28/07/2026
दिनाँक 27 जुलाई को बिरजू महाराज कथक संस्थान द्वारा आयोजित कथक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. हरिओम जी, प्रमुख सचिव, व्यवसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमिता विभाग, उ0प्र0, संस्थान की अध्यक्ष डॉ. कुमकुम धर जी, उपाध्यक्ष डॉ. मिथिलेश तिवारी जी तथा अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, श्री जयंत खोत जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। डॉ हरिओम जी ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में संस्थान की भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा राग मियां मल्हार में निबद्ध बंदिश ‘‘बिजुरी चमके बरसे मेहरवा’’ के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में संगीत संयोजन संस्थान के प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। इस क्रम में हारमोनियम- सुश्री मीना वर्मा, सिंथेसाइजर- श्री कृष्ण कुमार मौर्य, तबला- श्री नीतीश भारती एवं श्री आनंद दीक्षित एवं बांसुरी- श्री स्वयं मिश्रा ने अपने सहयोग से प्रस्तुति को सार्थक और सुंदर बनाया। इसके उपरांत जयपुर घराने के सुप्रसिद्ध कथक कलाकार श्री चेतन कुमार जवड़ा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ शिव स्तुति ‘‘हे अमरनाथ, हे विश्वनाथ’’ से किया। इसके पश्चात ताल बसंत (9 मात्राएँ) प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन द्रुत तीनताल की ऊर्जावान प्रस्तुति से हुआ, जिसमें प्रभावशाली पद-संचालन एवं आकर्षक गतियों ने दर्शकों की भरपूर प्रशंसा प्राप्त की।प्रस्तुति में श्री रमेश मेवाल ने गायन एवं हारमोनियम, श्री भावदीप जवड़ा ने पखावज एवं पढ़ंत तथा श्री मोहित चैहान ने तबले पर प्रभावशाली संगत कर कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बनाया।
कथक प्रस्तुति के उपरांत संस्थान के अभिरुचि पाठ्यक्रम के सफल विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि, व संस्थान की अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मंच संचालन सुश्री तरूश्री जी द्वारा किया गया।
Department of Culture, Uttar Pradesh
https://dainik.bhaskar.com/y6wuF1DA74b?ref=MjAwMDA5ODUzMzc4NjcyNjQwMA%3D%3D