामाजिक समरसता, सद्भाव एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं । किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा आपत्तिजनक सामग्री पर विश्वास न करें तथा उसे आगे प्रसारित न करें ।
चल समारोह के दौरान पुलिस द्वारा जारी यातायात डायवर्जन, पार्किंग एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें ।
Madhya Pradesh Police Home Department of Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh DIG khargone PRO Jansampark Khargone Collector Khargone