01/03/2026
विगत दो दिनों 27 व 28 फरवरी 2026, से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मा. मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से तथा मा. मंत्री जी डॉ. संजय कुमार निषाद जी के मार्गदर्शन में लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय मीन महोत्सव एवं एक्वा एक्सपो 2026 का कल 28 फरवरी 2026 को महानिदेशक मत्स्य श्रीमती धनलक्ष्मी के. की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
दोनों दिन कार्यक्रम में भारी जनसैलाब रहा । 27–28 फरवरी को आयोजित इस महोत्सव में प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 5000 मत्स्य पालकों, हितग्राहियों, उद्यमियों, निवेशकों एवं वैज्ञानिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी उन्नयन एवं निवेश संभावनाओं को सशक्त मंच प्रदान किया गया।
महोत्सव के दौरान मत्स्य विभाग द्वारा आयोजित विशेष निवेशक बैठक में लगभग 1250 करोड़ रुपये के निवेश का आश्वासन भी प्राप्त हुआ, जिससे लगभग 1400 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 8 सत्र आयोजित किए गए, उत्पादन वृद्धि के उपायों पर विस्तृत संवाद किया। जिसमे विभिन्न राज्यों के विशेषज्ञ असम, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, बिहार एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे थे।
कार्यक्रम के दोनों दिन लगभग 50 प्रतिष्ठित स्टॉल कंपनियों द्वारा औद्योगिक प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनमें आधुनिक उपकरण, फीड, हैचरी तकनीक, प्रोसेसिंग एवं वैल्यू एडिशन से संबंधित उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। बैनर, पोस्टर, स्टैंडी, हैंडबिल, ब्रोशर, पम्पलेट, एलसीडी प्रोजेक्टर एवं पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम का वेबकास्टिंग एवं यूट्यूब चैनल के माध्यम से प्रदेश के सभी 75 जनपदों में सीधा प्रसारण किया गया, जिससे हजारों मत्स्य पालकों एवं उद्यमियों को लाभ मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मा. राज्य मंत्री मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी और पंचायती राज भारत सरकार प्रोफेसर एस.पी.सिंह बघेल, मां मत्स्य मंत्री उ.प्र. सरकार, चेयरमैन उ.प्र. मत्स्य विकास निगम लि., श्री रमाकान्त निषाद, चेयरमैन उ.प्र. मत्स्य जीवी सहकारी संघ लि., श्री वीरू साहनी, मा. मुख्यमंत्री उ.प्र. सरकार के मुख्य सलाहकार, श्री अवनीश कुमार अवस्थी, मा. मुख्यमंत्री उ.प्र. सरकार के आर्थिक सलाहकार, श्री के.वी. राजू, मा. मुख्यमंत्री उ.प्र. सरकार के सलाहकार श्री जे.एन.सिंह, अपर मुख्य सचिव मत्स्य पशुपालन एवं दुग्ध विकास श्री मुकेश कुमार मेश्राम, महानिदेशक मत्स्य श्रीमती धनलक्ष्मी के. सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, देश-प्रदेश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक एवं उद्यमी उपस्थित रहे।
मा. मंत्री जी डॉ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय मीन महोत्सव एवं एक्वा एक्सपो 2026 कराया गया। मीन महोत्सव एवं एक्वा एक्सपो 2026 की अभूतपूर्व सफलता एवं प्रदेश में उपलब्ध अपार मत्स्य संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए आगामी दिनों में मा. मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में मीन महाकुंभ का आयोजन कराया जाएगा, जो मत्स्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर सिद्ध होगा।