29/07/2026
कुशीनगर के केले के रेशे से बने उत्पाद – नवाचार और सतत विकास की पहचान
कुशीनगर में केले के तने से प्राप्त मजबूत एवं टिकाऊ रेशों का उपयोग कर विभिन्न पर्यावरण-अनुकूल उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इन रेशों से बने बैग, चटाइयां, रस्सियां एवं सजावटी वस्तुएं अपनी उपयोगिता, आकर्षक बनावट और प्राकृतिक स्वरूप के कारण व्यापक रूप से पसंद की जाती हैं।
इन उत्पादों के निर्माण में केले के तने को काटना, उसका बाहरी हिस्सा हटाना, रेशों को निकालना, साफ करना, सुखाना, बुनाई तथा फिनिशिंग जैसी विभिन्न प्रक्रियाएं शामिल होती हैं। केले के तने का उपयोग कर तैयार ये उत्पाद कृषि अवशेषों के बेहतर उपयोग और शून्य अपशिष्ट की अवधारणा को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, कुशीनगर में केले से चिप्स, जूस एवं अन्य खाद्य उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं, जिससे केले की उपज का मूल्य संवर्धन होता है और स्थानीय प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत कारीगरों, किसानों, इकाइयों एवं उद्यमों को प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरण, वित्तीय सहायता, डिजाइन विकास, गुणवत्ता संवर्धन, ब्रांडिंग एवं विपणन सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इन प्रयासों से कुशीनगर के केले के रेशे से बने उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी नई पहचान बना रहे हैं तथा स्थानीय रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
MYogiAdityanath | Chief Minister Office Uttar Pradesh | Bhupendra Singh | Government of UP