02/06/2026
विश्व क्लब फुट दिवस पर जिला चिकित्सालय खरगोन में विशेष पहल
________________
नवजातों को मिला निःशुल्क उपचार, 4 बच्चों का प्लास्टर, 4 को ब्रेसेस
________________
समय पर इलाज से पूरी तरह सामान्य हो सकता है बच्चा
________________
खरगोन 02 जून 2026। विश्व क्लब फुट दिवस के अवसर पर शासकीय जिला चिकित्सालय खरगोन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) अंतर्गत अनुष्का फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्लब फुट जैसी जन्मजात विकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं प्रभावित बच्चों को समय पर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान क्लब फुट से प्रभावित 04 नवजात बच्चों का प्लास्टर उपचार (कास्टिंग) किया गया, वहीं 04 बच्चों को उपचार के अगले चरण के लिए विशेष प्रकार के जूते (ब्रेसेस) प्रदान किए गए। इस अवसर पर हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक वास्के, डीईआईसी मैनेजर श्री विनोद पवार, डॉ. शुभम महाजन एवं अनुष्का फाउंडेशन से श्री मनोज यादव उपस्थित रहे।
उपचार प्राप्त करने वाले बच्चों में गीता व मनीषा (आयु 22 दिन) ग्राम सिरवेल महादेव तहसील भगवानपुरा, साक्षी (आयु 19 दिन) ग्राम चिपीपुरा तहसील सेगांव तथा वासु (आयु 45 दिन) ग्राम झिरन्या तहसील झिरन्या शामिल रहे, जिनका सफलतापूर्वक प्लास्टर उपचार किया गया।
क्या होता है क्लब फुट?
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक वास्के ने बताया कि क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है, जिसमें नवजात शिशु के एक या दोनों पैर अंदर व नीचे की ओर मुड़े होते हैं। यदि समय पर उपचार न कराया जाए तो भविष्य में चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है। यह समस्या जन्म के समय ही दिखाई देती है और इसका उपचार पूरी तरह संभव है।
कब और कैसे होता है उपचार?
विशेषज्ञों ने बताया कि क्लब फुट का उपचार जन्म के तुरंत बाद या जीवन के प्रारंभिक सप्ताहों में शुरू करना सबसे प्रभावी रहता है। पोंसेटी विधि के माध्यम से क्रमिक प्लास्टर लगाए जाते हैं, आवश्यकतानुसार छोटी शल्य प्रक्रिया (टेनोटॉमी) की जाती है तथा बाद में विशेष जूते एवं बार (ब्रेसेस) पहनाए जाते हैं, जिससे विकृति की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
डीईआईसी मैनेजर श्री विनोद पवार ने जानकारी दी कि जिला चिकित्सालय खरगोन में प्रत्येक मंगलवार को क्लब फुट क्लिनिक का संचालन किया जाता है, जहां जांच, परामर्श, प्लास्टर उपचार, फॉलोअप एवं आवश्यकतानुसार विशेष जूतों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।
स्वास्थ्य विभाग की अपील-
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी नवजात शिशु के पैर जन्म से टेढ़े या मुड़े हुए दिखाई दें, तो उपचार में देरी न करें और तत्काल जिला चिकित्सालय खरगोन के क्लब फुट क्लिनिक से संपर्क कर समय पर एवं निःशुल्क उपचार सुनिश्चित करें, ताकि बच्चा स्वस्थ और सामान्य जीवन जी सके।