29/08/2026
मथुरा में ‘लुटेरी दुल्हन’ गैंग का खुलासा!
शादी के नाम पर ठगी का खेल! 1.15 लाख रुपये लेकर दुल्हन फरार, सुरीर पुलिस ने तीन को दबोचा
मथुरा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है…
जहां शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित गिरोह का सुरीर पुलिस ने खुलासा किया है।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के साथ एक कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 45 हजार 10 रुपये की नकदी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने थाना सुरीर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए गए।
इसके बाद उसे अलीगढ़ के पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती के साथ शादी कराई गई। शादी के बाद युवती को चंद्रभान के साथ उसके गांव भेज दिया गया।
लेकिन गांव पहुंचने के बाद आरोप है कि युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई।
शिकायत के बाद सुरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास पेड़ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर पुत्र दुर्गा, निवासी अग्रयाला, थाना शेरगढ़, उम्र करीब 48 वर्ष…
इरफान पुत्र इकबाल, निवासी डींग गेट नई बस्ती, थाना गोविंद नगर, उम्र करीब 28 वर्ष…
और कथित लुटेरी दुल्हन काजल उर्फ रूबीना शामिल है।
पुलिस ने सुंदर के कब्जे से 15 हजार 500 रुपये और रियलमी मोबाइल,
इरफान से 22 हजार 10 रुपये और रियलमी मोबाइल,
जबकि युवती के कब्जे से 7 हजार 500 रुपये और सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वहीं, इस पूरे मामले को लेकर सीओ मांट अमरनाथ यादव ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।